- जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में भारी बारिश और बाढ़ से 20 से अधिक लोगों की मौत
- असम के 12 जिलों में बाढ़ की गंभीर स्थिति है, 1.7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
- नागालैंड के मोन जिले में बाढ़ और भूस्खलन से चार लोगों की मौत हुई है, पांच लोग लापता हैं और बचाव कार्य जारी है
देशभर के कई राज्यों में मॉनसून ने यू-टर्न लिया है. जम्मू-कश्मीर से लेकर नॉर्थ ईस्ट के राज्यों तक भारी बारिश के बाद तबाही हुई है. कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. जम्मू-कश्मीर में अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है. वहीं असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. 12 जिलों में 1.7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. इधर हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश ने तबाही मचाई है. कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है और स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी की गई है. हालात इतने खराब हैं कि कई लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हैं. जानिए मॉनसून किन राज्यों में तबाही मचा रहा है.
जम्मू-कश्मीर में 16 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में बाढ़ से हुई भारी तबाही और मौतों का मंजर सामने आ रहा है. सोमवार को लोगों की तकलीफों और बुनियादी ढांचे के ढहने की दिल दहला देने वाली खबरें सामने आईं, जबकि सैकड़ों लोग बाल-बाल मौत के मुंह से बच निकले. उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को हालात का जायजा लिया. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की और सभी विभागों को प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया.
रविवार तड़के राजौरी और पुंछ जिलों में कई जगहों पर बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. इस घटना में दस लोगों की मौत हो गई और आठ लोग लापता हैं. आशंका है कि लापता लोगों की भी मौत हो गई होगी क्योंकि उनके शव अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं. इसके अलावा, बाढ़ में कम से कम 20 गाड़ियां बह गईं और लगभग 40 अन्य गाड़ियों को नुकसान पहुंचा. अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भीषण बाढ़
Photo Credit: IANS
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 12 जिलों में 1.7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
असम में सोमवार को बाढ़ की स्थिति काफी बिगड़ गई. लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न नदियों का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से 12 जिलों में 1.7 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं.असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या रविवार को सात जिलों में 57,100 से ज्यादा थी, जो सोमवार को बढ़कर 12 जिलों के 30 राजस्व मंडलों में 1.7 लाख से ज्यादा हो गई है.
बुलेटिन के मुताबिक, इस साल आई बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या पांच है. फिलहाल कुल 580 गांव पानी में डूबे हुए हैं, जबकि 10362.9 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है. कई जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य सार्वजनिक अवसंरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं. ब्रह्मपुत्र नदी नेमाटीघाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि उसकी सहायक नदियां खोवांग में बुरीदिहिंग, शिवसागर में दिखौ, नांगलामुराघाट में दिसांग और नुमालीगढ़ में धनसिरी भी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं.

असम में बाढ़ से बिगड़े हालात
Photo Credit: IANS
नागालैंड में बाढ़ और लैंडस्लाइड से पांच लोगों की मौत
नागालैंड के मोन जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि पांच लोग अब भी लापता हैं. लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, मलबे से तीन महिलाओं और एक पुरुष के शव बरामद किए गए हैं. खराब मौसम और दुर्गम रास्तों के बावजूद बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं. एक अन्य घटना में, नगिनीमोरा में अचानक आई बाढ़ में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया और उन्हें इलाज के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है.

अरुणाचल के चार जिलों में बाढ़ और भूस्खलन
भारी बारिश के कारण सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के चार जिलों में फिर से बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाएं हुईं. वहीं ईस्ट सियांग में एक दिन पहले बाढ़ के तेज बहाव में बहे एक शख्स की तलाश जारी है. बाढ़ और जमीन खिसकने की इन घटनाओं में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, 29 लोग घायल हुए हैं और पूर्वोत्तर राज्य के 25 जिलों में 1,49,378 लोग प्रभावित हुए हैं. भारी बारिश के कारण कामले में बड़े पैमाने पर तबाही हुई, जबकि क्रा दादी, ईस्ट सियांग और चांगलांग जिलों में फिर से लैंडस्लाइड और बाढ़ की खबर मिली. बुलेटिन के अनुसार, रविवार से इस आपदा से 51 लोग प्रभावित हुए हैं,जिनमें चांगलांग में 41 और कामले में 10 लोग शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: बिहार में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट, नेपाल से आने वाली नदियां उफान पर, मौसम विभाग का भी आया अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं