कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने वीडियो में खुद को 'सबसे बड़ा गुंडा' बताने पर अब नया बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जो लोग गरीबों और कमजोरों को डरा-धमकाकर रखते हैं, उन्हें चुनौती देने के लिए वह ऐसी भाषा बोलते हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है.
यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कोई गलत बात नहीं कही है. राजभर ने कहा, "सही बात है, बुरा कहां बोला है? जहां हमने बोला है, वहां जाकर पता करेंगे तो लोग गरीबों को, कमजोरों को सता करके, डरा-धमका कर रखते हैं. हम उनके बीच में जाकर ललकारते हैं कि जो इतने यहां गुंडा घूम रहे हैं, उनसे बड़े गुंडा हम हैं."
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने ही वीडियो पर कहा, "सही बात है, बुरा कहां बोला है? जहां हमने बोला है, वहां जाकर पता करेंगे, तो वहां लोग गरीबों को, कमज़ोरों को सता करके, डरा-धमका के रखे हैं। हम उनके बीच में जाकर ललकारते हैं कि जो इतने यहां गुंडा घूम रहे हैं, उनसे बड़े गुंडा हम हैं..."
— IANS Hindi (@IANSKhabar) November 3, 2026
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, हाल के दिनों में राजभर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहते दिखाई दे रहे हैं कि इलाके में जितने भी बड़े-बड़े दबंग और बाहुबली हैं, उनसे बड़े 'गुंडा' वह खुद हैं. बयान के वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस पर चर्चा शुरू हो गई.
उन्होंने कहा कि सुना है कि प्रजापति समाज के लोगों को कार्यक्रम में आने से रोका जा रहा है, लेकिन मुझसे बड़ा गुंडा इस देश में कौन है, किसी में दम है तो रोककर दिखाए. पूर्वांचल के कई बाहुबलियों का नाम लेते हुए कहा कि सब उनके दरबार में हाजिरी लगाते हैं. प्रजापति समाज पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है. अब इसका मुंहतोड़ जवाब देने का समय आ गया है.
बांदा की सभा का वीडियो फिर चर्चा में
यह वीडियो बांदा में आयोजित एक जनसभा का बताया जा रहा है. उस दौरान राजभर ने मंच से पूर्वांचल के चर्चित बाहुबलियों और दबंग नेताओं का जिक्र करते हुए कहा था कि लोग उनके नाम से डरते हैं, लेकिन वह उनसे भी बड़े गुंडा हैं. उनका कहना था कि वह गरीबों और वंचितों को डराने वाले तत्वों को चुनौती देने के लिए ऐसा कहते हैं.
यह भी पढ़ें: बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं... सम्राट चौधरी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं