विज्ञापन
1 day ago

LIVE: खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी यात्रा और अमरनाथ यात्रा को अगले आदेश तक अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया है. जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम लगातार खराब हुआ है. कई जिलों में भूस्खलन भी हुआ है. ऐसे में 19 जुलाई से दोनों धार्मिक यात्राएं फिलहाल स्थगित कर दी गई है. क्योंकि त्रिकुटा पहाड़ियों पर माता वैष्णों देवी मार्ग में बारिश के बाद भूस्खलन हो गया. वहीं अमरनाथ यात्रा के मार्ग में भी बारिश के चलते यात्रियों को परेशानियां हो रही है. ऐसे में अगले आदेश तक खराब मौसम को देखते हुए यात्रा को स्थगित कर दिया गया है.

Live Updates

सोनम वांगचुक कल खत्म कर देंगे अनशन, अगर मान ली गई यह शर्त, पत्नी गीतांजलि आंग्लो ने बताया

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि अगर राजनीतिक नेता वांगचुक से मिलते हैं और मॉनसून सत्र में शिक्षा की जवाबदेही का मुद्दा उठाने का भरोसा देते हैं, तो वह कल अपना अनशन खत्म कर देंगे.

न कोई परमिशन मांगी गई न दी गई है... CJP के संसद तक मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस बोली

दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि CJP द्वारा संसद तक प्रस्तावित मार्च को लेकर न तो कोई अनुमति मांगी गई है और न ही दी गई है.

नई दिल्ली जिले में धारा 163 BNSS (पहले की धारा 144 CrPC) के तहत निषेधाज्ञा लागू है. इसके अनुसार, विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन और पांच या उससे अधिक लोगों के जमा होने पर सख्त रोक है. सिवाय जंतर-मंतर पर तय विरोध स्थल के, जहां पहले से अनुमति लेकर ऐसा किया जा सकता है.

चूंकि 20 जुलाई से संसद का सत्र शुरू हो रहा है, इसलिए जनता की सुरक्षा, सुरक्षित व्यक्तियों की सुरक्षा और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

इन निषेधाज्ञाओं का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति पर धारा 223 BNS और कानून के अन्य लागू प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

सोनम वांगचुक की कैसी है तबीयत? सफदरजंग अस्पताल ने जारी किया ताजा हेल्थ बुलेटिन

सोनम वांगचुक का वाइटल्स फिलहाल स्थिर हैं. डॉक्टर्स के मुताबिक ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट में कुछ सुधार दिखा है, लेकिन अभी भी लगातार निगरानी की जरूरत है. लंबे समय से उपवास  करने के कारण शरीर पर काफी असर पड़ा है, इसलिए उन्हें लगातार मेडिकल देखभाल में रखा गया है.

डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम उनकी 24 घंटे निगरानी कर रही है. सफदरजंग अस्पताल और एम्स के डॉक्टरों का मानना है कि उन्हें अभी अस्पताल में रहकर इलाज और निगरानी की जरूरत है. किसी भी संभावित परेशानी का तुरंत पता लगाने और इलाज के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.

फिलहाल उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

मेघालय ने FIFA वर्ल्ड कप फाइनल के लिए सोमवार को स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान किया

मेघालय सरकार ने राज्य भर के सभी स्कूलों और कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी है, ताकि छात्र देर रात तक जागकर FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच देख सकें.

मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज में इस फैसले की घोषणा की और राज्य में फ़ुटबॉल के प्रति लोगों के गहरे जुनून का जिक्र किया.

मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल ने यूसीसी विधेयक के मसौदे को मंजूरी दी : मुख्यमंत्री मोहन यादव

मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल ने रविवार को तीन तलाक या निकाह हलाला से जुड़े मामलों को अपराध की श्रेणी में रखने, एक से अधिक शादी पर रोक लगाने, शादी और तलाक दोनों का पंजीयन अनिवार्य करने तथा विवाहित या अविवाहित माता-पिता के जैविक या गोद लिए जाने सहित सभी प्रकार के बच्चों को उत्तराधिकार में समान कानूनी दर्जा देने वाले ‘मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता 2026’ विधेयक को मंजूरी दे दी.

राजधानी भोपाल के बाहरी इलाके में स्थित जगदीशपुर (पूर्व में इस्लामपुर) में आयोजित मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में इस विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में अब ‘राम और रहीम’, सबके लिए एक जैसा कानून होगा. हालांकि, आदिवासी समुदाय को इस कानून के दायरे से बाहर रखा गया है.

सभी पार्टियों से मिलकर काम करने की अपील: किरेन रिजिजू

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सर्वदलीय बैठक के बाद बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा हमने सभी पार्टियों से देश के लिए मिलकर काम करने को कहा है, कई पार्टियों ने अपनी बात रखी और हमने उसे नोट किया. हमारा हमेशा से मानना ​​है कि हर किसी की अपनी समझ होती है. हम चाहते हैं कि सभी मिलकर काम करें. हम गैर-जरूरी नारेबाजी का समर्थन नहीं करेंगे, क्योंकि इससे कोई फायदा नहीं होगा. अगर संसद सुचारू रूप से चलेगी, तो सभी को बोलने का मौका मिलेगा. लेकिन इसके बाद भी कोई नारेबाजी करेगा तो हम क्या कर सकते हैं. वहीं सर्वदलीय बैठक में विपक्षी पार्टियों के वॉकआउट पर किरेन रिजिजू ने कहा कि हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं. लेकिन NCPI ने पहले ही लोकसभा में अलग बैठने की मांग की थी. स्पीकर को इस बारे में जानकारी है. संसद सभी के लिए है. हम उन्हें नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते.

दिल्ली हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई है. जिस पर 2 बजकर 30 मिनट पर सुनवाई होगी. गीतांजलि आंगमो ने सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से शिफ्ट करने की मांग की है. उन्होंने किसी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराने की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई है. 

अमरनाथ यात्रा और वैष्णो देवी यात्रा स्थगित रहेगी

जम्मू-कश्मीर में अगले आदेश तक फिलहाल श्री अमरनाथ यात्रा और वैष्णो देवी यात्रा स्थगित रहेगी. लगातार बारिश की वजह से यहां बाढ़ और भूस्खलन हो रहा है. ऐसे में मौसम विभाग ने यात्रियों सावधानी बरतने के लिए कहा है. फिलहाल यात्रा के दौरान जो जहां उन्हें स्थिर रहने के लिए कहा गया है. 

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटा

जम्मू-कश्मीर में बीती रात 3 बजे से ही लगातार बारिश जारी है. जिसके बाद राजौरी जिले में बाढ़ आ गई है. वहीं किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की जानकारी सामने आई है. जिसके बाद जम्मू और कश्मीर के अलग-अलग जिलों में बाढ़ की स्थिति है. धारहाल नदी उफान पर आ गई है, जबकि पुंछ जिले में भी बाढ़ की स्थिति है.  

अमित शाह ने कश्मीर बाढ़ की ली जानकारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारी बारिश के बाद राजौरी जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की है. गृह मंत्री ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है. जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. 

कल सीएम योगी का बाराबंकी दौरा

सीएम योगी बाराबंकी के दौरे पर जाने वाले हैं. सीएम योगी कल सुबह 11 बाराबंकी पहुंचेंगे, जहां वह नवनिर्मित महादेवा कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद महादेवा मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे. सीएम योगी यहां करीब 2 घंटे तक रुकेंगे. सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में तैयार हो रहा है महादेवा कॉरिडोर. सीएम योगी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. 

वैष्णो देवी यात्रा पर अधिकारियों की नजर

लगातार बारिश की वजह से कटरा और त्रिकुटा पहाड़ियों में खराब मौसम के कारण श्री माता वैष्णो देवी यात्रा अभी भी रुकी हुई है. अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं. आने वाले दिनों में इस इलाके में बड़े पैमाने पर आंधी-तूफान और भारी बारिश की संभावना है. मौसम ठीक होने और रास्ता सुरक्षित हो जाने के बाद यात्रा फिर से शुरू होने की उम्मीद है.

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज

दिल्ली-एनसीआर में भी रविवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. यहां आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग के मुताबिक यहां अगले कुछ घंटों में बारिश हो सकती है. क्योंकि बादल छाए हुए हैं. 

जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से भारी नुकसान

जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से भारी नुकसान होने की खबरें हैं. राजौरी जिले में अचानक आई बाढ़ गाड़ियों को बहा ले गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि 200 से 250 गाड़ियां लापता हैं. क्योंकि बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से नदियां उफान पर आ गई हैं.

उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट

उत्तराखंड में अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 19 से 20 जुलाई के बीच देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में भी भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. जबकि पौड़ी, बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, 20 जुलाई को राज्य के नैनीताल, उत्तरकाशी जिलों में झमाझम बरसात हो सकती है.

खराब मौसम से वैष्णो देवी यात्रा भी स्थगित

खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी यात्रा भी स्थगित की गई है. क्योंकि यात्रा के मार्ग में लगातार कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है. जिसके चलते अगले आदेश तक यहां भी प्रशासन ने यात्रा स्थगित कर दी है. जबकि लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है. क्योंकि बीते 24 घंटे से लगातार बारिश जारी है. वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर कीचड़ और मलबा भी जमा है. जिसके चलते यहां यात्रा के दौरान लगातार परेशानियां हो रही हैं. 

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. राजौरी जिले में भी बीते कुछ घंटों से लगातार बरसात हो रही है. जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों में चिंता बढ़ गई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह यात्रा न करें और नदियों, नालों और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों से दूर रहें. नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है.

अमरनाथ यात्रा स्थगित

खराब मौसम की वजह से 19 जुलाई 2026 से पहलगाम और बालटाल दोनों जगहों से श्री अमरनाथजी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. क्योंकि यहां बीते 24 घंटे के दौरान यात्रा मार्ग पर बारिश हुई है. जबकि मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी झमाझम बरसात होने की संभावना जताई है. जिसके चलते अगले आदेश तक अमरनाथ यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Live Updates, Amarnath Yatra, Sonam Wangchuk, Vaishno Devi Yatra, Monsoon Rainfall
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com