विज्ञापन
This Article is From Jun 18, 2011

जमानत पर रिहा हुआ उम्रकैद का 108 वर्षीय सजायाफ्ता कैदी

यूपी के महाराजगंज में 24 साल से जेल में बंद संभवत: देश के सबसे बुजुर्ग सजायाफ्ता कैदी 108 वर्षीय बृज बिहारी पाण्डेय को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में महंत पद के झगड़े को लेकर हुई 4 लोगों की हत्या के मामले में पिछले 24 साल से जेल में बंद संभवत: देश के सबसे बुजुर्ग सजायाफ्ता कैदी 108 वर्षीय बृज बिहारी पाण्डेय को आखिरकार जमानत पर जेल से रिहा कर दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 15 जून, 1987 को हुई 4 लोगों की हत्या के मामले में पाण्डेय को 15 अन्य अभियुक्तों के साथ उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को पाण्डेय को जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पाण्डेय तथा 15 अन्य लोगों ने महराजगंज जिले में जगन्नाथ मंदिर का महंत बनने को लेकर हुए झगड़े में भगवंत तथा 3 अन्य व्यक्तियों की हत्या कर दी थी। उस वक्त पाण्डेय की उम्र 84 साल थी। पाण्डेय मंदिर का महंत बनना चाहता था, लेकिन उसकी जगह रामानुजदास नामक व्यक्ति को मंदिर का महंत चुन लिया गया था। इसी बात को लेकर पाण्डेय ने महंत की हत्या की साजिश रची थी। पाण्डेय उस घटना के बाद से ही गोरखपुर जेल में बंद था। दिसम्बर, 2009 में एक निचली अदालत ने पाण्डेय तथा अन्य आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सूत्रों ने बताया कि देश का सम्भवत: सबसे उम्रदराज सजायाफ्ता कैदी पाण्डेय अनेक बीमारियों से पीड़ित है। वह बिस्तर पर पड़ा है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि मई के अंतिम सप्ताह में हाईकोर्ट ने पाण्डेय तथा 10 अन्य अभियुक्तों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बुजुर्ग कैदी, महाराजगंज, महंत, जमानत
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com