- PM मोदी 13 मार्च को असम के कोकराझार में सरकारी कार्यक्रमों का उद्घाटन करेंगे और एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे
- गृह मंत्री अमित शाह 15 मार्च को गुवाहटी में असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की विशाल रैली का आयोजन करेंगे
- केंद्रीय चुनाव आयोग 15 मार्च के बाद असम समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर सकता है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम का दौरा करने वाले हैं. वे बोडोलैंड टेरीटोरियल एरियाज डिस्ट्रिक्ट के कोकराझार में कुछ बड़े सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. पीएम मोदी यहां एक बड़ी रैली को भी संबोधित करेंगे. गृह मंत्री अमित शाह भी इस महीने की 15 तारीख को गुवाहटी में एक बड़ी रैली कर असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के चुनाव अभियान का श्रीगणेश करेंगे. बीजेपी सूत्रों के अनुसार, यह एक विशाल रैली होगी जिसमें डेढ़ लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की संभावना है.
कई राज्यों के दौरे पर अमित शाह
माना जा रहा है कि केंद्रीय चुनाव आयोग 15 मार्च के बाद कभी भी असम समेत पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम का ऐलान कर सकता है. उससे ठीक पहले बीजेपी के दिग्गज नेताओं की ओर से इन राज्यों में चुनावी माहौल गर्माया जाएगा. संसद के बजट सत्र का दूसरा हिस्सा नौ मार्च से शुरू हो रहा है. संसद की व्यस्तता के बावजूद गृह मंत्री अमित शाह कई राज्यों के अहम दौरे पर रहने वाले हैं.
अमित शाह का शेड्यल
अमित शाह पांच मार्च को ओडिशा के दो दिन के दौरे पर रहेंगे. वे पांच मार्च की रात को भुवनेश्वर पहुंचेंगे और छह मार्च को कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इसके बाद अगले दिन यानी सात मार्च को उनका उत्तराखंड जाने का कार्यक्रम है. दरअसल, राज्य में पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्यमंत्री चार साल पूरे कर रहे हैं. इस मौके पर हरिद्वार में खास कार्यक्रम विकास संकल्प पर्व आयोजित किया जा रहा है. गृह मंत्री शाह इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उसके अगले दिन आठ मार्च को गृह मंत्री अमित शाह का गुजरात जाने का कार्यक्रम हैं. वहां वे अपने मंत्रालयों से जुड़े कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के अलावा पार्टी के कुछ कार्यक्रमों में भी शरीक होंगे.
ये भी पढ़ें :- PM मोदी के नाम एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड, 30 मिलियन सब्सक्राइबर्स के साथ बने डिजिटल दुनिया के बेताज बादशाह
गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को पंजाब का दौरा करेंगे. वहां मोगा में बीजेपी ने एक बड़ी रैली का आयोजन किया है. राज्य के अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इसे बीजेपी के चुनाव अभियान के प्रारंभ के तौर पर देखा जा रहा है. इस महीने के अंत में उनका पूर्वोत्तर का एक दौरा और भी हो सकता है.
ये भी पढ़ें :- Exclusive: 'ग्रेट फ्रेंड PM मोदी से बात की, इजरायल को समर्थन के लिए उनका धन्यवाद', NDTV से बोले नेतन्याहू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं