विज्ञापन

मालवीय नगर आग हादसे के बाद एक्शन में प्रशासन, साउथ दिल्ली में 10 इमारतों को किया सील

मालवीय नगर में हुए भीषण आग हादसे के बाद दिल्ली प्रशासन सख्त हो गया है. हादसे में 21 लोगों की मौत के बाद साउथ दिल्ली के हौजरानी इलाके में 10 अवैध इमारतों को सील किया गया है. जांच में फायर सेफ्टी नियमों की बड़ी लापरवाही सामने आई है.

मालवीय नगर आग हादसे के बाद एक्शन में प्रशासन, साउथ दिल्ली में 10 इमारतों को किया सील
फाइल फोटो।

दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. इस हादसे में 21 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद अब शहर में अवैध रूप से चल रही इमारतों और गेस्ट हाउसों पर सख्ती शुरू हो गई है. इसी कड़ी में दक्षिणी दिल्ली के हौजरानी इलाके में 10 इमारतों को सील कर दिया गया है.  

हौजरानी इलाके में चला सीलिंग अभियान

आग हादसे के बाद दक्षिणी दिल्ली के हौजरानी इलाके में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई. एसडीएम महरौली राहुल राठौड़ के अनुसार, 10 इमारतों को सील किया गया है. ये सभी प्रॉपर्टी या तो बिना अनुमति के चल रही थीं या फिर तय नियमों के खिलाफ उपयोग की जा रही थीं.

जांच में सामने आया कि इन इमारतों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी की गई थी. कई जगहों पर एंट्री और एग्जिट का एक ही रास्ता था, जो आपात स्थिति में खतरा बन सकता है. इसके अलावा, जहां 6 कमरे होने चाहिए थे, वहां 20 से 25 कमरे तक बना दिए गए थे और फायर सेफ्टी का कोई इंतजाम नहीं था.

आसपास की इमारतों पर भी कार्रवाई

जिस फ्लरिश स्टे होटल में आग लगी थी, उसके आसपास की इमारतों पर भी प्रशासन की नजर गई. एसडीएम ने साफ कहा कि जिन भवनों के पास उचित अनुमति नहीं है या नियमों का उल्लंघन हुआ है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. इसलिए पास की प्रॉपर्टी को भी सील किया गया.

होटल मालिक की गिरफ्तारी

बता दें कि मालवीय नगर आग हादसे के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए फ्लरिश स्टे होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, होटल संचालन में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है.

B&B योजना के नए लाइसेंस पर रोक

जानकारी के मुताबिक, 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान शुरू हुई बेड-एंड-ब्रेकफास्ट (B&B) योजना का कई जगह गलत इस्तेमाल किया जा रहा था. इस योजना में अधिकतम 6 कमरों में गेस्ट रखने की अनुमति थी, लेकिन लोग 20-30 कमरों तक के होटल चला रहे थे. अब सरकार ने साफ कर दिया है कि B&B योजना के तहत कोई नया लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा. मालवीय नगर हादसे के बाद प्रशासन ने सभी B&B और गेस्ट हाउस की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.  

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com