विज्ञापन

मणिपुर में BJP विधायक के घर पर बम धमाका, कौन हैं डॉक्टर से नेता बने सपम रंजन?

मणिपुर में कोंथौजम सीट से भाजपा विधायक और सरकार के प्रवक्ता डॉ. सपम रंजन सिंह के घर के पास 28 अगस्त को अलसुबह बम धमाका हुआ. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई. मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए हैं.

मणिपुर में BJP विधायक के घर पर बम धमाका, कौन हैं डॉक्टर से नेता बने सपम रंजन?
बम धमाके के बाद मणिपुर CM युमनाम खेमचंद सिंह ने MLA सपम रंजन के घर का दौरा किया.
@YKhemchandSingh
  • मणिपुर के भाजपा विधायक डॉ. सपम रंजन सिंह के घर 28 अगस्त तड़के बम धमाका हुआ.
  • धमाका कोंथौजम मयाई लीकाई के घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुआ, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए
  • मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और त्वरित तथा सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया

मणिपुर में कोंथौजम सीट से भाजपा विधायक डॉ. सपम रंजन सिंह के इस्‍फाल वेस्‍ट स्थित घर 28 अगस्त तड़के बम धमाका हुआ है. गनीमत यह रही कि धमाके से किसी को चोट नहीं आई है. घटना कोंथौजम मयाई लीकाई के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में हुई. धमाके की तेज आवाज से आसपास के घरों में भी लोगों की नींद टूट गई और उनमें दहशत फैल गई.

धमाके की वजह पता नहीं चल पाई

डॉ. सपम रंजन सिंह न केवल भाजपा विधायक हैं, बल्कि मणिपुर सरकार के आधिकारिक प्रवक्ता भी हैं. उनके घर के ठीक पीछे यह धमाका क्यों और किसने किया? इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है. वह इस धमाके से महज एक दिन पहले ही दिल्ली से मणिपुर लौटे थे.

मुख्यमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा

बम धमाके के बाद दोपहर में मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने कोंथौजम मयाई लीकाई पहुंचकर सपम रंजन के घर का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने पूरे मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है. 

'लोकतंत्र पर हमला': घटना की कड़ी निंदा

मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे 'लोकतंत्र पर हमला' बताया. वहीं, सपम रंजन सिंह ने कहा कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी और न ही उन्हें पहले कभी इस तरह की कोई धमकी मिली थी. उन्होंने चिंता जताई कि ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों के मन में डर और असुरक्षा की भावना पैदा हो सकती है. 

विधायक ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की कि वे धमाका करने वाले असामाजिक तत्वों की जल्द पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में इस तरह की हिंसक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manipur, Bomb Blast, India, BJP MLA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com