Kashmir Crime News: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ भी बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक अनंतनाग पुलिस ने पूरे जिले में नशा विरोधी अभियान चलाया. इसके तहत अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की. इसमें पांच तस्करों को पकड़ा गया. कार्रवाई को लेकर अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मकसद इलाके में बढ़ती नशा तस्करी पर रोक लगाना है.
घर में मारा छापा, बरामद हुई 3 किलो चरस
पुलिस ने बताया कि एक खास सूचना मिलने के बाद अदालत से तलाशी वारंट हासिल किया. इसके बाद संगम इलाके के नैना गुंड बाबा खलील में रहने वाले फैयाज अहमद डार के घर पर छापा मारा. जिसमें तलाशी के दौरान पुलिस को घर से 3 किलो 99 ग्राम चरस जैसा पदार्थ मिला. इस बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही फैयाज अहमद डार और उसके बेटे अरबाज अहमद डार को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज
पुलिस ने बताया कि इस मामले में बिजबेहारा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकना
बता दें कि पुलिस ने जम्मू-कश्मीर में ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा बल भी शामिल हैं. इस अभियान का उद्देश्य केंद्र शासित प्रदेश में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी को रोकना है.
आतंकवाद जैसी गतिविधियों को मिलता है बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, कई बार इन गैरकानूनी गतिविधियों से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल हवाला नेटवर्क के जरिए किया जाता है. ऐसे फंड का उपयोग क्षेत्र में आतंकवाद जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी किया जा सकता है, इसलिए पुलिस इन मामलों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: झारखंड: आवासीय विद्यालय में शर्मनाक हरकत, तीसरी कक्षा की छात्रा दुष्कर्म से हुई गर्भवती; प्रधानाध्यापक भेजा गया जेल
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं