विज्ञापन
2 years ago
कश्‍मीर:

PM Modi Jammu Kashmir Rally प्रधानमंत्री मोदी जम्मू-कश्मीर के डोडा में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान उन्‍होंने कहा कि हम मिलकर सुरक्षित जम्‍मू-कश्‍मीर का निर्माण करेंगे. इस बार जम्मू-कश्मीर का चुनाव, जम्मू-कश्मीर का भाग्य तय करने वाला है. आजादी के बाद से ही हमारा प्यारा जम्मू-कश्मीर विदेशी ताकतों के निशाने पर आ गया. इसके बाद इस खूबसूरत राज्य को परिवारवाद ने खोखला करना शुरू कर दिया. 

घाटी में चुनाव घोषणा के बाद पीएम मोदी का यह पहला दौरा है. पीएम मोदी की रैली से पहले किश्‍तवाड़ में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए. ऐसे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं. तय कार्यक्रम के मुताबिक, पीएम मोदी डोडा जिले में रैली करेंगे, जहां पिछले कई महीनों से आतंकी हमले हो रहे हैं. रैली डोडा स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी. चिनाब के 8 विधानसभाओं में बीजेपी प्रत्याशियों की जीत के लिए पीएम मोदी जनता को संबोधित करेंगे. बीजेपी जम्‍मू-कश्‍मीर में अकेले ही चुनावी दंगल में उतरी है. हालांकि, घाटी में सभी सीटों पर बीजेपी ने अपने उम्‍मीदवार नहीं उतारे हैं. कई विधानसभा सीटों पर बीजेपी निर्दलीयों का भी समर्थन कर रहे हैं. ऐसे में घाटी में ज्‍यादा से ज्‍यादा सीटें जीतने पर बीजेपी का फोकस है. 
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में कुरुक्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. हरियाणा के आगामी चुनावों के लिए यह रैली बेहद अहम मानी जा रही है. बीजेपी नेताओं का मानना ​​है कि पीएम मोदी की यात्रा से न केवल कुरुक्षेत्र में, बल्कि आसपास के जिलों करनाल, अंबाला, कैथल और यमुनानगर में भी पार्टी उम्मीदवारों की चुनावी संभावनाएं मजबूत होंगी.

PM Modi Jammu Kashmir Rally Highlights...

हमनें टीका लाल टपलू को किया याद- PM मोदी

'आपके इसी विश्वास को आगे बढ़ाते हुए जम्मू कश्मीर भाजपा ने आपके लिए एक से बढ़कर एक संकल्प लिए हैं. आज ही हमनें टीका लाल टपलू को याद किया है, उन्हें श्रद्धांजलि दी है. तीन दशक से ज्यादा हो गए, इसी दिन उन्हें आतंकवादियों ने शहीद किया था. उनकी हत्या के बाद कश्मीरी पंडितों के साथ अत्याचार का एक अंतहीन सिलसिला चला. ये भाजपा है, जिसने कश्मीरी पंडितों की आवाज उठाई और उनके हित में काम किया. जम्मू कश्मीर भाजपा ने कश्मीरी हिंदुओ की वापसी और पुनर्वास के लिए टीका लाल टपलू योजना बनाने का ऐलान किया है. इससे कश्मीरी हिंदुओं को उनका हक दिलाने में तेजी आएगी.'

PM Modi Jammu Kashmir Rally: फौज पर उठने वाले पत्थरों से नया जम्मू कश्मीर बन रहा

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में यहां जो बदलाव आया है, वो किसी सपने से कम नहीं है. जो पत्थर पहले पुलिस और फौज पर फेंकने के लिए उठते थे, उन पत्थरों से नया जम्मू कश्मीर बन रहा है. आप याद करिए वो समय जब दिन ढलते ही यहां अघोषित कर्फ्यू लग जाता था. हालत ये थी कि तब कांग्रेस की केंद्र सरकार के गृहमंत्री तक लाल चौक जाने से डरते थे.

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा

पीएम मोदी ने जम्‍मू-कश्‍मीर के लोगों ने गारंटी दी, 'जम्मू कश्मीर में रहने वाला कोई भी व्यक्ति चाहे वो किसी भी मजहब का हो, किसी भी वर्ग का हो, भाजपा की प्राथमिकता है आपके हर अधिकार की रक्षा. ये मोदी की गारंटी है. भाजपा, एक ऐसा जम्मू-कश्मीर बनाने जा रही है- जो टेरर फ्री होगा और टूरिस्‍ट के लिए स्वर्ग होगा. जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है. 

'तीन खानदानों और जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के बीच चुनाव'

बीते सालों में जम्मू कश्मीर में विकास का नया दौर आया है. इसका क्रेडिट यहां के नौजवानों को ही जाता है. मैं आज जम्मू कश्मीर के युवा को चाहे वो बेटी हो या बेटा हो, उनके जोश और जज्बे को सेल्यूट करता हूं. जम्मू कश्मीर का इस बार का विधानसभा चुनाव... तीन खानदानों और जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के बीच में है. एक खानदान... कांग्रेस का है... एक खानदान... नेशनल कॉन्फ्रेंस का है... एक खानदान... पीडीपी का है... जम्मू-कश्मीर में इन तीन खानदानों ने मिलकर आप लोगों के साथ जो किया है... वो किसी पाप से कम नहीं है.

PM Modi Jammu Kashmir Rally...ताकि जम्मू-कश्मीर में डेमोक्रेसी ग्रासरूट तक पहुंचे

पीएम मोदी ने कहा, 'यहां जिन राजनीतिक दलों पर आपने भरोसा किया, उन्होंने आपके बच्चों की चिंता नहीं की. उन्होंने सिर्फ और सिर्फ अपने बच्चों को आगे बढ़ाया. जम्मू-कश्मीर के मेरे नौजवान आतंकवाद में पिसते रहे. और परिवारवाद को आगे बढ़ाने वाली पार्टियां आपको गुमराह करके मौज काटती रही. इन लोगों ने जम्मू-कश्मीर में नए नेतृत्व को कहीं भी, कभी भी उभरने ही नहीं दिया. यहां पंचायत के चुनाव 2000 के बाद नहीं हुए थे, यहां BDC के चुनाव कभी भी नहीं हुए थे. दशकों तक परिवारवाद ने यहां के बच्चों और होनहार नौजवानों को आगे नहीं आने दिया. 2014 में सरकार में आने के बाद मैंने जम्मू-कश्मीर में नौजवानों की नई leadership को आगे लाने का प्रयास किया है. फिर 2018 में यहां पंचायत के चुनाव कराए गए, 2019 में BDC के चुनाव हुए और 2020 में पहली बार DDC के चुनाव कराए गए. ये चुनाव इसलिए कराए गए ताकि जम्मू-कश्मीर में डेमोक्रेसी ग्रासरूट तक पहुंचे.

जम्मू-कश्मीर में आ रहा बदलाव हमारी कोशिशों का नतीजा- PM मोदी

डोडा में लोगों को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर में आ रहा बदलाव हमारी सरकार की बीते 10 सालों की कोशिशों का नतीजा है. आप सब यहां डोडा, किश्तवाड़ और रामबन के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे हैं. यहां आने के लिए आपने घंटो सफर किया है, इसके बावजूद आपके चेहरे पर थकान का नामोनिशान नहीं है और चारो तरफ जोश ही जोश है.'

PM Narendra Modi: राजनीति में परिवारवाद ने जम्‍मू-कश्‍मीर को खोखला किया

प्रधानमंत्री मोदी जम्मू-कश्मीर के डोडा में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान उन्‍होंने कहा कि हम मिलकर सुरक्षित जम्‍मू-कश्‍मीर का निर्माण करेंगे. इस बार जम्‍मू-कश्‍मीर का चुनाव यहां का भाग्‍य तय करेगा. राजनीति में परिवारवाद ने जम्‍मू-कश्‍मीर को खोखला किया.  

पीएम मोदी की रैली को लेकर लोगों में उत्‍साह

प्रधानमंत्री मोदी आज जम्मू-कश्मीर के डोडा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे... उनके आगमन से पूर्व सभास्थल पर उपस्थित जनसमूह का उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा है. बीजेपी का दावा है कि जम्मू-कश्मीर वे पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं. 

