विज्ञापन
This Article is From Aug 06, 2023

ओडिशा: पुलिसकर्मियों के कथित रूप से गांजा तस्करी में शामिल होने से गुस्साई भीड़ ने थाना फूंका

ओडिशा के कंधमाल जिले में कुछ स्थानीय लोग थाने में आए और कुछ पुलिसकर्मियों के मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए थाने में आग लगा दी

ओडिशा: पुलिसकर्मियों के कथित रूप से गांजा तस्करी में शामिल होने से गुस्साई भीड़ ने थाना फूंका
प्रतीकात्मक तस्वीर
फुलबनी (ओडिशा):

ओडिशा के कंधमाल जिले में पुलिसकर्मियों के कथित तौर पर गांजा तस्करी में संलिप्त होने से गुस्साई भीड़ ने शनिवार को एक थाने को आग लगा दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना फिरिंगिया थाने में हुई और घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. अधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानीय लोग थाने में आए और कुछ पुलिसकर्मियों के मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए थाने में आग लगा दी.

दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्यब्रत भोई ने बताया कि प्रर्दशनकारियों ने पुलिस थाने में मौजूद फर्नीचर को लूट लिया और कई दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया.

स्थानीय लोगों ने फुलबनी-फिरिंगिया-बालीगुड़ा रोड को भी घंटों जाम रखा और थाने के प्रभारी निरीक्षक तथा कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के ‘‘गांजा तस्करी में शामिल'' होने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सड़क जाम करने वाले लोगों को समझाने गए कुछ पुलिसकर्मियों से भी प्रदर्शनकारी भिड़ गए.

भोई ने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारियों का समूह फिरिंगिया थाने में दाखिल हुआ और फर्नीचर को लूट लिया तथा इमारत में आग लगा दी. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए.'' उन्होंने कहा कि स्थानीय थाना प्रभारी और दो अन्य पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की उचित जांच की जाएगी.

भोई ने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भेजा गया और कंधमाल के पुलिस अधीक्षक भी दल-बल के साथ फिरिंगिया रवाना हो गए हैं. उन्होंने कहा, ‘‘फिरिंगिया थाने में हुई घटना में कुछ गांजा तस्करों के संलिप्त होने का संदेह है. स्थिति अब नियंत्रण में है.''

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि गांजा तस्करी के मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया लेकिन ‘‘कम्बगुडा गांव के ग्रामीणों द्वारा पुलिस वैन में गांजे के साथ पकड़े जाने के बावजूद थाना प्रभारी और अन्य दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई.''

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mob Sets Police Station On Fire, Odisha, Policemen, Ganja Smuggling
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com