विज्ञापन
4 minutes ago
नई दिल्‍ली:

 राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026' को इसका प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर मंगलवार को रद्द करने की घोषणा की. सरकार ने सीबीआई को इन ‘अनियमितताओं' की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया. चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा अब नए सिरे से आयोजित की जाएगी, जिसकी तिथियां अलग से अधिसूचित की जाएंगी. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर जारी एक बयान में कहा कि यह निर्णय पारदर्शिता बनाए रखने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में विश्वास को बरकरार रखने के लिए लिया गया है.

Breaking News LIVE Updates....

यह लोगों का भविष्य बर्बाद कर रही है : उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय

NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक के आरोपों पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह सरकार सिर्फ व्यापार और चोरी में लिप्त है. यह लोगों का भविष्य बर्बाद कर रही है. मेरी बेटी ने भी परीक्षा दी थी. प्रधानमंत्री मोदी ने पेट्रोल-डीजल बचाने और सोना न खरीदने को कहा था. पहले उदाहरण पेश करें, जैसे इंदिरा गांधी ने किया था. उन्होंने अपना सोना दान कर दिया था. पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने लोगों से भोजन त्यागने का आग्रह किया था, और वे और उनका परिवार ऐसा करने वाले पहले व्यक्ति थे... यह पेपर लीक करने वाली, भ्रष्ट और चोरों की सरकार है.

हर परीक्षा की व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर कहा,"लोगों को रात और सुबह की जानकारी में ये था कि NEET परीक्षा का पेपर लीक हो गया है. जैसे हमारे देश की अर्थव्यवस्था गड़बड़ाई हुई है वैसे इनकी हर परीक्षा की व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है परीक्षा जब होती है तब व्यवस्था लड़खड़ा जाती है.

हमने यह मामला CBI को सौंप दिया है: NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर NTA के DG अभिषेक सिंह

 NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर NTA के DG अभिषेक सिंह ने कहा, "7 मई की रात को हमें एक व्हिसलब्लोअर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि परीक्षा से पहले व्हाट्सएप पर एक पेपर मिला था जिसमें कुछ प्रश्न थे जो परीक्षा के प्रश्न से मेल खा रहे थे। हमने सभी को विश्वास दिलाया था कि इस बार NEET की परीक्षा बिना किसी त्रुटि के और जीरो टॉलरेंस के साथ आए थे... 3 तारीख को जो परीक्षा हुई वो बहुत सुचारू रूप से हुई... परीक्षा खत्म हो गई और सारी शीट्स हमें प्राप्त हो गई। मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी थी। हमारा ये प्रयास था कि हम परीक्षा के बाद भी किसी भी सूचना को उतनी ही गंभीरता से लेंगे जितना हम परीक्षा से पहले ले रहे थे... हमारा काम इन आरोपों की पुष्टि करना था, और यह भी पता लगाना था कि क्या वे PDF 3 मई - यानी परीक्षा के दिन से पहले किसी के पास उपलब्ध थे। जाँच करने पर पता चला कि कुछ सवाल हमारे प्रश्न पत्र से मेल खा रहे थे। यह भी पता चला कि 1 और 2 मई को, वह PDF कुछ लोगों के फ़ोन पर उपलब्ध था... हमने ये समझा कि ऐसा होता है तो यह हमारी 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति के खिलाफ था। इससे उन छात्रों के भविष्य पर बुरा असर पड़ेगा जो परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे... इसलिए, उनके हित को ध्यान में रखते हुए, हमने यह कड़ा निर्णय उठाया... हमने यह मामला CBI को सौंप दिया है। सभी आरोपियों को पकड़ा जाएगा और जेल भेजा जाएगा, ताकि छात्रों के भविष्य पर कोई बुरा असर न पड़े। हम छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करेंगे, और यह पूरी तरह से निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। हमने यह भी फैसला किया है कि हम दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेंगे; साथ ही, पहली परीक्षा के लिए लिया गया शुल्क भी हम वापस कर देंगे..."

नीट परीक्षा रद्द मामाले पर एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह का बयान

जब एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह से पूछा गया कि क्या एनटीए में किसी का पेपर लीक में हाथ हो सकता है, तो उन्होंने कहा, "चाहे वह अंदर का व्यक्ति हो या बाहर का, जो भी हो, हम सीबीआई से आग्रह करते हैं कि उन्हें गिरफ्तार करें और दंडित करें ताकि इस समस्या का जड़ से समाधान हो सके."

NEET पेपर लीक केस : CBI ने दर्ज किया केस

NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने केस दर्ज कर लिया है. इस मामले की जांच के तहत CBI की टीम राजस्थान पुलिस से पेपर लीक से जुड़े सभी दस्तावेज हासिल करेगी. इसके साथ ही जांच एजेंसी NTA के अधिकारियों से भी पूछताछ करेगी और परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण रिकॉर्ड व दस्तावेज अपने कब्जे में लेगी.

दिल्ली में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया ने जमकर विरोध प्रदर्शन

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा अंडरग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए 3 मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी 2026) रद्द कर दी गई है. यह फैसला परीक्षा से पहले पेपर लीक होने के कारण लिया गया है, जिसके बाद परीक्षार्थियों में सरकार और व्यवस्था की विफलता के खिलाफ नाराजगी है. इसी को लेकर मंगलवार को दिल्ली में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में नीट यूजी की परीक्षा में शामिल हुए सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल थे. इस दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "जिस तरीके से नीट यूजी का पेपर लीक हुआ है, उस पर सरकार ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, यह बेहद दुखद है. किस तरीके से 600 अंकों के प्रश्न पत्र छात्रों के बीच गेस पेपर के रूप में पहले ही सर्कुलेट हो गए, चाहे वो टेलीग्राम हो या व्हाट्सएप ग्रुप, यह सोचने का विषय है."

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किसी भी सवालों का जवाब देने से किया इनकार

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने NEET UG परीक्षा के मुद्दे पर मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया है. पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था.

मैं इस पेपर लीक की कड़ी निंदा करती हूं...सुप्रिया सुले

सुप्रिया सुले ने कहा कि मैं इस पेपर लीक की कड़ी निंदा करती हूं. सोचिए अभिभावकों का दर्द कैसा होगा. NEET को छात्रों के करियर का अहम मोड़ माना जाता है. यह सरकार की विफलता है. इसकी पूरी तरह से जांच होनी चाहिए, सिर्फ CBI को सौंप देना काफी नहीं है.

23 लाख छात्रों के भविष्य से एक बार फिर खिलवाड़ : तेजस्वी यादव

बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पेपर लीक के कारण 2026 की परीक्षा रद्द कर दी गई है. 23 लाख छात्रों के भविष्य से एक बार फिर खिलवाड़ किया गया. बिहार और देश में पेपर लीक का अंतहीन सिलसिला खत्म ही नहीं हो रहा है. क्या भाजपा की सरकारों में इतनी भी प्रशासनिक क्षमता, योग्यता, इच्छाशक्ति व कौशल नहीं है कि एक सामान्य परीक्षा को बिना पेपर लीक हुए सुनियोजित ढंग से आयोजित कर सके या फिर ये भी कोई “संयोग और प्रयोग वाला दांव” है जिससे देश की रुलाई में भी सत्ता की मलाई मिलती रहे.

नीट पेपर लीक केस : नासिक से हुई एक और गिरफ्तारी

नासिक से नीट पेपर लीक मामले का बड़ा कनेक्शन सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक इस मामले में नासिक से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. संबंधित व्यक्ति को इंदिरानगर पुलिस थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है.  नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच राजस्थान पुलिस के साथ-साथ अन्य केंद्रीय और राज्य स्तरीय जांच एजेंसियां भी कर रही हैं. मामले में कई राज्यों के बीच नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है.

यह सरकार सिर्फ 'जनआंदोलन' की भाषा समझती है : अरविंद केजरीवाल

NEET-UG 2026 परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों के बीच रद्द होने पर AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब NEET परीक्षा का पेपर लीक हुआ है. ऐसा चार बार हो चुका है. इसका सीधा सा मतलब है कि इसमें मिलीभगत और राजनीतिक संरक्षण शामिल है. इस देश में आखिर हो क्या रहा है? जो लोग ठीक से एक परीक्षा भी आयोजित नहीं करवा सकते, वे सरकार कैसे चलाएंगे? यह पूरी तरह से मिलीभगत का मामला है. मेरी संवेदनाएं परीक्षार्थियों के साथ हैं. मैं उनसे कहना चाहता हूं कि यह सरकार सिर्फ 'जनआंदोलन' की भाषा समझती है, और केजरीवाल उनके साथ है.

22 लाख से ज्‍यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को कुचल दिया, NEET परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी

नीट परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा है. राहुल ने एक्‍स पोस्‍ट में कहा, "किसी पिता ने कर्ज़ लिया, किसी मां ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, और बदले में मिला, पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार. यह सिर्फ़ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है. हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सज़ा भुगतते हैं. अब लाखों छात्र फिर से वही मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलेंगे. अगर अपनी तकदीर परिश्रम से नहीं, पैसे और पहुंच से तय होगा, तो फिर शिक्षा का मतलब क्या रह जाएगा?

विजय ने मुख्‍यमंत्री बनते ही अपने ज्‍योतिषी को सरकार में दिया बड़ा पद

थलापति विजय के मुख्‍यमंत्री बनने से तमिलनाडु की राजनीति में तो बड़ा बदलाव आया ही है, साथ ही उनसे जुड़े लोगों की भी किस्‍मत चमक गई है. विजय के ज्‍योतिषी थिरु रिक्की राधान को भी तमिलनाडु की सरकार में बड़ा पद मिल गया है. थिरु रिक्की राधान पंडित वेट्ट्रीवेल को मुख्यमंत्री की स्‍पेशल ड्यूटी (ओएसडी) ऑफिस में नियुक्त करने के आदेश दिया गया है.   

NEET परीक्षा 2026 की गई रद्द, 22 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा

भारत सरकार की मंजूरी से राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने और परीक्षा को अलग से अधिसूचित तिथियों पर फिर आयोजित करने का निर्णय लिया है. भारत सरकार ने इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का निर्णय लिया है, ताकि आरोपों की जांच की जा सके. एनटीए ब्यूरो को पूरा सहयोग देगा और जांच के लिए आवश्यक सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता प्रदान करेगा. नए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा. इसके अलावा, पहले से भुगतान की गई फीस छात्रों को वापस कर दी जाएगी और परीक्षा एनटीए के आंतरिक संसाधनों का उपयोग करके फिर आयोजित की जाएगी. पुनः आयोजित परीक्षा की तिथियों और पुनः जारी किए गए प्रवेश पत्र की अनुसूची सहित आगे की सूचनाएं एजेंसी के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी की जाएंगी.

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पलटा ट्रक, आम लूटने की मची होड़

पालघर  में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर डहाणू के चारोटी टोल नाके के पास गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा आम से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर घोल इलाके में पलट गया. इस हादसे के बाद महामार्ग पर आम का अंबार लग गया और उन्हें लूटने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. ड्राइवर का ट्रक से नियंत्रण छूट जाने के कारण ट्रक बीच सड़क पर ही पलट गया. ट्रक पलटते ही सैकड़ों कैरेट आम सड़क पर बिखर गए. दुर्घटना में ड्राइवर की मदद करने के बजाय, सड़क पर गिरे आमों को उठाने के लिए नागरिकों में होड़ मच गई. आम लूटने की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग झोले और डिब्बे लेकर आम बटोरते नजर आ रहे हैं.

सभी सरकारी और निजी स्कूलों में राजस्थानी भाषा का विषय होगा, सुप्रीम कोर्ट का अहम आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार को निर्देश दिया है कि राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में राजस्थानी भाषा को एक विषय के रूप में शुरू करने और उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं. जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और विजय विश्नोई  की पीठ ने कहा कि मातृभाषा आधारित शिक्षा को लेकर संविधान के प्रावधानों और नेशनल एजुकेशन  2020 (NEP 2020) के संदर्भ में राजस्थान सरकार को एक व्यापक और प्रभावी नीति बनानी चाहिए. अदालत ने माना कि राजस्थानी भाषा बोलने वाले लाखों बच्चों को अपनी मातृभाषा में शिक्षा पाने का अवसर मिलना चाहिए.

यूपी के नए मंत्रियों के दफ्तर तय, आज होगा आवंटन

उत्‍तर प्रदेश के नए  मंत्री कहां-कहां बैठेंगे ये तय हो गया है. सभी मंत्रियों के ऑफिस तय हो गए हैं, आज सभी को ऑफिस आवंटन हो भी जाएंगे. शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों के कार्यालय फाइनल किए गए. कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी को विधान भवन में कक्ष 82बी मिला है. मनोज पांडेय को बापू भवन के आठवें तल पर कार्यालय आवंटित हुआ था. अजीत सिंह पाल को बापू भवन के तीसरे तल पर कमरा मिला है. सोमेंद्र तोमर को बापू भवन के चौथे तल पर कार्यालय आवंटित हुआ है. राज्यमंत्री कृष्णा पासवान को कक्ष संख्या एफ-34 दिया गया है. सुरेंद्र दिलेर को बापू भवन के छठे तल पर कमरा आवंटित हुआ है. हंसराज विश्वकर्मा को बापू भवन के तीसरे तल पर कक्ष मिला है. 

PM मोदी के बेंगलुरु दौरे के रूट पर सिर्फ विस्फोटक नहीं, मिली थी और भी चीजें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बेंगलुरु दौरे के दौरान उनके काफिले के रूट के पास विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में जांच तेज हो गई है.  शुरुआती जांच में अब कुछ नए खुलासे सामने आए हैं, जिनके बाद सुरक्षा एजेंसियां संभावित IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) एंगल की भी जांच कर रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को रूट सैनिटाइजेशन के दौरान एक कार्डबोर्ड बॉक्स मिला था, जिसमें जिलेटिन की छड़ें बरामद हुई थीं. अब जांच में यह भी सामने आया है कि उसी बॉक्स में बैटरी, तार और सर्किट जैसी सामग्री भी मौजूद थी. 

मुंबई में 15 मई से 10% पानी की कटौती, BMC ने किया ऐलान

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बताया कि 15 मई से मुंबई में 10% पानी की कटौती की जाएगी. बीएमसी के पीआरओ के अनुसार, नगर निगम ने सोमवार को पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए एक सलाह जारी की, जिसमें कहा गया है कि आपूर्ति झीलों में जलस्तर काफी कम है. अधिकारियों ने मुंबई के नागरिकों से घबराने की अपील नहीं की और पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी. 

TVK को एआईएडीएमके का भी समर्थन

तमिलनाडु की राजनीति में उथलपुथल जारी है. एक समय थलापति विजय को मुख्‍यमंत्री बनने के लिए बहुमत का आंकड़ा जुटाने के लिए काफी जोर लगाना पड़ा, लेकिन अब एआईएडीएमके ने भी टीवके को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. एआईएडीएमके नेता सीवी शनमुगम ने कहा, "एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने डीएमके के समर्थन से मुख्यमंत्री बनने का प्रस्ताव रखा था. हालांकि, अधिकांश विधायकों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. परिणामस्वरूप, एआईएडीएमके किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन में नहीं है, और एक नया गठबंधन बनाना होगा. इसलिए, जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए, एआईएडीएमके विधायक दल ने टीवीके सरकार को अपना समर्थन देने का निर्णय लिया है. एसपी वेलुमणि और जी हरि को क्रमशः विधायक दल का नेता और उपनेता चुना गया है... हम एकजुट रहेंगे."

PM मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग, समाजवादी पार्टी के सांसद पर FIR

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने के आरोप में समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ महोबा के कोतवाली नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है. यह एफआईआर भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की शिकायत पर दर्ज की गई है.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com