पीएम मोदी रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. साथ ही दिल्ली मेट्रो के फेज-5 के तहत नए मेट्रो प्रोजेक्ट की बुनियाद भी रखेंगे. प्रधानमंत्री मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर पिंक लाइन मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. साथ ही दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) को भी हरी झंडी दिखाएंगे. पिंक लाइन का कॉरिडोर रिंग मेट्रो लाइन का काम करेगा. 12.3 किलोमीटर का मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन पर 10 मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं. ये मजलिस पार्क, बुराड़ी, झरोदा, माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नाहकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर बाबरपुर शामिल हैं. इसमें से आठ स्टेशन एलिवेटेड और दो भूमिगत हैं. ये कॉरिडोर पिंक लाइन मेट्रो के मजलिस पार्क-शिव विहार मेट्रो का ही हिस्सा हैं. इससे पिंक लाइन मेट्रो का दायरा बढ़कर 71.56 किमी हो जाएगा.
मैजेंटा लाइन कॉरिडोर
दूसरा मैजेंटा लाइन पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क को 9.92 किलोमीटर का कॉरिडोर है. इसमें 7 एलिवेटेड स्टेशन होंगे. इसमें दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुर-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन शामिल हैं. ये बॉटैनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क सेक्शन की मेट्रो का एक्सटेंशन है. इस खंड के जुड़ने से मैजेंटा लाइन का दायरा बढ़कर 49 किलोमीटर तक हो जाएगा.

Delhi Metro Pink Line and Magenta Line Route
मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो कॉरिडोर
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का कहना है कि दीपाली चौक-मजलिस पार्क मेट्रो रूट का एक एलिवेटेड हिस्सा 28.36 मीटर की ऊंचाई पर होगा, जो दिल्ली मेट्रो के सबसे ऊंचे वाले एलिवेटेड रूट में से एक होगा. मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर के लिए यमुना नदी पर नया पुल बनाया गया है. साथ ही मेट्रो ट्रैक और फ्लाईओवर जोड़ने के लिए वायाडक्ट भी बना है. यमुना नदी पर दिल्ली मेट्रो का ये पांचवां ब्रिज है.
दिल्ली मेट्रो के 3 नए कॉरिडोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली मेट्रो के 5(ए) कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे. इसमेंएरो सिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन और राम कृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर शामिल है.
नोएडा से लेकर फरीदाबाद तक फायदा
इस प्रोजेक्ट से हरियाणा में वल्लभगढ़ और फरीदाबाद के निवासी भी वॉयलेट लाइन के जरिये तुगलकाबाद तक आसानी से पहुंच पाएंगे और फिर वहां से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक जा सकते हैं. वहीं नोएडा से आने वाले मेट्रो यात्री मैजेंटा लाइन से होते हुए कालिंदी कुंज तक पहुंचेंगे. वहां से गोल्डन लाइन के जरिये साउथ दिल्ली के दूसरे हिस्सों तक आसानी से यात्रा कर पाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं