विज्ञापन

काशी में दिखा भारत का दम, गंगा के ऊपर राफेल-सुखोई की गर्जना, नजारा देख दंग रह गई दुनिया

PM मोदी रविवार को वाराणसी के नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के पर आयोजित भव्य ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में हिस्सा लिया.

  • PM ने वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एयर शो में भाग लिया.
  • एयर शो में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने आसमान में ‘V’ और ‘ॐ’ आकृतियां बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया.
  • इस कार्यक्रम में सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, सारंग हेलीकॉप्टर और चिनूक हेलीकॉप्टर जैसे 100 विमान शामिल थे.

PM मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य ‘एयर शो' में भाग लिया. नमो घाट पर आस्था, रोमांच और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. कार्यक्रम में PM मोदी वायुसेना की कैप और काला चश्मा पहने नजर आए. उनके साथ उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे.

शानदार एयर शो के साक्षी बने PM

एयर शो के दौरान सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के विमानों ने अंग्रेजी अक्षर ‘V' बनाते हुए आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरे. वहीं, एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने ‘ॐ' की आकृति उकेरते हुए राष्ट्रीय ध्वज के साथ उड़ान भरकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. ‘विंग्स ओवर गंगा' के तीसरे और अंतिम दिन आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पीएम मोदी की मौजूदगी ने उत्साह को और बढ़ा दिया. उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में काशीवासी नमो घाट पर जुटे और एयर शो के शानदार प्रदर्शन का साक्षी बने.

हवाई प्रदर्शन में सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी तेजस जैसे विमानों ने हिस्सा लिया. सूर्य किरण हवाई करतब दल ने आसमान में सटीक आकृतियां बनाकर और समन्वित उड़ान का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया, जबकि सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल ने अपने हवाई करतबों से लोगों का मन मोह लिया.

चिनूक हेलीकॉप्टर इस शो के मुख्य आकर्षण रहे

इस एयर शो में 100 विमान शामिल हैं, जिनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक हेरिटेज (विरासत) विमान शामिल हैं. चिनूक हेलीकॉप्टर और ‘सूर्य किरण' एयरोबैटिक टीम के करतब इस शो के मुख्य आकर्षण रहे.

‘एयर शो' में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की नयी परिधान विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया. अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना और भारत के वस्त्र एवं परिधान निर्माण क्षेत्र को मजबूती देना है. सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने ‘हर हर महादेव' और ‘जय श्री राम' के जयकारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया. मोदी ने भी इस दौरान वाहन के पायदान पर खड़े होकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया.

ये भी पढ़ें : ऑपरेशन सिंदूर ने साबित किया कि कोई भी टारगेट हमसे दूर नहीं, कहीं भी कर सकते हैं हमला: एयरफोर्स चीफ एपी सिंह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pm Modi In Kashi, Surya Kiran Aerobatic Team, Varanasi Air Show, Varanasi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com