विज्ञापन
23 days ago
नई दिल्ली:

Parliament Special Session 2026 : लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को संसद के निचले सदन में पारित नहीं हो पाया.
सदन में ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026', पर हुए मत विभाजन के दौरान इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े. लोकसभा में किसी भी संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है.

सरकार ने इस विधेयक के साथ ‘परिसीमन विधेयक, 2026' और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026' को भी सदन में चर्चा और पारित कराने के लिए रखा था, लेकिन उन्हें भी आगे नहीं बढ़ाया जा सका.

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने के बाद अब इससे संबंधित दोनों विधेयकों ‘परिसीमन विधेयक, 2026' और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026' को आगे नहीं बढ़ा सकते.

Parliament Special Session LIVE UPDATE:

महिला आरक्षण बिल गिरने पर देशभर में प्रदर्शन करेगा NDA

संसद भवन में एनडीए फ्लोर लीडर्स की बैठक समाप्त हो गई है. यह बैठक महिला आरक्षण को लेकर संविधान संशोधन विधेयक गिरने के बाद बुलाई गई थी. बैठक में विपक्ष के खिलाफ पूरे देश में अभियान चलाने का फैसला लिया गया. तय किया गया है कि जिन विपक्षी दलों के सांसदों ने इस बिल का विरोध किया है, उनके संसदीय क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे. यह अभियान एक सप्ताह के भीतर शुरू किया जाएगा.

महिला सांसदों ने संसद परिसर में धरना दिया

लोकसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पास न होने के बाद NDA की महिला सांसदों ने संसद परिसर में धरना दिया. उन्होंने 'महिलाओं का यह अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान' के नारे लगाए.

एनडीए नेताओं की बैठक खत्म

संसद भवन में चल रही एनडीए नेताओं की बैठक समाप्त हो गई है. यह बैठक लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक गिरने के बाद बुलाई गई थी. बैठक में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हुई.

लोग कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाएंगे... केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आज पूरे देश ने देखा कि कौन महिला आरक्षण के पक्ष में है और कौन महिला आरक्षण के खिलाफ है. कांग्रेस पार्टी के कारण देश ने ऐतिहासिक अवसर खो दिया. लोग कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाएंगे.

NDA नेताओं ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया

संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के लोकसभा में पारित न हो पाने पर NDA नेताओं ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया.

'हमने बिल को रोक दिया'- नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल गिरा, जानिए आंकड़ों में पूरी कहानी

महिलाओं के नाम पर, संविधान को तोड़ने के लिए.... राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'संशोधन विधेयक गिर गया. उन्होंने महिलाओं के नाम पर, संविधान को तोड़ने के लिए, असंवैधानिक तरकीब का इस्तेमाल किया. भारत ने देख लिया. INDIA ने रोक दिया. जय संविधान.

आपको जनगणना करानी पड़ेगी और फिर परिसीमन होगा... डिंपल यादव

समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि यह तो संविधान का प्रावधान है कि आपको जनगणना करानी पड़ेगी और फिर परिसीमन होगा, यह सरकार की तरफ से चूक हुई है. लेकिन अपनी चूक इन्होंने दूसरों के सर मढ़ने का काम किया है. यह सब भाजपा द्वारा पूरी तरह सुनियोजित था, क्योंकि वे जानते हैं कि समाजवादी पार्टी और संपूर्ण विपक्ष ने 2023 में महिला आरक्षण बिल को पास कराया था. ये परिसीमन को इसमें जोड़ना चाहते थे. देश की महिलाएं महंगाई से परेशान हैं, शिक्षा, सुरक्षा को लेकर जो हालात है उससे परेशान हैं. महिला विरोधी तो भाजपा है, इन्होंने जो OBC महिलाओं को आरक्षण देने से मना कर दिया, इन्हें OBC महिलाओं का आक्रोश उत्तर प्रदेश में देखना पड़ेगा.

यह भारतीय लोकतंत्र में काला दिन... शांभवी चौधरी

LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र में काला दिन है, जो महिलाएं सदियों से अपने हित के लिए लड़ रही थीं. जो महिलाएं आज सदन की तरफ देख रही थी उनका सपना टूट गया. नीच और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए कांग्रेस ने इस बिल को पारित नहीं होने दिया.

महिला आरक्षण के लिए हमारा समर्थन आज भी .... कार्ति चिदंबरम

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि हमने महिला आरक्षण बिल का पूरी तरह समर्थन दिया था जो 2023 में पारित हुआ था, जो बिल हारा है वह परिसीमन बिल है. महिला आरक्षण के लिए हमारा समर्थन आज भी है.

ये वोट महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है. ये वोट परिसीमन के खिलाफ : कांग्रेस सांसद शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हमने कहा था कि हम महिला आरक्षण के समर्थक हैं. लेकिन इसका परिसीमन से कोई लेना देना नहीं है. इन्हें अलग-अलग करें. ये वोट महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है. ये वोट परिसीमन के खिलाफ है.

कांग्रेस पार्टी और विपक्ष महिला विरोधी : केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और विपक्ष महिला विरोधी हैं और यह लोकतंत्र के लिए दुखद है. महिला आरक्षण बिल को पहले इन्होंने समर्थन दिया लेकिन फिर राजनीति करके कांग्रेस और विपक्ष ने महिलाओं को मिलने वाले आरक्षण में अवरोध पैदा किया.

लोकतंत्र के लिए, देश की अखंडता के लिए ये बड़ी जीत ; प्रियंका गांधी वाड्रा

संविधान संशोधन(131वां संशोधन) बिल के लोकसभा में पारित न होने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि महिला आरक्षण की बात नहीं थी, ये लोकतंत्र की बात थी, देश की अखंडता की बात थी. हम कभी इससे सहमत नहीं हो सकते कि आप महिला आरक्षण को इस तरह परिसीमन से जोड़ें कि वो पुरानी जनगणना पर चले जिसमें OBC शामिल भी नहीं है. ये मुमकिन नहीं था कि ये बिल पारित हो. देश के लोकतंत्र के लिए, देश की अखंडता के लिए ये बड़ी जीत है.

महिला आरक्षण को लेकर विरोध नहीं किया : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि हमने अपना पक्ष साफ रखा है. हम महिला आरक्षण के पक्ष में है, महिलाओं को आरक्षण मिले, उन्हें सुरक्षा मिले, उनका सम्मान बढ़े, लोकतंत्र में जो उनको स्थान मिलना चाहिए, हम उसके पक्ष में हैं. समाजवादी पार्टी या विपक्ष ने महिला आरक्षण को लेकर विरोध नहीं किया. लेकिन उसके साथ ये जो महिलाओं के अधिकारों का हरण करना चाहते थे, विपक्ष ने ऐसी लक्ष्मण रेखा खींची कि वे उस लक्ष्मण रेखा के पार नहीं आ पाए.

BJP का इवेंट मैनेजमेंट फेल... कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि BJP का इवेंट मैनेजमेंट फेल हो गया है. वे कभी आरक्षण देना ही नहीं चाहते थे.

यह महिलाओं के आरक्षण के बारे में नहीं... प्रियंका गांधी वाड्रा

संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के लोकसभा में पारित न हो पाने के बाद, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह महिलाओं के आरक्षण के बारे में नहीं, बल्कि लोकतंत्र के बारे में था. हम महिलाओं के आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने पर कभी सहमत नहीं हो सकते. यह संभव ही नहीं था कि यह विधेयक पारित हो पाता. यह हमारे देश में लोकतंत्र की एक बड़ी जीत है. जिन लोगों ने हाथरस, उन्नाव और मणिपुर में कोई कार्रवाई नहीं की, वे अब महिला-विरोधी मानसिकता की बात कर रहे हैं?"

हमने संविधान पर हुए इस हमले को हरा दिया : राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमने संविधान पर हुए इस हमले को हरा दिया है. हमने साफ तौर पर कहा है कि यह महिला आरक्षण बिल नहीं है, बल्कि यह भारत की राजनीतिक संरचना को बदलने का एक तरीका है.

परिसीमन के साथ हम इस बिल का समर्थन नहीं कर सकते : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन के साथ हम इस बिल का समर्थन नहीं कर सकते हैं. बिना परिसीमन के हम इस बिल का समर्थन कर रहे हैं. 

विपक्ष महिलाओं को अधिकार नहीं देना चाहता : किरण रिजिजू

किरण रिजिजू ने कहा कि विपक्ष महिलाओं को अधिकार नहीं देना चाहता, इसलिए उसने इस बिल के विरोध में वोट किया. उन्होंने यह भी कहा कि अब वह इस मुद्दे से जुड़ा बिल वापस ले रहे हैं. 

131वां संविधान संशोधन विधेयक खारिज

बिल के पहले चरण की वोटिंग में पक्ष में 298 और विपक्ष में 230 वोट पड़े। इसके साथ ही 131वां संविधान संशोधन विधेयक खारिज हो गया.

बिल के पहले फेज के वोटिंग में पक्ष में 298 और विपक्ष में 230 वोट पड़े हैं.

बिल के पहले फेज के वोटिंग में पक्ष में 278 और विपक्ष में 211 वोट पड़े हैं.

Parliament LIVE Updates: महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पेश, हो रही वोटिंग

लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल पेश किया गया है. केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने यह बिल सदन में पेश किया. फिलहाल इस पर वोटिंग हो रही है.

Parliament LIVE Updates: अमित शाह ने राहुल गांधी पर बोला तीखा हमला

गृहमंत्री अमित शाह ने नेता विपक्ष राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी पार्टी के नेताओं और प्रियंका गांधी से ही सीख लें कि संसद में कैसे बर्ताव करना होता है.

Parliament LIVE Updates: विपक्ष जनता के सामने निकल नहीं पाएगा: अमित शाह

अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध कर रहा है. यह पहली बार नहीं है. इन लोगों ने तीन तलाक जैसे कानून का भी विरोध किया था. अब आप जब के बीच निकल नहीं पाओगे.

Parliament LIVE Updates: विपक्ष ने महिला आरक्षण का भी विरोध किया: अमित शाह

अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों ने जो भी नरेंद्र मोदी कर रहे हैं उसका विरोध किया, बिना यह जाने कि ये अच्छा या बुरा है. मुझे लगा कि महिला आरक्षण का विपक्ष साथ देगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

Parliament LIVE Updates: कांग्रेस ने हमेशा महिला आरक्षण का विरोध किया: अमित शाह

सबसे पहले 1992 में संविधान संशोधन लेकर आए और महिलाओं को पंचायतों में 33 फीसदी आरक्षण देने का काम किया. वो कांग्रेस के प्रधानमंत्री थे, लेकिन कांग्रेस ने कभी स्वीकार नहीं किया उनको. इसके बाद 1996 में देवगौड़ा जी पीएम बने और उन्होंने भी संशोधन पेश किया. गीता मुखर्जी कमेटी बनी. रिपोर्ट आई तब तक लोकसभा का विघटन हो चुका था. 1999 से 2003 में फिर संशोधन विधेयक आया फिर उन्हीं पार्टियों ने विरोध किया. मनमोहन सरकार में भी बिल आया लेकिन राज्यसभा तक सीमित रहा, लोकसभा में नहीं आया. उस वक्त कांग्रेस की समर्थक पार्टियों ने ही मनमोहन सरकार के बिल का विरोध किया. इसके बाद 2023 में मोदी सरकार बिल लेकर आई, तब चुनाव की वजह से कांग्रेस ने विरोध नहीं किया. लेकिन अब यही कांग्रेस विरोध कर रही है.

