विज्ञापन
This Article is From Feb 20, 2021

मुंबई पुलिस ने BJP माइनॉरिटी सेल के अध्यक्ष को बांग्लादेशी होने के आरोप में किया गिरफ्तार, कांग्रेस ने किए तीखे हमले

CAA कानून के ज़रिए देशभर से अवैध घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने की बात करने वाली बीजेपी के ही उत्तरी मुम्बई माइनॉरिटी सेल के अध्यक्ष पर बांग्लादेशी नागरिक होने का आरोप लगा है.

मुंबई पुलिस ने BJP माइनॉरिटी सेल के अध्यक्ष को बांग्लादेशी होने के आरोप में किया गिरफ्तार, कांग्रेस ने किए तीखे हमले
उत्तरी मुम्बई माइनॉरिटी सेल के अध्यक्ष पर बांग्लादेशी नागरिक होने का आरोप - फाइल फोटो
मुंबई:

CAA कानून के ज़रिए देशभर से अवैध घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने की बात करने वाली बीजेपी के ही उत्तरी मुम्बई माइनॉरिटी सेल के अध्यक्ष पर बांग्लादेशी नागरिक होने का आरोप लगा है. मुंबई पुलिस ने फर्जी दस्तावेज के सहारे मुंबई में रहने वाले रुबेल शेख को गिरफ्तार किया है तो वहीं कांग्रेस इस मामले में बीजेपी को घेरती नज़र आ रही है.

बीजेपी सांसद गोपाल शेट्टी के साथ इस तस्वीर में मौजूद यह शख्स बीजेपी के उत्तरी मुम्बई माइनॉरिटी सेल का अध्यक्ष रुबेल शेख है. मुंबई पुलिस ने रुबेल शेख को फर्जी दस्तावेज के साथ भारत में रहने के आरोप में पकड़ा है, पुलिस के अनुसार रुबेल बांग्लादेश का नागरिक है.

मुंबई पुलिस के डीसीपी पीआरओ एस चैतन्य ने कहा, ''मालवणी पुलिस ने कार्रवाई कर एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध तरीके से भारत में रहने के आरोप में पकड़ा है. दस्तावेज जांच करने पर पाया गया कि सारे दस्तावेज़ फर्जी हैं जिसके बाद इसे फॉरेनर्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है.''

तो वहीं इस मामले में कांग्रेस बीजेपी को घेरती नज़र आ रही है. CAA कानून को लागू करने की बात करने वाली बीजेपी पर तंज कसते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने ट्वीट कर पूछा कि क्या यह बीजेपी का संघ जिहाद है.

कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा, "उत्तर मुंबई स्थित बीजेपी का माइनॉरिटी सेल का जिलाध्यक्ष बांग्लादेशी निकल चुका है. हम बीजेपी को पूछना चाहते हैं कि क्या यह बीजेपी का संघ जिहाद है? क्या CAA कानून में बीजेपी के लिए अमित शाह जी ने विशेष प्रावधान किये हैं? देशभर के लिए अलग कानून होता है और बीजेपी के लिए अलग कानून.''

रुबेल शेख के साथ अपनी तस्वीर वायरल होने के बाद बीजेपी सांसद गोपाल शेट्टी इस मामले में सफाई देते नजर आए और साथ ही बांग्लादेशियों के मामले पर उन्होंने कांग्रेस पर ही हमला बोला. 

बीजेपी सांसद गोपाल शेट्टी ने कहा, "रुबेन शेख को हमारे माइनॉरिटी सेल में शामिल किया गया था और बाद में उन्होंने मेरे साथ तस्वीर खिंचवाई थी. बहुत लोग खिंचवाते हैं, लेकिन मेरा यह मानना है कि अगर किसी ने गलत किया है तो कार्रवाई होनी चाहिए. मैं खुद पुलिस को इसकी जानकारी देता हूं. बांग्लादेशियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए, हमने CAA कानून लाया है. कांग्रेस को भी अपना पक्ष इसमें साफ करना चाहिए, परसों असम में राहुल गांधी ने कहा कि हम किसी को देश से निकलने नहीं देंगे.''

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Police, BJP Minority Cell President, Rubel Shaikh, Bangladeshi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com