विज्ञापन

12 दिन की चुप्पी के बाद अखिलेश पर फिर हमलावर हुए ओमप्रकाश राजभर, कहा- नौकरियां गिनते जाइए

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख एक बार फिर अखिलेश यादव पर हमलावर हो गए हैं. उन्होंने अखिलेश यादव से कहा है कि आप गिनते जाइए की प्रदेश सरकार कितनी नौकरियां दे रही है.

12 दिन की चुप्पी के बाद अखिलेश पर फिर हमलावर हुए ओमप्रकाश राजभर, कहा- नौकरियां गिनते जाइए
नई दिल्ली:

यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर 12 दिन तक चुप रहने के बाद एक बार फिर अखिलेश यादव पर हमलावर हैं. उन्होंने मंगलवार को एक्स पर अखिलेश यादव को टैग करते हुए लिखा है कि चुनाव से पहले एक लाख युवाओं को नौकरी मिलने जा रही है. उन्होंने इस पोस्ट में दावा किया है कि अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है और 10 लाख का आंकड़ा भी जल्दी ही छू लिया जाएगा. इस पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया है कि अखिलेश यादव की सरकार में युवाओं को शूटर बनाया गया और भेदभाव कर और पैसे लेकर नौकरी दी गई. राजभर के इस पोस्ट से पहले रविवार को अखिलेश यादव ने राजभर का नाम लिए बिना कहा था कि पासवर्ड छिन जाने की वजह से वो पोस्ट नहीं कर पा रहे होंगे. और अब पासवर्ड पाने के लिए मोलभाव हो रहा होगा. अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए ओमप्रकाश राजभर ने इससे पहले नौ सितंबर को पोस्ट किया था.   

ओमप्रकाश राजभर ने क्या लिखा है

ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को लिखा, ''का भइया अखिलेश जी, हाल-चाल ठीक है न? वैसे लगता नहीं है कि हाल ठीक होगा. चुनाव से पहले एक लाख युवाओं को नौकरी मिलने जा रही है, वो भी बिना लेन-देन के, बिना भेदभाव के, बिना जात-पात के, बिना क्षेत्रवाद के. नौ साल में साढ़े नौ लाख नौकरी दी जा चुकी है. दस का आंकड़ा कुछ हफ्तों में पूरा हो जाएगा. सीएम साहब कहे हैं ना कि बस गिनती करते जाइए. तो गिनती शुरू कर दीजिए. वैसे आप ठीक से गिनती ना कर पाएं तो चच्चू को लगा दीजिएगा. आपकी सरकार में लूट का सब हिसाब किताब तो चच्चू ही करते थे.''

उन्होंने लिखा है,''सुनिए महाराज, चुनाव आ रहा है. दोपहर 12 बजे तक सोना छोड़ दीजिए. 2017 में 47 और 2022 में 111 सीट मिली थी ना. बाकी बार 47 भी आ जाए तो कहिएगा. जानते हैं क्यों? क्योंकि जब आपका टाइम था तब आपने युवाओं को शूटर बनाया. भेदभाव करके पैसे लेकर नौकरी दी. शूटर के भरोसे चुनाव जीतने के चक्कर में थे लेकिन शूटर तो ढेर हो गए. अब बच्चे हैं वो अपराधी, जो आपके कार्यकर्ता बने घूम रहे हैं. इन्हें उम्मीद है कि सरकार आएगी तो लूटेंगे, अपराध करेंगे.यकीन मानिए, सरकार तो आएगी नहीं, जो बचे अपराधी हैं, वो भी जल्दी ही निपट जाएंगे. उनकी जहां जगह है,वहीं मिलेंगे.'' उन्होंने लिखा है,''खैर, ठीक से चुनाव लड़िए महाराज. एकतरफा चुनाव में मजा नहीं आता है.जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव.''

अखिलेश यादव ने कैसे साधा था निशाना

इससे पहले रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में ओम प्रकाश राजभर का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि हाल में उनका कोई पोस्ट नहीं आया है. कहीं पासवर्ड तो नहीं छिन गया. उन्होंने कहा था, ''क्योंकि हम और आप लोग ये समझते हैं कि अगर पासवर्ड छिन जाएगा तो कौन पोस्ट कर पाएगा. अब पासवर्ड पाने के लिए बारगेनिंग हो रही होगी. अगर पोस्ट नहीं हो रहा है, तो हो सकता है पासवर्ड नहीं दिया गया हो. जहां से बात पोस्ट हो रहा थी. किसी गिनती को लेकर तो बारगेनिंग नहीं हो रही. वाकई मैंने भी हाल में कोई पोस्ट नहीं देखा.'' 

ये भी पढ़ें: बांग्लादेश लौटने से पहले शेख हसीना की हुंकार- जेल जाने को भी तैयार, फिर से खड़ी करूंगी अवामी लीग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Omprakash Rajbhar, Akhilesh Yadav, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com