मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे एक बार फिर भारी ट्रैफिक से हांफ रहा है. चैत्र नवरात्रि और रामनवमी की छुट्टी के दिन एक्सप्रेसवे पर पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया है. सरकारी छुट्टी होने के कारण वाहनों का भारी दबाव हाईवे पर दिखा. ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए पुलिस 10-10 मिनट का ब्लॉक लेकर वाहनों को आगे जाने की इजाजत दे रही है. एक्सप्रेसवे पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दे रहे हैं और घंटों इंतजार करने के कारण यात्री काफी परेशान दिखाई पड़े.
मुंबई‑पुणे एक्सप्रेसवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबी वाहन कतारें
— NDTV India (@ndtvindia) March 26, 2026
मुंबई‑पुणे एक्सप्रेसवे पर चैत्र नवरात्रि और रामनवमी की छुट्टियों के चलते भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है, बोरघाट इलाके में करीब 5 किलोमीटर लंबी वाहन कतारें लगी हैं, ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस 10‑10 मिनट… pic.twitter.com/Rg5UKzCOWf
एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लंबे काफिले का वीडियो भी सामने आया है, इसमें कारें, लॉरी, ट्रक, दूध की गाड़ियां और टैंकर भी शामिल हैं. जबकि दूसरी ओर पुणे जाने की ओर रास्ता खाली दिख रहा है. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर वाहनों का भारी दबाव रहता है, खासकर वीकेंड में यहां दिक्कतें सामने आ जाती है. इस ट्रैफिक जाम में तमाम ऐसे परिवार थे, जो सरकारी छुट्टी के कारण रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे, लेकिन जाम में फंस गए.
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पिछले माह 5 फरवरी को लंबा ट्रैफिक जाम लगा था, जो 32 घंटे तक चला था. पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हजारों लोग जाम में फंसे थे. अडोसी सुरंग के पास ज्वलनशील पदार्थ लेकर जा रहा टैंकर पलटने के बाद वहां ये स्थिति पैदा हुई थी. पुलिसकर्मियों के भी ये जाम खुलवाने में हाथ-पांव फूल गए थे.
ट्रैफिक जाम में अक्सर कारों के साथ भारी वाहनों के फंसे होने के कारण उन्हें आगे निकालने में ज्यादा परेशानी सामने आती है. गुरुवार को लगे जाम में भारी ट्रैक, कंटेनर आदि भी हैं, जिस कारण वाहन तेजी से नहीं निकल पा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं