जम्मू के बंटलाब में शुक्रवार को एक पुल का हिस्सा ढह गया. इस हादसे के बाद पुल के मलबे में अब कई मजदूरों के दबे होने की खबर आ रही है. फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है. बताया जा रहा है कि ये हादसा उस वक्त हुआ जब ये सभी मजदूर एक पुल को चौड़ा करने का काम चल रहे थे. घटना के समय मौके पर 6 मजदूर नए पुल के निर्माण के लिए जमीन खोदने के काम में लगे हुए थे.
इसी दौरान पास में बना एक पुराना पुल ढह गया और वो सभी उसके मलबे में दब गए. हालांकि इस मलबे से दो मजदूरों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया लेकिन अभी भी चार मजदूरों के फंसे होने की खबर है. सूत्रों के अनुसार जम्मू कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, भारतीय सेना मौके पर बचाव अभियान चला रही है. बताया जा रहा है कि इस हादसे में 6 मजदूर मलबे में दबे थे जिनमें से अब भी चार की तलाश जारी है.
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, जब पुराने पुल का पास का ढांचा ढह गया, तब घटनास्थल पर 5-6 लोग काम कर रहे थे. बचाव अभियान का नेतृत्व पुलिस, नागरिक प्रशासन और सेना के जवान कर रहे हैं, जिसमें घटनास्थल पर जमा हुए स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है.
जैसे-जैसे बचाव कार्य जारी है, फंसे हुए मज़दूरों के परिवार के सदस्य बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं और अपने प्रियजनों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. माहौल तनावपूर्ण है, और अपने प्रियजनों के बारे में अच्छी खबर सुनने का इंतज़ार कर रहे लोगों की आँखों में आंसू हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं