- पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव के कारण भारत में LPG की कथित किल्लत की खबरें आईं
- गूगल ट्रेंड्स के अनुसार, मार्च में LPG सिलेंडर बुकिंग और इंडक्शन स्टोव को लेकर सर्चिंग में भारी वृद्धि हुई है
- LPG सिलेंडर बुकिंग से जुड़े टर्म्स की सबसे अधिक सर्चिंग पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, यूपी और चंडीगढ़ में हुई
पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही जंग के कारण भारत में भी कथित तौर पर LPG की किल्लत सामने आई है. देश के कई हिस्सों में लोग LPG सिलेंडर लिए लाइन में खड़े हुए दिखाई दिए. सरकार ने साफ किया है कि LPG की कोई किल्लत नहीं है लेकिन लोगों में डर बना हुआ है. LPG की कथित किल्लत के बीच गूगल लोगों का सहारा बना. गूगल ट्रेंड्स के अनुसार, गूगल पर LPG को लेकर काफी सर्चिंग हुई.
गूगल ट्रेंड्स का डेटा बताता है कि जैसे-जैसे LPG की कथित किल्लत की खबरें आने लगीं, वैसे-वैसे गूगल पर इसे लेकर सर्चिंग बढ़ती गई. इतना ही नहीं, लोगों ने गूगल पर इंडक्शन स्टोव के बारे में भी खूब सर्च किया.
LPG को लेकर गूगल पर क्या सर्चिंग?
गूगल ट्रेंड्स पर जब हमने 'Cylinder Booking' से जुड़ी सर्चिंग का डेटा खंगाला तो पता चला कि 6 मार्च के बाद से इस सर्च टर्म की सर्चिंग काफी बढ़ने लगी.
गूगल पर किसी कीवर्ड या टर्म की सर्चिंग कब और कितनी ज्यादा रही, इसे वह 0 से 100 के स्केल पर फिट करता है. अगर किसी टॉपिक सर्चिंग किसी दिन 100 के स्तर पर रहती है तो पता चलता है कि उस दिन ये टॉपिक सबसे ज्यादा सर्च किया गया.

'Cylinder Booking' की सबसे ज्यादा सर्चिंग 12 मार्च को रही. उस दिन इस कीवर्ड की सर्चिंग का स्तर 100 पर था. इसकी सबसे ज्यादा सर्चिंग पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ में हुई.
गूगल पर लोगों ने गैस सिलेंडर बुक करने के तरीकों के बारे में ज्यादा सर्च किया. गूगल पर 'cylinder booking number', 'how to book lpg cylinder', 'indane gas booking WhatsApp number', 'how to book hp gas cylinder' और 'indane gas booking toll free number' ढूंढा गया.

इसके अलावा, गूगल पर 'induction cooktop' की सर्चिंग भी खूब बढ़ी है. 12 मार्च को ही इसकी सर्चिंग का स्तर 100 पर था. गूगल पर लोग '2000 watt induction cooktop', 'Hawkins induction', 'Philips hd4928', 'Philips viva induction', 'dual induction cooktop' और '5 star rating induction cooktop' को सर्च कर रहे हैं.
अब कैसे हैं हालात?
28 फरवरी को ईरान युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट लगभग बंद हो गया है. हालांकि, वहां से अब तक LPG वाले 4 भारतीय टैकरों को निकलने की इजाजत मिल चुकी है. दो टैंकर- शिवालिक और नंदा देवी पिछले हफ्ते भारत आ गए थे. अब दो और टैंकर- पाइन गैस और जग वसंत भी दो-ढाई दिन में पहुंच जाएंगे.
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भारत में तेल-गैस की सप्लाई में रुकावट जरूर आई, लेकिन अब हालात थोड़े सुधर रहे हैं. सरकार ने कमर्शियल LPG का कोटा भी अब बढ़ा दिया है. संकट के कारण कमर्शियल LPG का कोटा 20% कर दिया गया था, ताकि घरेलू रसोई के लिए गैस रहे. लेकिन अब इसे बढ़ाकर 50% कर दिया गया है.
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि देश अपनी जरूरत की 60% LPG आयात करता है, इसकी सप्लाई में अनिश्चिता के कारण सरकार ने LPG के डोमेस्टिक उपयोग को प्राथमिकता दी है, साथ ही LPG के देश में ही उत्पादन को भी बढ़ाया जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं