नई दिल्ली: नेपाल-चीन सीमा पर बहने वाली भोटे कोशी नदी में आए भयंकर सैलाब और भूस्खलन ने भयानक तबाही मचाई है. इस भीषण प्राकृतिक आपदा में अबतक लगभग 160 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 750 लोग अब भी लापता हैं. इनमें 133 भारतीय भी शामिल हैं. काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और तमिलनाडु, केरलम, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों ने प्रभावित भारतीयों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन शुरू की हैं.
भारतीय नागरिकों की मदद और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर
काठमांडू में भारतीय दूतावास ने अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. लोग +977 985 131 6807 या +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं.

उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर
उत्तर प्रदेश के कई लोगों के नेपाल में फंसे होने की आशंका है. राहत आयुक्त कार्यालय ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक परामर्श जारी किया है. इसमें उनके परिजनों से कहा गया है कि यदि राज्य का कोई व्यक्ति नेपाल में फंसा है या उसे किसी तरह की सहायता की जरूरत है तो वह राज्य के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर तत्काल संपर्क करें.
उत्तराखंड के लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण फंसे या प्रभावित हो सकने वाले लोगों के परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. अधिकारियों के अनुसार, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के नंबर 0135-2710334, 2710335, 2664314, 2664315, 2664316 और 8218867005 के अलावा लोग टोल-फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क कर सकते हैं. अधिकारियों ने कहा कि यदि उत्तराखंड का कोई व्यक्ति नेपाल में फंसा है या कोई व्यक्ति किसी के बारे में जानकारी देना चाहता है तो वह इन हेल्पलाइन नंबर के जरिए संपर्क कर सकता है.

महाराष्ट्र के लिए हेल्पलाइन नंबर
अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र के सात पर्यटक नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण फंसे हुए हैं और ताजा जानकारी के अनुसार उनमें से चार सुरक्षित हैं. उन्होंने बुधवार रात बताया कि अन्य तीन पर्यटकों से संपर्क करने के प्रयास जारी हैं. एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि राज्य के आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने चार पर्यटकों से संपर्क स्थापित कर लिया है. इनमें मुंबई और पुणे के दो-दो लोग शामिल हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारी महाराष्ट्र के उन लोगों की सूची तैयार कर रहे हैं जिनके बाढ़ के कारण नेपाल में फंसे होने की आशंका है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मंत्रालय में चौबीसों घंटे काम करने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिससे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 या +91-9321587143 पर संपर्क किया जा सकता है. लोग ईमेल के जरिए भी संपर्क कर सकते हैं.

केरलम सरकार ने शुरू किया हेल्पडेस्क
केरलम सरकार ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित राज्य के लोगों को आपात सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकारी संस्था ‘नॉर्का-रूट्स' के माध्यम से एक हेल्पडेस्क शुरू किया है. ‘नॉर्का-रूट्स' राज्य सरकार के अप्रवासी केरलमवासी मामलों के विभाग की कार्यकारी एजेंसी है. बयान में कहा गया कि जिन लोगों को सहायता की आवश्यकता है वे ‘नॉर्का ग्लोबल कॉन्टैक्ट सेंटर' के टोल-फ्री नंबर 18004253939 पर संपर्क कर सकते हैं या विदेश से +91-8802012345 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने नेपाल की यात्रा कर रहे मलयाली लोगों से संपर्क नहीं कर पा रहे परिवारों से 9447111844 या 9747132147 पर सूचना देने का आग्रह किया है.
सिक्किम के लिए हेल्पलाइन नंबर
सिक्किम सरकार ने भी उन लोगों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की है जिनके परिवार के सदस्य या रिश्तेदार नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण फंसे या प्रभावित हो सकते हैं. सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) ने कहा, ‘‘सिक्किम के जिन लोगों के परिवार के सदस्य या रिश्तेदार इस समय नेपाल में हैं और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, उनसे अनुरोध है कि वे संबंधित जानकारी के साथ हेल्पलाइन नंबर 03592-201145, 03592-202461 और 03592-202256 पर संपर्क करें.''

ओडिशा
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा सरकार ने नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के कारण फंसे या परेशानी में पड़े राज्य के लोगों की सहायता के लिए नयी दिल्ली में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. एक सरकारी बयान में कहा गया कि हेल्पलाइन नंबर +91-7428135044, +91-8527580245 और 011-23012807 हैं. ओडिशा परिवार निदेशालय में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) प्रीतिश पांडा को इस काम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है.
छत्तीसगढ़
अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण वहां फंसे राज्य के लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग सहायता और जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन नंबर 1070 या +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं