विज्ञापन

शाहरुख की 'स्वदेश' देख भारत लौटे JEE टॉपर नितिन गुप्ता, अब IIT में पढ़ रहे मच्छरों का दिमाग

Nitin Gupta Success Story: आईआईटी कानपुर में मच्छरों और बाकी कीटों के दिमाग को पढ़ने का काम कर रहे नितिन गुप्ता की कहानी काफी दिलचस्प है. उन्होंने इसी संस्थान से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की थी, लेकिन बाद में बायोलॉजी और न्यूरोसाइंस में दिलचस्पी बढ़ गई.

शाहरुख की 'स्वदेश' देख भारत लौटे JEE टॉपर नितिन गुप्ता, अब IIT में पढ़ रहे मच्छरों का दिमाग
JEE टॉपर नितिन गुप्ता की कहानी

शाहरुख खान की फिल्म 'स्वदेश' देखकर कोई वापस अपने वतन लौट सकता है, ये शायद ही आपने कभी सोचा होगा. IIT-JEE 2000 में ऑल इंडिया टॉपर नितिन गुप्ता ने वाकई ऐसा कर दिखाया. विदेश में अच्छी नौकरी और सैलरी पैकेज छोड़कर उन्होंने भारत में ही नौकरी करने का फैसला किया. नितिन साल 2014 में आईआईटी कानपुर लौट गए और अब यहां मच्छरों का दिमाग पढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. आज हम आपको उनकी सक्सेस स्टोरी बताएंगे, साथ ही ये भी जानेंगे कि आखिर ये टॉपर भारत में क्या-क्या काम कर रहा है. 

IIT कानपुर से की पढ़ाई 

JEE में पहली रैंक लाने के बाद नितिन गुप्ता ने IIT कानपुर में एडमिशन लिया और यहां से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने टेक इंडस्ट्री में नौकरी करने की बजाय प्रोफेसर बनने का फैसला कर लिया. उनकी दिलचस्पी बायोलॉजी में काफी ज्यादा थी, ऐसे में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया से 2009 में बायोइंफॉर्मेटिक्स और सिस्टम्स बायोलॉजी में PhD पूरी की. 

इसके बाद उन्होंने न्यूरोसाइंस की पढ़ाई की और यूनिवर्सिटी की कॉग्निटिव न्यूरोसाइंस लैब में कुछ महीने बिताए. यहां उन्होंने ये समझने की कोशिश की कि इंसान के काम को खाने या फिर पैसों की इच्छा कैसे बदल देती है. इसके बाद नितिन गुप्ता ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) में पोस्टडॉक रिसर्चर के तौर पर काम किया और 'इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी' पर स्टडी की. 

अपने ही संस्थान में मिली नौकरी

नितिन खुद बताते हैं कि विदेश में नौकरी करने के दौरान जब उन्होंने शाहरुख खान की स्वदेश फिल्म देखी तो उसने उनका मन बदल दिया और वो भारत लौट आए. उन्होंने उसी संस्थान में नौकरी शुरू की, जहां वो कभी बतौर छात्र पढ़ने गए थे. 2014 में नितिन ने IIT कानपुर के बायोलॉजिकल साइंसेज एंड बायोइंजीनियरिंग विभाग में फैकल्टी के पद पर नौकरी ज्वाइन की. 

जीवों का दिमाग पढ़ने का काम

नितिन गुप्ता आईआईटी कानपुर में ये स्टडी कर रहे हैं कि हमारा नर्वस सिस्टम काम कैसे करता है. जब भी कोई गंध का संकेत दिमाग में जाता है तो कैसे दिमाग उसे व्यवहार में बदल देता है. इसके लिए वो मच्छरों, टिड्डियों और मक्खियों पर रिसर्च करते हैं. नितिन गुप्ता की लैब ने मच्छरों के दिमाग के उस हिस्से को रीड किया, जो गंध को प्रोसेस करता है. यानी इंसानी पसीने की गंध से आकर्षित होना और मॉस्किटो रिपेलेंट की महक से दूर भागना...उनकी पब्लिश स्टडी में बताया गया कि मच्छर का दिमाग इसके लिए न्यूरॉन्स के कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल करता है. 

ये भी पढ़ें - IIT दिल्ली में निकली डायरेक्टर की नौकरी, 2 लाख से ज्यादा मिलेगी सैलरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, Nitin Gupta, JEE Topper, IIT Kanpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com