- विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है
- कांग्रेस का आरोप है कि ओम बिरला ने नियमों का हवाला देकर राहुल गांधी को भाषण पूरा नहीं करने दिया
- राहुल गांधी अपने भाषण के दौरान पूर्व सेनाध्यक्ष एम एम नरवणे की अप्रकाशित किताब का हवाला दे रहे थे
विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है. गौरतलब है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण से उठा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. सूत्रों ने बताया कि विपक्ष लोकसभा स्पीकर की टिप्पणी से नाराज है. सूत्रों ने बताया कि विपक्ष जल्द ही लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है. उधर, लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता मनिकम टैगोर ने आरोप लगाया है कि स्पीकर एक तरफ स्टैंड ले रहे हैं.
कांग्रेस है ओम बिरला से नाराज
गौरतलब है कि विपक्ष खासकर कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष से नाराज चल रही है. कांग्रेस का कहना है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान लोकसभा स्पीकर ने नियमों का हवाला देकर भाषण ही पूरा नहीं करने दिया. वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कुछ किताबों का हवाला देकर इंदिरा गांधी समेत कांग्रेस के पूर्व पीएम पर निशाना साधा था. इसके अलावा लोकसभा में हंगामे के कारण कांग्रेस के साथ-साथ कुल 8 सांसद पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिए गए हैं. इसके अलावा कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष की उन टिप्पणियों से बेहद नाराज है जिसमें उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई सदस्य पीएम के आसन के पास पहुंच कर कोई भी अप्रत्याशित घटना कर सकते थे. इसलिए उन्होंने पीएम से सदन में ना आने का आग्रह किया.
लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए क्या करना होगा?
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए विपक्ष को एक आवेदन देना होता है. इस आवेदन पर कम-से-कम 100 लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर होने चाहिए. इंडिया गठबंधन के पास 240 सांसद हैं. यानी अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए विपक्ष के पास पर्याप्त सांसद हैं. हालांकि, विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव को लोकसभा में पास नहीं करा सकता है.
टैगोर का बड़ा आरोप
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता मनिकम टैगोर ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि स्पीकर एक तरफ स्टैंड ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह बात चर्चा में है. टैगोर ने कहा कि आज जो फ्लोर लीडर की सुबह बैठक हुई है उसमें ये मुद्दा उठा है कि किस तरह स्पीकर हमारी आवाज को दबा रहे हैं. इंडिया गठबंधन के सारे सांसद इस चर्चा को आगे बढ़ाएंगे.
विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है- टैगोर
टैगोर ने आरोप लगाया कि चेयर एक तरफ स्टैंड ले रहा है और सरकार का साथ मिलकर विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है. टैगोर ने आरोप लगाया कि स्पीकर सरकार की सारी कोशिश में साथ दे रहे हैं. इस बात से हमें काफी दुख है. उन्होंने कहा कि यह पद तटस्थ पद होता है और विपक्ष की बात भी सुनाई चाहिए. सिर्फ विपक्ष को टोकने और उन्हें न बोलने देने के लिए नहीं होता है. विपक्ष के सारे नेताओं के माइक बंद कर दिया जाता है.
बीजेपी के पास केवल 240 सांसद
टैगोर ने कहा कि सारे महिला सांसदों ने शुक्रवार को ही स्पीकर को चिट्ठी भेजी दी थी. चिट्ठी विरोध जताया था. लोकसभा अध्यक्ष का पद बहुत बड़ा है. यह पूछने पर कि क्या अविश्वास प्रस्ताव के लिए विपक्ष के पास नंबर हैं. इसपर टैगोर ने कहा कि देखिए मोदी जी के पास केवल 240 है बाकी उनके सहयोगी दलों का है. विपक्ष के पास भी 220 का नंबर है. उन्होंने कहा कि यह आप लोग सोचिए की चेयर के ऊपर ऐसी स्थिति कैसे पैदा हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं