Jammu & Kashmir News: जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर में एक छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले ने तूल पकड़ लिया. इस घटना के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन किया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों के शामिल होने से माहौल बिगड़ गया और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर छापेमारी की और पांच और लोगों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही अब तक कुल 13 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है. अधिकारियों का कहना है कि अन्य संदिग्धों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
छात्रा से उत्पीड़न का मामला
जानकारी के अनुसार, सोपोर के एक सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा के साथ एक वरिष्ठ व्याख्याता द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. इस मामले में सोमवार को केस दर्ज किया गया, जिसके बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया.
अधिकारियों के मुताबिक, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. इन लोगों ने न सिर्फ तोड़फोड़ की बल्कि कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित किया. पुलिस का कहना है कि ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई
घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी व्याख्याता को तुरंत निलंबित कर दिया है. साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं. संयुक्त निदेशक (उत्तर कश्मीर) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और उन्हें 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है.
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस ने साफ कहा है कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. जो भी व्यक्ति अव्यवस्था फैलाने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आम नागरिकों से सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें- सिर, पीठ और जांघ पर डंडे मारे, खून नहीं निकला पर हो गई मौत, सामने आई BAP नेता के भाई की पोस्टमार्टम रिपोर्ट
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं