विज्ञापन

काउंटिंग सेंटर पर डटे रहें, गलत नैरेटिव फैलाया जा रहा... ममता बनर्जी की TMC उम्मीदवारों से अपील

बंगाल विधानसभा चुनाव की काउंटिंग जारी है. इस बीच ममता बनर्जी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा और अपने उम्मीदवारों से खास अपील की.

काउंटिंग सेंटर पर डटे रहें, गलत नैरेटिव फैलाया जा रहा... ममता बनर्जी की TMC उम्मीदवारों से अपील

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच अपने पार्टी उम्मीदवारों और एजेंटों से सतर्क रहने और मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाने की अपील की. बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील ऐसे समय में की है जब निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अधिकतर सीट पर बढ़त बनाती दिख रही है.

बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा और निर्वाचन आयोग ने मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा की बढ़त दिखाने की ‘‘योजना'' बनाई गई है. चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा 192 सीट पर आगे है जबकि तृणमूल 94 सीट पर बढ़त बनाए हुए है. बनर्जी ने मतगणना के बीच जारी एक वीडियो संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और मनोबल कमजोर नहीं करने की अपील की.

उन्होंने कहा, ‘मैं सभी से अपील करती हूं कि तृणमूल उम्मीदवार और मतगणना एजेंट मतगणना केंद्र छोड़कर नहीं जाएं.' बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी बड़ी संख्या में निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए हैं. उन्होंने दावा किया, ‘हम अब भी 170 सीट पर आगे हैं और मैं सभी से उम्मीद नहीं छोड़ने का अनुरोध करती हूं.'

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से एक योजना बनाई गई है. बनर्जी ने कहा, ‘करीब 70 से 100 सीट ऐसी हैं, जहां हम आगे हैं लेकिन वे उन सीट के आंकड़े साझा नहीं कर रहे.' उन्होंने कहा कि झूठे नैरेटिव को फैलाया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग पर उन इलाकों में ‘नतीजे या बढ़त घोषित नहीं करने' का आरोप लगाया, जहां तृणमूल आगे है. उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग और भाजपा की सोची-समझी योजना है, क्योंकि आयोग उन क्षेत्रों में नतीजे या बढ़त घोषित नहीं कर रहा है, जहां हम आगे हैं. बनर्जी ने कुछ स्थानों पर मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘कई स्थानों पर शुरुआती दो से तीन दौर के बाद मतगणना रोक दी गई है. कल्याणी में हमने सात मशीनों में गंभीर विसंगतियां पकड़ी हैं.'

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं को केंद्रीय बलों की मदद से परेशान किया जा रहा है और पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ कर जबरन कब्जा किया जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय बलों की मदद से वे टीएमसी के कार्यकर्ताओं को परेशान और प्रताड़ित कर रहे हैं. हमारे कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है.' बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि SIR जानबूझकर उन सीटों को निशाना बनाकर की गई, जहां हम मजबूत थे.'

बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करने की कोशिश करते हुए कहा कि मतगणना के कई दौर अभी बाकी हैं और उन्होंने उनसे मजबूती से डटे रहने को कहा. उन्होंने कहा, ‘मतगणना के 14 से 18 दौर होंगे. आप निश्चित रूप से विजयी होंगे। डरिए मत, बाघों की तरह लड़िए.'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com