विज्ञापन
This Article is From Aug 12, 2019

नेशनल कान्फ्रेंस के गिरफ्तार नेता को जम्मू कश्मीर से उत्तर प्रदेश स्थानांतरित किया गया 

एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश के बरेली की जेल में स्थानांतरित किया गया है. इसी के साथ जम्मू कश्मीर से अब तक 46 बंदियों को अन्य राज्यों में स्थानांतरित किया गया है.

नेशनल कान्फ्रेंस के गिरफ्तार नेता को जम्मू कश्मीर से उत्तर प्रदेश स्थानांतरित किया गया 
प्रतीकात्मक चित्र
नई दिल्ली:

जम्मू कश्मीर में कुछ दिन पहले गिरफ्तार किये गये नेशनल कान्फ्रेंस के नेता और पूर्व मंत्री अली मोहम्मद सागर को रविवार को उत्तर प्रदेश की एक जेल में स्थानांतरित कर दिया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. कैदियों को जम्मू कश्मीर से बाहर की जेलों में भेजने की केंद्र सरकार की योजना के तहत सागर राज्य से भेजे गए मुख्य धारा के पहले नेता हैं. एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश के बरेली की जेल में स्थानांतरित किया गया है. इसी के साथ जम्मू कश्मीर से अब तक 46 बंदियों को अन्य राज्यों में स्थानांतरित किया गया है.

धारा 370 पर सुप्रीम कोर्ट में 6 याचिकाएं दाखिल, जिसमें से चार बीते 24 घंटों में हुई

जम्मू कश्मीर प्रशासन ने समस्या पैदा करने के संदेह में शुक्रवार को 20 बंदियों को श्रीनगर से आगरा पहुंचा दिया था जबकि गुरुवार को 25 ऐसे लोगों को दूसरी जगह ले जाया गया था. सरकार द्वारा किये गये संवैधानिक बदलावों के मद्देनजर एहतियात के तौर यह कदम उठाया गया था. सागर को पांच अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के साथ गिरफ्तार किया गया था.

पाक अधिकृत कश्मीर में दर्जन भर आतंकी शिविर फिर सक्रिय, सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर

कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मिया कयूम और कश्मीर चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी मुबीन शाह उन 25 लोगों में शामिल थे जिन्हें गुरुवार को स्थानांतरित किया गया था. जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले संवैधानिक प्रावधानों को निरस्त करने और उसे जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख केंद्रशासित प्रदेशों में बांटने के बाद राज्य में सरकार ने कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को जम्मू कश्मीर के विभाजन पर कानून को मंजूरी दे दी थी. नये केंद्रशासित प्रदेश 31 अक्टूबर को अस्तित्व में आयेंगे. 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu And Kashmir, National Confrence, Leader Of National Confrence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com