विज्ञापन

बीमार पिता का 13 साल का बेटा बना सहारा, लैपटॉप और WIFI से खड़ा कर दिया 200 करोड़ का बिजनेस, दुनिया कहती है 'देसी रिच किड'

Manjit Singh Sangha Success story: पिता ढाबे में बर्तन धोते थे और बेटे ने परिवार के लिए अपना प्लेस्टेशन तक बेच दिया. जानिए कैसे 18 साल का यह 'देसी रिच किड' आज 200 करोड़ की संपत्ति और प्राइवेट जेट का मालिक है.

बीमार पिता का 13 साल का बेटा बना सहारा, लैपटॉप और WIFI से खड़ा कर दिया 200 करोड़ का बिजनेस, दुनिया कहती है 'देसी रिच किड'

क्या आपने कभी सोचा है कि जिस उम्र में बच्चे अपने करियर को लेकर कन्फ्यूज रहते हैं, उस 18 साल की उम्र में कोई खुद के दम पर करोड़पति बन सकता है. वो भी बिना किसी पुश्तैनी दौलत के, सिर्फ और सिर्फ अपने तेज दिमाग और दिन-रात की मेहनत से. आज हम आपको कहानी सुनाने जा रहे हैं एक ऐसे ही लड़के की, जिसे आज इंटरनेट की दुनिया में 'देसी रिच किड' (Desi Rich Kid) के नाम से जाना जाता है. इनका नाम है- मनजीत सिंह सांघा.

13 साल की उम्र में बड़ा हो गया मनजीत

मनजीत की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है. इनका जन्म जर्मनी के बर्लिन के पास एक छोटे से गांव में हुआ था. उनके पिता जब महज 17 साल के थे, तब वो अपना वतन भारत छोड़कर जर्मनी जा बसे थे. वहां जिंदगी बिल्कुल भी आसान नहीं थी. पेट पालने के लिए उनके पिता ने सालों तक ढाबों और होटलों में बर्तन धोए. फिर थोड़ी हिम्मत जुटाकर पार्टनरशिप में एक पिज्जा शॉप खोली, लेकिन किस्मत ने वहां भी ज्यादा साथ नहीं दिया और मुनाफा ना के बराबर रहा.    

लेकिन असली पहाड़ तब टूटा जब मनजीत सिर्फ 13 साल के थे. उनके पिता एक गंभीर बीमारी का शिकार हो गए. घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी अचानक मां के कंधों पर आ गई. अपनी मां को यूं संघर्ष करते देख उस 13 साल के बच्चे ने उसी दिन ठान लिया कि अब उसे अपने परिवार को इस दलदल से बाहर निकालना ही होगा.   

मनजीत अपने उस दौर को याद करते हैं, "पिता की बीमारी ने रातों-रात बड़ा कर दिया. जब मैंने मां की आंखों में वो दर्द देखा, तो लगा जैसे पैरों तले जमीन खिसक गई हो. बचपन का वो बेफिक्र एहसास अचानक छिन गया."

इस लड़के ने वो सब छोड़ दिया जो उसे खुशी देता था. यहां तक कि अपना सबसे प्यारा प्लेस्टेशन भी बेच दिया. ये सिर्फ एक गेमिंग कंसोल बेचना नहीं था, ये मनजीत की अपने 'कंफर्ट जोन' को आखिरी विदाई थी. उन्होंने खुद से वादा किया कि अब वो अपना वक्त बर्बाद नहीं करेंगे, बल्कि इससे अपना भविष्य बनाएंगे.      

नाकामी से शुरू हुआ सक्सेस का सफर

13 साल की उम्र में उन्होंने ज्वेलरी का बिजनेस शुरू किया, लेकिन वो बुरी तरह फ्लॉप हो गया. पर मनजीत ने हार नहीं मानी, बल्कि अपनी गलतियों से सीखा. 17 साल की उम्र में उन्होंने स्कूल छोड़ दिया. बिना किसी भारी-भरकम प्लानिंग के, बस कुछ कर गुजरने की चाहत और जेब में चंद यूरो लेकर वो बर्लिन की होलसेल मार्केट पहुंच गए. शुरुआत में उन्होंने कुछ बेल्ट और कपड़ों की तस्वीरें ऑनलाइन डालीं, लेकिन एक भी सामान नहीं बिका. पर कहते हैं न, जो कुछ बड़ा बनाना चाहता है, उसे पहले ये सीखना पड़ता है कि क्या काम नहीं करता.

फिर आया वो टर्निंग पॉइंट. मनजीत ने Amazon पर एक मेकअप बॉक्स देखा. उन्होंने उसी तस्वीर और जानकारी के साथ उसे eBay पर डाल दिया. 20 यूरो में खरीदा और 60 यूरो में बेच दिया. और सबसे हैरानी की बात, वो उसी दिन बिक गया. उनका दिमाग सन्न रह गया. उन्हें तब तक पता भी नहीं था कि इसे व्यापार की भाषा में 'ड्रॉपशिपिंग' (Dropshipping) कहते हैं. एक सेल ने मानो कामयाबी का कोई खुफिया ताला खोल दिया था.  


शुरुआत में कोई उंगली पकड़ने वाला नहीं था. किताबें पढ़ीं, यूट्यूब खंगाला और कई रातें बिना मुनाफे के गुजार दीं. फिर एक दिन स्कूल में डेस्क के नीचे छुपकर अपना लैपटॉप खोलते हुए उन्होंने पिछली रात की सेल देखी. उस एक सुबह उन्होंने उतना कमा लिया था जितना उनके टीचर पूरे महीने में कमाते थे. उस दिन मनजीत को समझ आ गया कि जब उनके पास भी दिन के 24 घंटे हैं, तो वो इन्हें किसी और के सपने पूरे करने में क्यों लगाएं.

आज अपनी मार्केटिंग स्किल्स के दम पर मनजीत छह ऑनलाइन स्टोर्स के मालिक हैं और हर महीने लाखों-करोड़ों (7 Figures) में कमाई कर रहे हैं. महज 18 साल की उम्र में इस लड़के ने मैकलारेन (McLaren), लैंबॉर्गिनी (Lamborghini) और यहां तक कि एक प्राइवेट जेट भी अपने नाम कर लिया है. मनजीत कहते हैं कि पैसा कमाने के लिए उन्हें सिर्फ एक लैपटॉप और एक अच्छे वाई-फाई की जरूरत है. आज वो एक सफल कंसलटेंट भी हैं, जो लोगों को बिजनेस और प्रोडक्ट बेचने के गुर सिखाते हैं. आज उनकी नेटवर्थ 100 करोड़ से 200 करोड़ के करीब है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Real Life Success Story, Success Story, Indian Success Story, NRI Success Story, Business Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com