- PM मोदी ने मन की बात के 135वें एपिसोड में सोना नहीं खरीदने और ईंधन बचाने की अपनी अपील का सकारात्मक असर बताया.
- कई परिवारों ने अपने अनुभव साझा किए और घर के विवाह में इस बार सोना न खरीदने का फैसला किया है.
- पीएम मोदी ने लोगों से कार पूलिंग को बढ़ावा देने और किसानों से रसायन मुक्त खेती करने की भी अपील की.
पीएम मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल बचाने वाली अपील के असर पर चर्चा की. पीएम मोदी ने कहा, 'देश के हर नागरिक का आभारी हूं कि मेरी अपील का उन्होंने न सिर्फ समर्थन किया बल्कि उसमें सहयोग कर रहे हैं. कई परिवारों ने अपने अनुभव मेरे साथ साझा किए हैं. कई परिवारों ने तय किया है कि घर के विवाह में सोना नहीं खरीदेंगे. जरूरत हुई तो वे पुराने सोने को ही रिसाइकल करेंगे. कई लोगों ने कार पूलिंग के अनुभव भी साझा किए हैं. एक ही दिशा में अलग-अलग साधनों से जाने वाले लोग अब साथ जा रहे हैं. मुझे इस बात की खुशी है कि हम भारतीय इस संकट से मिलकर मुकाबला कर रहे हैं.'
मालूम हो कि पीएम मोदी ने ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध के कारण उपजे वैश्विक संकट के बीच बीते दिनों पेट्रोल-डीजल बचाने, एक साल तक सोना नहीं खरीदने, कार पुलिंग की अपील की थी. आज मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने इस अपील की असर पर बात की.
Sharing this month's #MannKiBaat. Do hear as we discuss various subjects. https://t.co/iPlqPndKlS
— Narendra Modi (@narendramodi) June 28, 2026
कई परिवारों ने तय किया कि सोना नहीं खरीदेंगेः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'मैंने कहा था कि जहां तक संभव हो, कुछ समय के लिए सोना खरीदने से बचें. लोगों से कहा था कि विदेश में छुट्टियां मनाने से बचें, मैंने लोगों से कार पूलिंग को भी बढ़ावा देने की अपील की थी, मैंने किसानों से रसायन मुक्त खेती के लिए, खेत बचाने के लिए और प्राकृतिक खाद का ज्यादा-से-ज्यादा इस्तेमाल का आग्रह किया था... मुझे कई परिवारों ने संदेश भेजकर अपने अनुभव साझा किए हैं. कितने ही परिवारों ने तय किया है कि घर के विवाह में इस बार सोना नहीं खरीदेंगे. जरूरत पड़ी तो पुराने सोने से नए गहने बना लेंगे...'
नेवी को मिले तीन नए जहाजों पर मन की बात में पीएम मोदी ने कहा, 'जून के महीने में भी देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनसे हर नागरिक को गर्व महसूस होता है. ये उपलब्धियां देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हैं. हाल ही में, मुझे कोलकाता में नौसेना के एक कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला. वहां, INS दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया...'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं