विज्ञापन

पाकिस्तान से आ रही धूल दिल्ली-NCR के हवा को बना रही जहरीली, 300 के करीब पहुंचा AQI

9 जुलाई को दिल्ली में AQI 48 था, लेकिन तीन दिन बाद ही रविवार 12 जुलाई को 294 पहुंच गया. अचानक जहरीली हुई दिल्ली की हवा के पीछे पाकिस्तान से आ रहे धूल को कारण बताया गया है.

पाकिस्तान से आ रही धूल दिल्ली-NCR के हवा को बना रही जहरीली, 300 के करीब पहुंचा AQI
बीते दो-तीन दिन में दिल्ली की हवा बड़ी तेजी से जहरीली हुई है.
NDTV
  • 9 जुलाई को दिल्ली में AQI 48 था, लेकिन तीन दिन बाद ही रविवार 12 जुलाई को 294 पहुंच गया.
  • अचानक जहरीली हुई दिल्ली की हवा के पीछे पाकिस्तान से आ रहे धूल को कारण बताया गया है.
  • अभी से जहरीली हो रही दिल्ली की हवा ने सर्दी के मौसम से पहले चिंता बढ़ा दी है.
नई दिल्ली:

Delhi-NCR AQI: दिल्ली-NCR में पर्यावरण और शुद्ध हवा एक बड़ा मुद्दा है. हर साल सरकार इसके लिए काफी खर्च करती है, लेकिन हालात तब भी नहीं सुधरते. अभी मॉनसून का सीजन है, बीते दिनों दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश भी हुई, हालांकि उसके बाद फिर से गर्मी का दौर लौट आया है. इस बीच बीते कुछ दिनो से दिल्ली-NCR की हवा भी जहरीली हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार रविवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता AQI लगातार दूसरे दिन खराब श्रेणी में रही. शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक AQI 294 दर्ज किया गया.

CPCB के अनुसार शून्य से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है.

पाकिस्तान से आ रही धूल से जहरीली हो रही हवा

सामान्य तौर पर इस मौसम में दिल्ली की वायु गुणवत्ता अच्छी रहती है. लेकिन इस बार अभी से जहरीली हो रही दिल्ली की हवा ने सर्दी के मौसम से पहले चिंता बढ़ा दी है. इस बीच दिल्ली की जहरीली हवा के पीछे पाकिस्तान से आ रही धूल को कारण बताया जा रहा है. इसकी तस्वीरें भी सामने आई है. 

पाकिस्तान से आ रही धूल कैसे दिल्ली की हवा को कर रही प्रदूषित, देखें तस्वीर.

पाकिस्तान से आ रही धूल कैसे दिल्ली की हवा को कर रही प्रदूषित, देखें तस्वीर.

इन तस्वीरों के जरिए बताया गया कि दक्षिण पाकिस्तान से आ रही धूल दिल्ली और आस-पास के इलाकों में AQI बढ़ा रही है. मैप में दिख रही गुलाबी रंग की परत धूल की एक परत है, जो पाकिस्तान से भारत की ओर पूर्व दिशा में बढ़ रही है. दिल्ली में AQI 200 से ज़्यादा दर्ज किया गया है, जो साल के इस समय के हिसाब से सामान्य नहीं है.

9 जुलाई को 48 पहुंचा था AQI 

बताया गया कि इसी महीने 9 जुलाई को मानसूनी बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्ली का दैनिक औसत AQI घटकर 48 दर्ज किया गया था, जो काफी अच्छा था. लेकिन उसके बाद सीमा पार से आ रही धूल और बारिश नहीं होने के कारण दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई फिर खराब हो गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

15 जुलाई के बाद फिर से बारिश, तब साफ होगी हवा

CAQM के मुताबिक धूल का यह प्रभाव कम होने और 15 जुलाई से मानसून की दोबारा वापसी होने के बाद AQI में फिर से सुधार होने की उम्मीद है. इस स्थिति को देखते हुए फिलहाल GRAP Stage-I के प्रतिबंधों को लागू नहीं किया गया है, लेकिन जमीन पर धूल नियंत्रण उपायों को सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं.

दिल्ली में आज गर्मी का दिख रहा असर

दिल्ली में सोमवार की सुबह गर्मी का असर बना रहा और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी. IMD के अनुसार, शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

दिल्ली में कहां कितना रहा पारा

अन्य मौसम केंद्रों में आया नगर में न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है, जबकि लोधी रोड में यह 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है. पालम में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है. वहीं, रिज केंद्र में शहर का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है.

रविवार को भी दिल्ली में नहीं हुई बारिश

IMD के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त बीते 24 घंटे की अवधि के दौरान सफदरजंग, पालम, लोधी रोड, रिज और आया नगर सहित पांचों प्रमुख मौसम केंद्रों पर वर्षा दर्ज नहीं की गई. रविवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है.

यह भी पढ़ें - दिल्ली-NCR में भी झमाझम, कई इलाकों में भरा पानी, जान लीजिए मौसम विभाग का अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com