PM मोदी के दौरे से पहले बारामूला में मुठभेड़

प्रधानमंत्री मोदी के जम्मू कश्मीर दौरे से पहले बारामूला जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच रातभर हुई मुठभेड़ में शनिवार को एक आतंकवादी मारा गया. पुलिस ने बताया कि उत्तरी कश्मीर जिले में पट्टन इलाके के चक टप्पर क्रीरी में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार देर रात घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था. पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, इलाके में तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की, जिसके बाद उनके बीच मुठभेड़ शुरू हो गई.

Jammu Kashmir Elections: जम्मू-कश्मीर में 88.06 लाख पात्र मतदाता

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 88.06 लाख पात्र मतदाता हैं. पिछले विधानसभा चुनावों में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने 28 सीटें जीतीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 25, जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने 15 और कांग्रेस ने 12 सीटें जीतीं. पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार जून 2018 में गिर गई, जब पीडीपी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से समर्थन वापस ले लिया.

PM Modi Jammu Kashmir Rally: बीजेपी का गढ़ रहा है जम्‍मू

जम्मू क्षेत्र लंबे समय से भाजपा का गढ़ रहा है, पार्टी ने 2014 के तत्कालीन राज्य जम्मू और कश्मीर के विधानसभा चुनावों में इस क्षेत्र से अपनी सभी 25 सीटें जीती थीं. गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले शनिवार को जम्मू में एक चुनावी रैली को संबोधित किया, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को रामबन जिले में एक और रैली की.

10 साल में जम्मू-कश्मीर में पहला विधानसभा चुनाव

भाजपा नेताओं का मानना ​​है कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी उम्मीदवारों की चुनावी संभावनाओं को काफी बढ़ावा मिलेगा. पार्टी जम्मू संभाग की सभी 43 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है. पिछली जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बीजेपी के 25 विधायक थे. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में मतदान तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगा. वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी. यह 10 साल में जम्मू-कश्मीर में पहला विधानसभा चुनाव है, और उसके बाद पहला अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाना.

प्रधानमंत्री को देखने और सुनने का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोग

साल 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने किश्तवाड़ जिले में बीजेपी की एक चुनावी रैली को संबोधित किया था. एक बीजेपी नेता ने बताया, तब से डोडा के लोग प्रधानमंत्री को देखने और सुनने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में उम्‍मीद जताई जा रही है कि रैली में काफी भीड़ नजर आ सकती है. 

डोडा और किश्तवाड़ में मल्‍टी लेयर सिक्‍योरिटी

जम्‍मू के डोडा शहर के स्टेडियम में आयोजित होने वाली चुनावी रैली के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए, डोडा और किश्तवाड़ दोनों जिलों में, विशेष रूप से आयोजन स्थल के आसपास, मल्‍टी लेयर सुरक्षा तैनात की गई है.

42 वर्षों में किसी प्रधानमंत्री की डोडा की यह पहली यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक मेगा रैली को संबोधित करके अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने के लिए तैयार हैं. बता दें कि पिछले 42 वर्षों में किसी प्रधानमंत्री की डोडा की यह पहली यात्रा होगी.

PM मोदी की डोडा रैली से पहले किश्‍तावाड़ में मुठभेड़

पीएम मोदी की डोडा में होने वाली रैली से पहले कश्‍मीर के किश्तवाड़ मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो जवानों की जान चली गई. सेना ने बताया कि आतंकियों से मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो अन्य जवान घायल हो गए हैं और उनका इलाज चल रहा है. ऐसे में डोडा में सुरक्षा के इंतजाम बेहद कड़े कर दिये गए हैं. 

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की 90 सीटों के लिए तीन चरणों में होंगे चुनाव

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की 90 सीटों के लिए तीन चरणों 18 सितंबर, 25 सिंतबर और 1 अक्‍टूबर में चुनाव होने हैं. घाटी में 47 और जम्मू संभाग में 43 सीटें हैं. कुल नौ सीटें, एसटी और सात सीटें एससी के लिए आरक्षित हैं. हरियाणा में मतदान पांच अक्टूबर को होगा, जबकि मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी. भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, PM Modi Jammu Kashmir Rally, PM Rally News, Jammu Kashmir Assembly, AssemblyElections2024
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com