पहले पत्नी, फिर बहन और आखिर में खुद... उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में गुरुवार को एक ऐसा कत्लेआम मचा जो किसी खतरनाक क्राइम थ्रिलर फिल्म से कम नहीं था. एक शख्स ने पहले पत्नी के ऑफिस के बाहर पहुंचकर उसे गोली मारी. फिर घर लौटा, अपनी बहन की हत्या की और फिर खुद ने आत्महत्या कर ली.
ये सब जिसने किया, उसका नाम मानस बाजपेयी है. उसने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर सरेआम हत्या कर दी. फिर घर लौटकर अपनी बहन तूलिका उर्फ शिबा को मारा. आखिर में खुद ने भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली.
गोमती नगर में क्या कुछ हुआ?
दोपहर करीब 12 बजे मानस ने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को ऑफिस के बाहर बुलाया. दिव्या ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थीं. बाहर बुलाकर मानस ने कुछ देर दिव्या से बात की और फिर गोली मार कर फरार हो गया.
गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक के कर्मचारी और आसपास के लोग आ गए. तुरंत महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Photo Credit: NDTV
एक चश्मदीद ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि जब वह रास्ते से गुजर रहा था तो एक शख्स के हाथ में दो पिस्टल थीं. उसने बात करते-करते दोनों पिस्टल निकालकर गोली चला दी. आवाज सुनकर बैंक के कर्मचारी भी बाहर निकले लेकिन उसने बैंक कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी. इसके कारण सभी वापस अंदर भाग गए.
एक और चश्मदीद ने बताया कि मानस एक ऑटो में आया था. वारदात के बाद वह व्यक्ति ऑटो से ही वहां से भागा. उसने बताया कि ऑटो के पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी.
घर पहुंचा, बहन को मारा और आत्महत्या कर ली
मानस का घर हुसड़िया चौराहे के पास है, जहां वह किराये से रहता था. उसके घर के पास फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले लवकुश ने बताया कि करीब 12:30 बजे मानस अचानक वहां आया. वह पसीने से भीगा हुआ था.
घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद अंदर से गोली की आवाज आई.
ये सब क्यों किया?
मानस और दिव्या के रिश्तों में कथित तौर पर तनाव चल रहा था. पत्नी दिव्या की हत्या के बाद मानस ने वॉट्सऐप पर स्टेटस लगाया, जिसमें उसने हत्या की बात कबूली.
मानस ने स्टेटस में लिखा, 'आज मैंने अपनी पत्नी को मार दिया, क्योंकि उसने मेरे साथ धोखा किया था. अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है. उसकी बहन प्रज्ञा और भरत सब कुछ जानते हैं.'

मानस और दिव्या की शादी 12 साल पहले हुई थी. दोनों की कोई संतान नहीं थी. दिव्या ने एक साल पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी. इसके बाद से वह आलमबाग में रहती थी.
दिव्या मिश्रा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं. दिव्या ICICI बैंक में काम करती थीं. मानस भी SBI बैंक में काम करता था.
लेकिन बहन को क्यों मारा?
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने अपनी 28 साल की बहन तूलिका उर्फ शिबा की भी हत्या कर दी. मानस ने अपनी बहन को इसलिए गोली मारी क्योंकि उसके बाद उसकी देखरेख करने वाला कोई नहीं था. तूलिका मानसिक रूप से कमजोर थी. इसलिए मानस ने गोली मारकर उसकी भी हत्या कर दी और आखिर में अपनी जान भी दे दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं