विज्ञापन

'सभी जवान बूट नहीं पहनते...' NSG के डॉग डॉनी को मिला अवॉर्ड, लालकिला ब्लास्ट में खोजे थे अहम सुराग

NSG के विस्फोटक खोजी डॉग डॉनी को स्वतंत्रता दिवस 2026 पर COAS कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित किया गया.

'सभी जवान बूट नहीं पहनते...' NSG के डॉग डॉनी को मिला अवॉर्ड, लालकिला ब्लास्ट में खोजे थे अहम सुराग
NSG के 'हीरो' डॉनी को मिला बड़ा सम्मान
NDTV
  • नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के K9 कुत्ते डॉनी को स्वतंत्रता दिवस पर COAS कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित किया गया
  • डॉनी ने नवंबर 2025 में लाल किले धमाके की जांच में विस्फोटक पदार्थों की पहचान कर अहम भूमिका निभाई
  • फरीदाबाद में संदिग्ध वाहन की जांच के दौरान डॉनी ने विस्फोटकों की मौजूदगी की सटीक जानकारी दी

सभी जवान बूट नहीं पहनते, कुछ हार्नेस भी पहनते हैं. नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) के K9 डॉनी को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित किया गया है. डॉनी को यह सम्मान उसकी बहादुरी, पेशेवर दक्षता और आतंकवाद-रोधी अभियानों में अहम भूमिका निभाने के लिए दिया गया.

लाल किले हमले की जांच में निभाई अहम भूमिका

डॉनी, NSG की विशेष K9 यूनिट का विस्फोटक खोजने में प्रशिक्षित कुत्ता है, नवंबर 2025 में नई दिल्ली के लाल किले में हुए एक्सप्लोसिव डिवाइस धमाके के बाद उसने जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उस हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 32 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे.

अधिकारियों के मुताबिक, 10 नवंबर 2025 को डॉनी को घटनास्थल पर जांच के लिए तैनात किया गया था. मलबे और जोखिम भरे माहौल के बीच उसने विस्फोटक पदार्थों के अंशों की मौजूदगी की पहचान की, जिससे फोरेंसिक और सुरक्षा एजेंसियों को इलाके को सुरक्षित करने और आगे के संभावित खतरों को रोकने में मदद मिली.

फरीदाबाद में भी पकड़ा अहम सुराग

डॉनी की भूमिका सिर्फ लाल किले तक सीमित नहीं रही. 12 नवंबर 2025 को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित खंडवाली में उसे एक संदिग्ध वाहन की जांच के लिए भेजा गया, जिस पर लाल किले हमले से जुड़े विस्फोटक ले जाने का संदेह था. यहां भी डॉनी ने विस्फोटकों की मौजूदगी की सटीक पहचान की. उसकी इस कार्रवाई से जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण सुराग मिले और आतंकियों की आगे नुकसान पहुंचाने की साजिश को नाकाम करने में मदद मिली.

सेना ने सराही बहादुरी

भारतीय सेना ने कहा कि बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में डॉनी का प्रदर्शन असाधारण रहा. उसकी समय पर की गई कार्रवाई ने आगे के खतरों को टालने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सीधा योगदान दिया.

क्या होता है COAS कमेंडेशन कार्ड?

COAS कमेंडेशन कार्ड भारतीय सेना का एक प्रतिष्ठित सम्मान है, जो असाधारण सेवा, पेशेवर उत्कृष्टता और साहस दिखाने वाले सैनिकों और कर्मियों को दिया जाता है. इस सम्मान के साथ डॉनी भारत के सम्मानित K9 योद्धाओं की उस खास श्रेणी में शामिल हो गया है, जो आतंकवाद-रोधी अभियानों में खामोशी से मोर्चा संभालते हैं.

इस साल 14 लोगों को मिला सम्मान

स्वतंत्रता दिवस 2026 पर COAS कमेंडेशन सूची में कुल 14 लोगों को सम्मानित किया गया. इसमें 11 अग्निवीर शामिल हैं. इसके अलावा 3 K9 (डॉग्स) को ऑपरेशनल योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया. जिन डॉग को सम्मान मिला उसमें लकी, आदिल और डॉनी शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: दिल्ली धमाका मामला: आरोपी मुजम्मिल, मुफ्ती इरफान, शाहीन सईद और आदिल की NIA रिमांड 10 दिन और बढ़ी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NSG, NSG Bomb Disposal Unit, Delhi Blast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com