Parliament LIVE Updates: मोदी सरकार में 27 मंत्री OBC के: अमित शाह

मोदी सरकार में 27 मंत्री ओबीसी समुदाय से हैं, जो 40 प्रतिशत है. सरकार ने ओबीसी कमिशन को संवैधानिक मान्यता दी. इसके अलावा 2014-28 तक 16 जातियों को ओबीसी में जोड़ा.

Parliament LIVE Updates: कांग्रेस OBC की सबसे विरोधी पार्टी: अमित शाह

इस देश में ओबीसी की सबसे विरोधी पार्टी कांग्रेस ही है. इन्होंने चौधरी चरण सिंह को अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने दिया. 1957 में काका कालेकर समिति का सुझाव आया ओबीसी आरक्षण का. कांग्रेस ने इस सुझाव को नहीं माना. 1980 में इंदिरा गांधी ने मंडल आयोग के सुझाव को ठंडे बस्ते में डाल दिया. 1990 में वीपी सिंह ने मंडल आयोग के सुझाव को मानकर आरक्षण दिया. कांग्रेस ने मंडल आयोग को विरोध किया.

Parliament LIVE Updates: मुस्लिम आरक्षण नहीं मिल सकता, संविधान में प्रस्ताव नहीं

अमित शाह ने कहा कि भारत का संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण का प्रावधान नहीं देता. आरक्षण उन लोगों के लिए है जो सामाजिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े हैं या एससी या एसटी वर्ग में पैदा हुए हैं. शाह ने कहा कि मुस्लिम आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं हो सकता. विपक्षी दल अपनी तुष्टिकरण की नीति के तहत इसकी मांग कर रहे हैं.

Parliament LIVE Updates: अगर BJP लिखकर दे दे कि हम महिला PM बनाएंगे तब भी भरोसा नहीं: अखिलेश यादव

अमित शाह के प्रस्ताव पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव खड़े हुए. उन्होंने कहा कि अगर BJP लिखकर दे दे कि हम महिला प्रधानमंत्री बनाएंगे तब भी भरोसा नहीं करेंगे.

Parliament LIVE Updates: एक घंटे में 50 फीसदी आरक्षण और 50 फीसदी सीटें बढ़ाने को तैयार: अमित शाह

अमित शाह के इस प्रस्ताव पर कांग्रेस सांसद ने सवाल किया कि क्या सरकार 50 फीसदी सीटें बढ़ाने और 50 फीसदी आरक्षण देने के लिए तैयार है? इस पर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हम इसके लिए तैयार हैं. सदन की कार्यवाही एक घंटे के स्थगित कर दिया जाए तो मैं उसमें यह प्रस्ताव पेश कर दूंगा.

Parliament LIVE Updates: एक घंटा दो 50% आरक्षण लिखित में दे देंगे... लोकसभा में अमित शाह ने कहा

लोकसभा में महिला आरक्षण पर चर्चा के दौरान विपक्ष के प्रदर्शन पर स्पीकर ने कहा अगर आप सहमत हो जाओ तो अभी बिल पेश कर देंगे. इसके बाद अमित शाह ने प्रस्ताव दिया कि अगर 50 फीसदी आरक्षण और 50 फीसदी सीटें बढ़ाने से विरोध बंद हो जाए तो मैं एक घंटे में यह प्रस्ताव पेश कर दूंगा.

Parliament LIVE Updates: उत्तर-दक्षिण नैरेटिव को लेकर विपक्ष पर अमित शाह का निशाना

कुछ लोग दक्षिण-उत्तर का नैरेटिव चला रहे हैं. मैं यह स्पष्ट कर देता हूं कि दक्षिण के राज्यों का इस सदन में उतना ही अधिकार है, जितना उत्तर के राज्यों का. किसी भी केंद्र शासित प्रदेश का उतना ही अधिकार है जितना यूपी बिहार जैसे राज्यों का है. यह उत्तर-दक्षिण नैरेटिव सफल नहीं होगा. इस तरह कभी सत्ता हासिल नहीं पाएंगे बाल सफेद हो जाएंगे.

Parliament LIVE Updates: जाति जनगणना का शुरुआत हो गई है, यह होकर रहेगी: अमित शाह

अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि हमने 2025 में कहा था कि हम जाति जनगणना कराएंगे. जनगणना में जाति का कॉलम है. जाति जनगणना होना सुनिश्चित है. केंद्र सरकार ने कैबिनेट में जो फैसला लिया है, उसमें जाति जनगणना कराने का प्रावधान है. इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ताली बजा रहे थे, इस पर शाह ने उन्हें टोका. उन्होंने कहा कि विपक्ष को जाति जनगणना से कोई लेनदेन नहीं है. उन्हें यहां बैठने से मतलब है. वो सत्ता में बैठना चाहते हैं, जो कभी नहीं हो पाएगा.

Parliament LIVE Updates: परिसीमन का प्रोसेस लंबा, 2029 तक हो पाएगा पूरा: अमित शाह

लोकसभा में अमित शाह ने विपक्ष के सवालों पर जवाब देते हुए बताया कि परिसीमन का प्रोसेस लंबा है. हम चाहकर भी इसे 2026 से पहले शुरू नहीं कर सकते थे. दरअसल 2001 में इसे 25 साल के लिए यानी 2026 तक के लिए फ्रीज कर दिया था. अब हम सीटों को बढ़ाने का काम शुरू करेंगे. अगले साल 2027 तक जनगणना के आंकड़े आना भी मुश्किल है. ऐसे में परिसीमन का काम 2029 तक ही हो पाएगा

Parliament LIVE Updates: अमित शाह ने समझाया परिसीमन का पूरा इतिहास

सबसे पहले 1972 में इंदिरा गांधी सरकार ने परिसीमन विधेयक लाकर 525 से 545 किया और इसे फ्रीज किया. इमरजेंसी के समय परिसीमन पर कानून लाकर इस पर रोक लगाई. उस वक्त भी कांग्रेस ने देश की जनता को परिसीमन से वंचित रखा था और आज भी कांग्रेस ही जनता को परिसीमन से वंचित रख रही है. 2001 में परिसीमन के बाद 2026 तक सीटों की संख्या को फ्रीज कर दिया. 1976 से लेकर 2026 तक 50 वर्षों तक देश की जनता को जनसंख्या के अनुसार प्रतिनिधित्व नहीं मिला. 

Parliament LIVE Updates: शाह के भाषण के बीच क्या बोलने लगे अखिलेश यादव

देश की 27 सीटें ऐसी हैं, जहां 20 लाख से ज्यादा वोटर हैं. ऐसे में सांसद कैसे जनता की समस्याओं का समाधान कर पाएं.  इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव खड़े हो गए. अखिलेश ने कहा कि जो संख्या गृहमंत्री बता रहे हैं वो पुराना हो सकता है. इस पर शाह बोले कि मैं भी यही कह रहा हूं. इसलिए परिसीमन जरूरी है.

Parliament LIVE Updates: INDI गठबंधन के सदस्यों ने 'अगर-मगर' करके महिला आरक्षण का विरोध किया

लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक पर हुई बहस का जवाब देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "महिला आरक्षण का किसी ने विरोध नहीं किया है. लेकिन, अगर हम बारीकी से देखें, तो INDI गठबंधन के सभी सदस्यों ने 'अगर-मगर' का इस्तेमाल करके इसका विरोध किया है.

Parliament LIVE Updates: परिसीमन का विरोध करना SC-ST के विरोध जैसा: अमित शाह

लोकसभा में अमित शाह ने कहा कि हमारे संविधान में समय समय पर परिसीमन का प्रावधान रखा गया है. इससे ही एससी और एसटी की सीटों की संख्या बढ़ने का भी प्रावधान है. एक तरह से जो परिसीमन का विरोध कर रहा है वो एससी और एसटी का भी विरोध कर रहा है.

Parliament LIVE Updates: महिला आरक्षण बिल पर अमित शाह दे रहे जवाब

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर केंद्रीय अमित शाह जवाब दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल का इंडी गठबंधन के साथियों ने अलग-अलग तरीके से विरोध किया. मैं इस सदन के माध्यम से देश के सामने स्पष्ट कर देता हूं कि विपक्ष का विरोध केवल और केवल महिला आरक्षण का ही है.

Parliament LIVE Updates: महिला आरक्षण बिल में लिए संविधान संसोधन कर सकती है सरकार

सूत्रों के अनुसार, सरकार संविधान के 131 संशोधन बिल में एक संशोधन करेगी. संशोधन में परिसीमन बिल लोकसभा और विधानसभाओं में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का बिंदु जोड़ा जायेगा.

Parliament LIVE Updates: महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग से पहले BJP सांसदों की अहम बैठक

महिला आरक्षण बिल पर वोटिंग से पहले संसद भवन परिसर में हलचल तेज है. बीजेपी सांसदों की अहम बैठक चल रही है. बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद हैं. वहीं संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने पीएम मोदी से मुलाकात की है. इधर गृहमंत्री अमित शाह ने स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की है.

Parliament LIVE Updates: लोकसभा कार्यवाही के बाद NDA की बैठक, PM मोदी रहेंगे मौजूद

महिला आरक्षण बिल पर गृहमंत्री अमित शाह शाम 6 बजे लोकसभा में बोलेंगे. लोकसभा में कामकाज समाप्त होने के तुरंत बाद, आगे की स्थिति पर चर्चा करने के लिए NDA की एक बैठक बुलाई गई है. NDA की बैठक में प्रधानमंत्री भी मौजूद रहेंगे.

Parliament LIVE Updates: मैं अपनी पत्नी के पैर छूता हूं, लोकसभा में बोले रवि किशन

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए. इस दौरान स्पीकर की कुर्सी पर बैठे जगदंबिका पाल ने उनसे कहा आपके लिए तो आपकी पत्नी वोट भी मांगती हैं. इस पर रवि किशन ने कहा कि हां मेरी पत्नी मेरे लिए चुनाव प्रचार करती हैं और एक-डेढ़ लाख वोट लाती हैं. मैं उनके पैर छूता हूं. इस पर जगदंबिका पाल ने पूछा आप पैर छूते हैं ना. तो रवि किशन बोले कि मेरी पत्नी पैर छूने नहीं देती. लेकिन जब वो गहरी नींद में होती हैं तो मैं उनके पैर छू लेता हूं.

Parliament LIVE Updates: शाह ने स्पीकर ओम बिरला से की मुलाकात, किरेन रिजिजू PM मोदी से मिले

एक तरफ जहां लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा चल रही है, वहीं दूसरी तरफ गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर ओमबिरला से मुलाकात की है. उनके साथ केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे. इससे कुछ देर पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. बता दें कि शाम 6 बजे गृहमंत्री अमित शाह महिला आरक्षण बिल पर जवाब देंगे.

Parliament LIVE Updates: उन्हें सुनना सिरदर्द जैसा था... राहुल गांधी के भाषण पर बोलीं कंगना रनौत

लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर BJP सांसद कंगना रनौत ने कहा, 'उन्हें सुनना सिरदर्द जैसा था. वह अपने बचपन के ट्रॉमा और बचपन में देखे गए जादू के शो से गुजर रहे हैं. यह एक परेशानी थी. चेयर ने भी उन्हें रुकने को कहा. उन्होंने संसद का मजाक उड़ाया है.'

Parliament LIVE Updates: बीजेपी सांसद ने प्रताप सारंगी ने संस्कृत में दिया भाषण

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा जारी है. इस बिल पर ओडिशा के बालासोर से बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने संस्कृत में अपना भाषण दिया.

Parliament LIVE Updates: किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की है. लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा जारी है. आज गृहमंत्री अमित शाह इस बिल पर जवाब देंगे.

Parliament LIVE Updates: लोकसभा में 6 बजे बोलेंगे गृहमंत्री अमित शाह, महिला आरक्षण बिल पर देंगे जवाब

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा जारी है. आज शाम 6 बजे गृहमंत्री इस बिल पर जवाब देने के लिए लोकसभा में अपना भाषण देंगे.

Parliament LIVE Updates: निशिकांत दुबे और अखिलेश यादव के बीच नोकझोंक

लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने एक श्लोक पढ़ा. इस पर अखिलेश यादव फिर खड़े हो गए. उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि मैं कन्नौज में एक मंदिर में गया था, मेरे जाने के बाद उस मंदिर को गंगाजल से धुलवाया था. इस पर निशिकांत दुबे ने कहा कि जिसने भी ऐसा किया वो अपराधी है. उसको कानून के हिसाब से सजा मिलनी चाहिए.

Parliament LIVE Updates: ज्यादा इतिहास के पन्ने नहीं पलटें: अखिलेश यादव

लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से ओबीसी के विरोध में रही है. एक समय था जब समाजवादी पार्टी के एक सांसद को इंदिरा गांधी ने सदन में पीटा. वो एससी समाज से थे. इस पर अखिलेश यादव खड़े हुए. उन्होंने कहा कि ज्यादा इतिहास के पन्ने न पलटे जाएं. ये बताएं कि आप जाति जनगणना कब करेंगे.

Parliament LIVE Updates: अगले 45 मिनट में सरकार को हराएंगे- राहुल गांधी

लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा कि हम आज सरकार के लाए इस बिल पर सरकार को ही हराकर दिखाएंगे. अगले 45 मिनट में सरकार की हार होगी. 

Parliament Session Live: राहुल के आपत्तिजनक शब्दों को रिकॉर्ड से हटाया गया

संसद में राहुल गांधी के भाषण के दौरान जमकर हंगामा हुआ. आपत्तिजनक शब्दों को हाउस के रिकॉर्ड से हटा दिया गया है. 

राहुल गांधी की भाषा पर संसद में हंगामा

राहुल गांधी ने लोकसभा में जादूगर की कहानी सुनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर, बालाकोट एयरस्टाइक को जादू कहा. इस पर सदन में हंगामा हुआ. किरेन रिजिजू खड़े हुए और राहुल की भाषा पर सख्त आपत्ति जताई. लेकिन सदन में हंगामा जारी रहा. इसके बाद राजनाथ सिंह भी खड़े हुए और राहुल गांधी की भाषा पर सवाल उठाए. 

Parliament LIVE: भाजपा जानती है ये बिल पास नहीं हो सकता- राहुल गांधी

लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार जानती है कि ये बिल कभी पास नहीं होगा. ये विधेयक हड़बड़ी में लाया गया है. 

Parliament LIVE: OBC-दलित को हिंदू कहते हो, अधिकार नहीं देते- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि आज मुझे सदन में सच बात कहनी है. पहली सच्चाई ये है कि यह महिलाओं का बिल नहीं है. राहुल गांधी ने महिला आरक्षण बिल को चुनावी नक्शा बदलने की एक कोशिश बताया. राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ‘संविधान से ज्यादा मनुवाद’ में विश्वास रखती है. सरकार अल्पसंख्यक समुदायों का प्रतिनिधित्व छीनने की कोशिश कर रही है. राहुल गांधी ने सरकार पर OBC, दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के साथ ‘क्रूर, बेरहम और निर्मम’ बर्ताव करने का आरोप लगाया. राहुल ने कहा कि OBC-दलित को हिंदू कहते हो, अधिकार नहीं देते.

Parliament LIVE: संसद में आरक्षण पर राहुल और रिजिजू की नोकझोंक

राहुल गांधी ने कहा कि वह अपने मुद्दे से पीछे हटने वाले नहीं हैं. इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने हस्तक्षेप करते हुए सवाल उठाया कि राहुल गांधी अब आरक्षण की बात कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस 60 साल तक सत्ता में रही, तब संवैधानिक आरक्षण क्यों नहीं दिया गया. रिजिजू ने कांग्रेस के पुराने शासनकाल पर भी सवाल खड़े किए और उसकी नीतियों को कटघरे में खड़ा किया.

Parliament LIVE: छोटे व दक्षिणी राज्यों को डरने की जरूरत नहीं- राहुल गांधी

लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह खासकर छोटे व दक्षिणी राज्यों को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी को भी भारत के संघीय ढांचे पर हमला करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और सभी राज्यों के हितों की रक्षा की जाएगी.

'सुनिए सर मजा आएगा...', स्पीकर से बोले राहुल गांधी

लोकसभा में स्पीकर ने राहुल गांधी को बोलने से टोका. दरअसल राहुल गांधी एक जादूगर की कहानी सुनाने लगे. इस पर स्पीकर ने टोकते हुए कहा कि राहुल जी बिल पर बात कीजिए. तब राहुल ने बोला कि सर मैं आपको कहानी सुना रहा हूं. अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल कर रहा हूं. सुनिए स्पीकर सर आपको ये कहानी सुनकर मजा आएगा. 

Parliament LIVE Updates: यह महिला आरक्षण नहीं, चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश है: राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयकों पर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि यह महिला आरक्षण विधेयक नहीं है, क्योंकि महिला आरक्षण का कानून तो 2023 में ही पारित हो चुका है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मौजूदा विधेयक देश के चुनावी नक्शे को बदलने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि यह बिल एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों के खिलाफ है और उनके अधिकार छीनने का एजेंडा लेकर आया है.

उन्होंने कहा, 'सरकार डरी हुई है. जो काम उसने असम और जम्मू‑कश्मीर में किया, वही अब पूरे देश में करना चाहती है.' राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस विधेयक का महिला सशक्तिकरण से कोई लेना‑देना नहीं है, बल्कि यह सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश है.

उन्होंने कहा, 'आप सत्ता हथियाने की कोशिश कर रहे हैं. यह बिल राष्ट्रविरोधी है और हम सरकार को यह करने नहीं देंगे.'

उन्होंने उत्तर और दक्षिण भारत के बीच भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रक्रिया से दलितों और आदिवासियों की भागीदारी कम हो रही है. राहुल गांधी ने दावा किया कि यह बदलाव सामाजिक न्याय और संघीय ढांचे के खिलाफ हैं.  

Parliament LIVE: दादी से मिली जीवन की सीख- राहुल गांधी

महिला आरक्षण पर लोकसभा में बोलते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने बचपन का एक निजी और भावुक प्रसंग साझा किया. उन्होंने कहा कि बचपन में उन्हें अंधेरे से बहुत डर लगता था और यह डर उन्हें और उनकी बहन प्रियंका गांधी को लंबे समय तक परेशान करता रहा.

राहुल गांधी ने सदन में बताया कि उनके घर के पास एक बड़ा कुत्ता था, जो उन पर और उनकी बहन पर कई बार हमला करता था. इस वजह से वे रात के समय बगीचे की ओर जाने से डरते थे. जब इस डर के बारे में उनकी दादी को पता चला, तो उन्होंने उन्हें एक ऐसी सीख दी जो आज भी उनके साथ है.

दादी से मिली जीवन की सीख

राहुल गांधी ने बताया कि उनकी दादी पीले रंग की साड़ी पहने उनके पास आईं. राहुल ने कहा, 'मैं बेहद डरा हुआ था, मेरे पैर कांप रहे थे. दादी ने मुझसे पूछा कि तुम किससे डर रहे हो? मैंने कहा- सांप से, कुत्तों से और कई चीज़ों से.' 

उन्होंने बताया कि तब उनकी दादी ने उनसे कहा, 'तुम इन चीज़ों से नहीं डर रहे, बल्कि अपने दिमाग से डर रहे हो. तुम जिस कल्पना को सच मान बैठे हो, वही तुम्हें डरा रही है. अंधेरे से मत डरो, क्योंकि अक्सर सच्चाई अंधकार में ही छुपी होती है.'

Parliament LIVE: महिलाएं भारत की राष्ट्रीय कल्पना का केंद्र- राहुल गांधी

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि महिलाएं भारत की राष्ट्रीय कल्पना (नेशनल इमैजिनेशन) के केंद्र में हैं. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का जीवन किसी न किसी रूप में महिलाओं से प्रभावित और आकार लिया हुआ होता है.

राहुल गांधी ने कहा, 'हम सब किसी न किसी महिला से प्रभावित होकर बड़े हुए हैं. समाज, परिवार और देश को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका निर्णायक रही है.'

'मेरी बहन ने वो कर दिखाया जो मैं 20 साल में नहीं कर सका', लोकसभा में राहुल गांधी ने की प्रियंका गांधी की तारीफ

महिला आरक्षण पर लोकसभा में विशेष सत्र के दौरान बोलते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के भाषण की खुलकर तारीफ की. राहुल गांधी ने हल्के‑फुल्के अंदाज़ में कहा, 'मेरी बहन ने वो कर दिखाया, जो मैं 20 साल में नहीं कर पाया. कल उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को हंसा दिया. राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें प्रियंका की बोलने की शैली पसंद है, जो उनके अपने अंदाज से अलग है.

'मुझे और प्रधानमंत्री की कोई ‘वाइफ इश्यू’ नहीं'

महिला आरक्षण पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने एक मज़ाकिया टिप्पणी करते हुए कहा कि 'न तो मेरी और न ही प्रधानमंत्री की कोई ‘वाइफ़ इश्यू’ है.' जिस पर सदन में हल्की हंसी भी सुनाई दी. हालांकि उन्होंने तुरंत बातचीत को विषय की गंभीरता की ओर मोड़ दिया.


Parliament Special Session LIVE: वोटिंग से पहले रिजिजू ने सपा प्रमुख अखिलेश से की मुलाकात

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और के. सी. वेणुगोपाल लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर रहे हैं. वहीं, लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से बातचीत की है.

Parliament LIVE Session: खुद को सशक्‍त कर रही सरकार- डिंपल यादव

महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने लोकसभा में कहा कि साल 2023 में जब नारी शक्ति बिल पास हुआ था तो अब ये संशोधन लाकर सरकार क्या चाहती है. उन्‍होंने सवाल पूछा कि सरकार अब जल्दबाजी क्यों दिखा रही है? डिंपल यादव ने आगे क‍हा कि यह संशोधन को लाकर खुद के सशक्‍तीकरण का काम कर रही है सरकार.

Parliament Session LIVE: महिला आरक्षण पर संसद में भ्रम दूर हुआ, अब निर्णायक क्षण: वोटिंग से पहले पीएम मोदी का पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण से जुड़े नारीशक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन पर संसद में चल रही चर्चा को लेकर सभी राजनीतिक दलों से भावनात्मक और संवेदनशील अपील की है. पीएम मोदी ने X पर लंबा संदेश लिखते हुए कहा कि संसद में इस विषय पर गहन चर्चा हो चुकी है और सभी भ्रम, आशंकाओं तथा सवालों का तर्कपूर्ण जवाब दिया जा चुका है.

प्रधानमंत्री ने बताया कि महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा बीती रात एक बजे तक चली, जिसमें सदन के सदस्यों द्वारा उठाए गए हर सवाल और शंका का समाधान किया गया. उन्होंने कहा कि जिन जानकारियों का अभाव था, वे भी सभी सांसदों को उपलब्ध कराई गईं और जिन मुद्दों को लेकर किसी भी प्रकार का विरोध या असमंजस था, उन पर खुलकर चर्चा हुई.

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश में पिछले चार दशकों से राजनीति होती रही है, लेकिन अब समय आ गया है कि देश की आधी आबादी को उसका अधिकार मिले. उन्होंने कहा कि आज़ादी के इतने वर्षों बाद भी भारत की महिलाओं का निर्णय प्रक्रिया में सीमित प्रतिनिधित्व लोकतंत्र की आत्मा के अनुरूप नहीं है.

प्रधानमंत्री ने सांसदों को याद दिलाया कि लोकसभा में अब कुछ ही देर में मतदान होने वाला है और यह क्षण न केवल राजनीतिक बल्कि ऐतिहासिक महत्व का है. उन्होंने सभी दलों से आग्रह करते हुए कहा कि वे पूरी सोच-विचार और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लें और महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करें.

पीएम मोदी ने कहा कि वह यह अपील केवल प्रधानमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं, माताओं, बहनों और बेटियों की ओर से कर रहे हैं. उन्होंने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि सदन में ऐसा कोई कदम न उठाया जाए, जिससे नारीशक्ति की भावनाएं आहत हों.

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज देश की करोड़ों महिलाओं की नजरें संसद के सदस्यों पर टिकी हैं. उनकी दृष्टि हमारी नीयत पर है, हमारे निर्णय पर है और हमारे आचरण पर है.

प्रधानमंत्री ने अंत में सभी सांसदों से एक बार फिर अपील की कि वे नारीशक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन का समर्थन करें और भारत की महिलाओं को उनके लंबे समय से प्रतीक्षित अधिकार दिलाने में अपनी भूमिका निभाएं.

Parliament LIVE Updates: सरकार हमें महिला विरोध घोषित करेगी- इमरान मसदू

कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने एनडीटीवी से कहा कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर इवेंट मैनेजमेंट कर रही है. सरकार के पास बिल पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत नहीं है. आप देखिएगा शाम 5 बजे के बाद सड़कों पर हमारे पुतले जलाए जाएंगे, हमें महिला आरक्षण विरोधी बताया जाएगा.

Parliament LIVE Updates: 1:45 बजे बोलेंगे राहुल गांधी

लोकसभा में राहुल गांधी आज करीब 1:45 बजे सदन को संबोधित कर सकते हैं.

Parliament Special Session LIVE: पीएम मोदी ने साझा की हरिवंश के अमेरिका दौरे की कहानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में नवनियुक्त उपसभापति हरिवंश से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग साझा किया. पीएम मोदी ने बताया कि 1994 में अपने पहले अमेरिका दौरे के दौरान हरिवंश अपने तय कार्यक्रम से अलग उन विश्वविद्यालयों में गए थे, जहां से पढ़े हुए युवाओं ने अमेरिका को विकसित देश बनाने में अहम भूमिका निभाई. प्रधानमंत्री ने इसे हरिवंश की दूरदर्शिता और सीखने की प्रवृत्ति का उदाहरण बताया.

Parliament Special Session LIVE: हरिवंशजी के अनुभव का सदन को लाभ मिला है- PM मोदी

JDU नेता हरिवंश को लगातार तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति नियुक्त किया गया. उनके पुनर्निर्वाचन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में उन्हें बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हरिवंश का जन्म जेपी (जयप्रकाश नारायण) के गांव में हुआ है और उनका सार्वजनिक जीवन उनके मूल्यों को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि राज्यसभा उपसभापति के रूप में लगातार तीसरी बार निर्वाचित होना, सदन के उनके प्रति गहरे विश्वास का प्रमाण है.

पीएम मोदी ने कहा, 'यह अपने आप में आपके अनुभव का सम्मान है, आपकी सहज कार्यशैली की स्वीकृति है. बीते वर्षों में सदन को आपके अनुभव का लाभ मिला है और सबको साथ लेकर चलने के आपके प्रयासों पर आज सदन ने मोहर लगाई है.' उन्होंने आगे कहा कि हरिवंश के नेतृत्व में राज्यसभा की भूमिका को अधिक प्रभावी होते सभी सदस्यों ने देखा है. प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी कार्यकाल में भी वे सदन की गरिमा और कार्यकुशलता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे.

Parliament Special Session LIVE: PM मोदी ने हरिवंश को दी बधाई

JDU नेता हरिवंश लगातार तीसरी बार राज्‍यसभा के उपसभापति नियुक्त किए गए हैं. पीएम मोदी ने उनको बधाई देते हुए राज्यसभा में कहा कि हरिवंश का जन्‍म जेपी (जयप्रकाश नारायण) के गांव में हुआ. उन्‍होंने राज्‍यसभा के नवनियुक्‍त उपसभापति को फिर से पद संभालने की बधाई दी.

Parliament Special Session LIVE: हरिवंश तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति निर्वाचित

जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता हरिवंश को लगातार तीसरी बार राज्यसभा का उपसभापति निर्वाचित किया गया. सदन में उनके निर्वाचन पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से शुभकामनाएं दी गईं.

इस अवसर पर विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा में उपाध्यक्ष के पद को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि लोकसभा में अब तक डिप्टी स्पीकर का न होना बेहद दुखद है और यह संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है.  

राज्यसभा में उपसभापति पद पर तीसरी बार JDU नेता हरिवंश को चुना गया

राज्यसभा में उपसभापति पद पर तीसरी बार JDU नेता हरिवंश को चुना गया है. पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी है. 

Parliament LIVE Updates: शुरू हुई संसद की कार्यवाही

लोकसभा, राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है. महिला आरक्षण समेत तीनों बिलों पर आज लोकसभा में 4 बजे वोटिंग होगी. 

Parliament LIVE Updates: संसद में विपक्षी दलों की बैठक, पहली बार बीजेडी भी हुई शामिल

संसद परिसर में विपक्षी दलों की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें इंडिया गठबंधन की बैठक में पहली बार बीजू जनता दल (बीजेडी) भी शामिल हुई. बैठक में सदन की रणनीति और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई.

सूत्रों के अनुसार, बैठक के बाद काकोली घोष, माणिकम टैगोर, के.सी. वेणुगोपाल और पी. चिदंबरम सहित कई वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे इंडिया ब्लॉक के सभी दलों के सांसदों की आज सदन में मौजूदगी सुनिश्चित करें.

विपक्षी खेमे का मानना है कि संसद में एकजुट उपस्थिति के जरिए सरकार पर दबाव बनाया जा सकेगा.

इस बीच, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के आज करीब तीन बजे सदन में बोलने की संभावना जताई जा रही है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

'महिला आरक्षणको परिसीमन से क्यों जोड़ा जा रहा?', BRS ने उठाए सवाल

बीआरएस नेता रवुला श्रीधर रेड्डी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को परिसीमन से क्यों जोड़ा जा रहा है. देश में कोई भी महिला आरक्षण का विरोध नहीं कर रहा और बीआरएस ने हमेशा इसका समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मंत्रियों द्वारा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने की बात की जा रही है, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं है. दक्षिण भारत के राज्यों को इसके लिए किसी से आग्रह नहीं करना चाहिए, यह प्रावधान विधेयक में स्पष्ट होना चाहिए ताकि भविष्य में उल्लंघन पर सवाल उठाया जा सके. रेड्डी ने कहा कि संसद की सीटें बढ़ाए बिना भी महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है और दोनों को जोड़ना संदेह पैदा करता है. केंद्र सरकार को इस पर स्पष्टता देनी चाहिए.

तेजस्वी ने किया परिसीमन का विरोध

RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि महिला आरक्षण सिर्फ एक बहाना है और भाजपा चतुराई से परिसीमन लागू करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इसका विरोध करती है.

देश की माताएं-बहनें भारतवर्ष का गौरव बढ़ा रहीं- पीएम मोदी

महिला आरक्षण कानून पर संसद में जारी बहस के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा, 'हमारी नारी शक्ति सशक्त भारत की पहचान है. देश की माताएं-बहनें और बेटियां अपनी अटूट संकल्पशक्ति, निष्ठा और सेवाभाव से आज हर क्षेत्र में भारतवर्ष का गौरव बढ़ा रही हैं.' प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देवी स्तुति का श्लोक साझा करते हुए नारी शक्ति को नमन किया.

Women Reservation Bill LIVE Updates: महिला संगठनों की चेतावनी

इस बीच 60 से अधिक महिला संगठनों और 500 से ज्यादा लोगों ने सांसदों से महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से अलग करने की मांग की है. महिला संगठनों का कहना है कि 33 प्रतिशत आरक्षण को मौजूदा ढांचे में ही तुरंत लागू किया जा सकता है. उन्होंने प्रस्तावित संशोधन विधेयक की आलोचना करते हुए कहा कि यदि सरकार इसे जनसंख्या के आंकड़ों से जोड़ना चाहती है तो महिलाओं की जनसंख्या के अनुपात में 48-49 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए. महिला संगठनों ने राज्यसभा में भी महिला आरक्षण लागू करने के लिए अलग संवैधानिक संशोधन लाने की मांग की है.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com