तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में वालपराई पहाड़ियों में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. केरल की एक टूरिस्ट वैन खाई में गिर गई. इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और ड्राइवर समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
बैरियर से टकरा खाई में गिरी वैन
जांचकर्ताओं के अनुसार, केरल के मलप्पुरम जिले से 13 लोगों को ले जा रही वैन वालपराई-पोल्लाची पहाड़ी सड़क से नीचे उतरते समय बेकाबू हो गई. गाड़ी 13वें हेयरपिन मोड़ पर एक बैरियर से टकरा गई और एक गहरी खाई में गिर गई. कई बार लुढ़कने के बाद वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हालत में जाकर रुकी. मौके से मिली तस्वीरों में वैन टक्कर के कारण पूरी तरह से पिचक गई थी, जिससे दुर्घटना की गंभीरता का पता चलता है.
वालपराई के एक पुलिस अधिकारी ने NDTV को बताया, 'आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इनमें सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल है. ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है. एक और व्यक्ति की पोल्लाची सरकारी अस्पताल में मौत हो गई.'
वालपराई घूमने गए थे टीचर्स
बताया जा रहा है कि पीड़ितों में से कुछ मलप्पुरम के एक स्कूल के शिक्षक थे, जो वालपराई घूमने गए थे और दुर्घटना के समय घर लौट रहे थे. पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने बचाव अभियान चलाया. उन्होंने खाई से शवों को निकाला और घायलों को इलाज के लिए पोल्लाची सरकारी अस्पताल पहुंचाया.
कोयंबटूर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हम जांच कर रहे हैं कि आखिर क्या गड़बड़ी हुई.' ड्राइवर के बारे में एक खास सवाल के जवाब में अधिकारी ने कहा, 'अभी हम इस बात की पुष्टि नहीं कर पाए हैं कि ड्राइवर सुरक्षित है या नहीं.' पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है.
தமிழ்நாட்டின் கோயம்புத்தூரில் நிகழ்ந்த விபத்தை அறிந்து மிகுந்த வேதனையடைந்தேன். இந்த விபத்தில் தங்கள் அன்புக்குரியவர்களை இழந்தவர்களுக்கு எனது ஆழ்ந்த இரங்கல்களைத் தெரிவித்துக்கொள்கிறேன். காயமடைந்தவர்கள் விரைவில் குணமடைய பிரார்த்திக்கிறேன்: பிரதமர் @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) April 17, 2026
इस हादसे पर पीएमओ का बयान आया. पीएमओ ने ट्वीट करते हुए कहा कि तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं