मुंबई में दादर के गांधी मार्केट का जायजा ले रहीं मेयर रितु तावड़े के सामने ही एक शख्स खुले नाले में जा गिरा. ये हादसा देख मेयर रितु तावड़े बुरी तरह भड़क गईं और बीएमसी अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. मेयर ने सख्त लहजे में अल्टीमेटम दिया कि यदि मुंबई में कहीं भी मैनहोल खुला मिला, तो सीधे वॉर्ड अधिकारी सस्पेंड होगा. NDTV से बात करते हुए मेयर रितु तावड़े ने कहा कि अधिकारियों को सख्त आदेश दिये गए हैं कि तेजी से काम किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो.
मेयर साहिबा कह रही थीं 'सब कंट्रोल में है'
मेयर रितु तावड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मेयर मीडिया को बता रही हैं कि उनके इलाके में मॉनसून की बारिश से निपटने के लिए उचित इंतजाम किये गए हैं. स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है. संयोग से इसी दौरान पीछे से गुजर रहा एक शख्स खुले नाले में गिर गया. ऐसे में शख्स को नाले से बाहर निकालने के लिए सभी लोग दौड़ पड़े. मेयर भी वहां गईं और नाले में गिरे शख्स से उनका हालचाल जाना.

गनीमत रही कि शख्स को कोई चोट नहीं लगी, तुरंत उन्हें वहां खड़े लोगों ने नाले से निकाल लिया. नाले में गिरे शख्स का हाल जानने के बाद मेयर रितु तावड़े वहां मौजूद बीएमसी अधिकारियों पर भड़क उठीं. उन्होंने पूछा- क्या यही आपको इंतजाम हैं? मेयर की फटकार सुन बीएमसी अधिकारी के चेहरे लटक गए.
आदित्य ठाकरे पर कसा तंज!
मेयर रितु तावड़े ने आदित्य ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा, 'घर बैठकर काम करने वाले जरा ग्राउंड पर आकर देखें कि काम कैसे होता है.' दरअसल, आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुंबई में जलभराव की स्थिति पर सरकार पर निशाना साधा है.
ये भी पढ़ें :- मॉनसून से मुंबई की हालत पतली तो दिल्ली कितनी तैयार? 3 साल पहले बाढ़ में डूब गए थे ITO से यमुना बाजार तक इलाके, क्या है एक्शन प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं