महाराष्ट्र के नासिक में घटी एक घटना ने घूमने निकले एक परिवार के दिल और दिमाग पर गहरा जख्म छोड़ दिया. परिवार को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनका पिकनिक एक बुरे सपने में बदल जाएगा. यह सब इसलिए हुआ, क्योंकि महिला और उसके परिवार ने छेड़छाड़ करने वालों का सामना किया और उनका विरोध किया. NDTV से बात करते हुए पीड़िता ने उस खौफनाक घटना के बारे में बताया. महिला ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि छेड़छाड़ करने वाले इतने बेखौफ होंगे कि वे 20 किलोमीटर तक उनका पीछा करेंगे और सबके सामने उन पर हमला करेंगे.
पीड़िता ने NDTV को बताया, "हमने कभी नहीं सोचा था कि वे लोग हमारा पीछा करेंगे और हम पर हमला करेंगे. उन्होंने रॉड से कार पर हमला किया. वे हर तरफ से हमारा पीछा कर रहे थे. हम पर क्या गुजरी, इसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती."
नाम लेकर किया परेशान, विरोध पर किया हमला
पीड़िता ने अपने परिवार के साथ हुई घटना के बारे में बताते हुए कहा, "हम पिकनिक मनाने गए थे. हमने खाना खाया, पानी में मस्ती की और जाने की तैयारी कर रहे थे. तभी वहां मौजूद दो लोगों ने मेरा नाम लेकर मुझे परेशान करना शुरू कर दिया. मैंने उन लोगों को डांटा. मेरे पति ने भी उनका सामना किया और पूछा कि वे सार्वजनिक जगह पर एक महिला को क्यों परेशान कर रहे हैं." इसके बाद वे लोग गुस्सा गए और परिवार के साथ बदसलूकी शुरू कर दी, आसपास खाने-पीने का स्टॉल लगाने वाले कुछ और लोग भी उनके साथ गए.
10 से 12 लोग आए और करने लगे बदसलूकी
पीड़िता ने बताया, "कुछ ही देर में वहां 10-12 लोग जमा हो गए और वे सब हमारी तरफ झपटे." परिवार ने मामले को शांत करने और वहां से चले जाने की कोशिश की, लेकिन वे लोग मानने को तैयार नहीं थे. इस दौरान बहस हुई और वो लोग परिवार के साथ बदसलूकी करते रहे.''

उन्होंने बताया, "थोड़ी बहस के बाद हमने वहां से निकलने की कोशिश की. जब हम अपनी कार में बैठे, तो उन्होंने हमें रोक लिया और हमारी कार की खिड़कियां तोड़ने लगे. फिर उन्होंने लगभग 20 किलोमीटर तक हमारा पीछा किया. उन्होंने लोहे की रॉड से हमारी कार को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया. कार पूरी तरह से बर्बाद हो गई है."
पुलिस ने 9 लोगों को किया गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि कुल 10-12 आदमी थे और वह उनमें से ज्यादातर की पहचान कर सकती हैं. पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है और एक और की तलाश कर रही है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक पर पहले से हत्या का मामला दर्ज है.
महिला ने कहा- हमें लगा वो हमें मार डालेंगे
हमले के दौरान कार में चार बच्चे भी सवार थे. उन्होंने कहा, "बच्चे अभी भी बहुत डरे हुए हैं. हमलावर कार पर तब-तब हमला करते रहे जब भी ट्रैफिक के कारण कार की गति धीमी हुई और वे उसके करीब पहुंच पाए. कुछ हमलावर दोपहिया वाहनों पर सवार होकर परिवार की कार का पीछा कर रहे थे. "हमें डर था कि अगर हम रुके, तो वे हम पर हमला कर देंगे और हमें मार डालेंगे."
यह भी पढ़ें- नासिक में छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार पर हमला, 15 KM तक किया कार का पीछा, लोहे की रॉड से तोड़ा शीशा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं