बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने दिल्ली के अपने बंगले में आज गृह प्रवेश कर लिया. नीतीश कुमार का दिल्ली में नया पता 9, सुनहरी बाग रोड है. उनके बंगले के बगल में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का भी बंगला है. संसद का मॉनसून सत्र से पहले बिहार के पूर्व सीएम ने आज गृह प्रवेश किया. गौरतलब है कि संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा. यह 13 अगस्त तक चलेगा.
बंगले का निरीक्षण करते दिखे नीतीश
गृह प्रवेश के बाद नीतीश कुमार जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी के साथ नए घर का मुआयना करते नजर आए. कुछ महीने पहले नीतीश कुमार ने बिहार सीएम की कुर्सी छोड़ दी थी. राज्य में सम्राट चौधरी को नया सीएम बनाया गया है. नीतीश कुमार बतौर राज्यसभा सांसद पहली बार संसद के सत्र में भाग लेंगे. नीतीश पहली बार राज्यसभा सांसद बने हैं. नीतीश उन कुछ चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जो लोकसभा, राज्यसभा, विधान परिषद और विधानसभा के सदस्य रहे हैं.
राहुल और चिराग होंगे पड़ोसी
नीतीश के पड़ोसी राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान होंगे. सुनहरी बाग रोड पर ही एक नंबर बंगला केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और 5 नंबर बंगला नेता विपक्ष राहुल गांधी का सरकारी आवास है. कुछ समय पहले बीजेपी के नए अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी अपने लिए ये आवास देखा था. हालांकि तब उन्हें ये बंगला रास नहीं आया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं