कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से बुलाए गए 'संसद मार्च' के बीच खबर आई कि कुछ प्रदर्शनकारी दिल्ली के ओखला स्थित NTA के दफ्तर में घुस चुके हैं. इस पर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि ओखला स्थित NTA दफ्तर में प्रदर्शनकारियों के सुरक्षा घेरा तोड़कर घुसने की खबरें पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं. पुलिस के मुताबिक, "NTA दफ्तर में हालात सामान्य और शांतिपूर्ण हैं, किसी तरह की सुरक्षा में सेंध नहीं लगी है. परीक्षा परिणाम को लेकर शिकायत करने आए 5 से 7 अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को एनटीए अधिकारियों से मिलने की अनुमति दी गई थी."
पुलिस ने कहा कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है. दिल्ली पुलिस ने सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने की अपील की है.
सोमवार को मॉनसून सत्र के पहले दिन, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के हजारों समर्थक संसद तक मार्च करने के लिए दिल्ली में जमा हुए थे. पुलिस ने इस विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी थी, फिर भी वे वहां पहुंचे. प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े. पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठियों का भी इस्तेमाल किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों में ज्यादातर युवा शामिल थे, जो जंतर-मंतर पर 'चलो संसद' मार्च के लिए जमा हुए थे.

Photo Credit: PTI
'संसद मार्च' की बड़ी बातें
- संसद की ओर मार्च करते वक्त बैरिकेड्स तोड़ने की कथित कोशिश के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं. सेंट्रल दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवा भी बंद किए जाने की भी खबरें आईं हैं.
- सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि अभिजीत दीपके के पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "पुलिस ने दीपके को हिरासत में ले लिया है. हम सभी सांसदों से अपील करते हैं कि वे तुरंत सड़कों पर उतरे छात्रों के समर्थन में खड़े हों. पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से कार्रवाई कर रही है और उनकी पिटाई कर रही है."
- सीजेपी के 'संसद मार्च' के बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर रहे हैं.
- जब सीजेपी के कार्यकर्ता संसद तक विरोध मार्च निकालने की कोशिश कर रहे थे, तब 'कॉकरोच जनता पार्टी' के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर ले जाया गया. उन्होंने बताया कि अधिकारियों और उनके बीच बातचीत चल रही है.
- सीजेपी प्रवक्त सौरव दास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, "दो घंटे से ज्यादा वक्त के इंतजार करने के बाद, मैंने अभी जे.पी. नड्डा जी से उनके घर पर 10 मिनट के लिए मुलाकात की. हमने अपनी मांगों वाला एक लिखित पत्र उन्हें सौंपा है. उन्होंने हमें भरोसा दिलाया है कि वे आंतरिक स्तर पर बातचीत करेंगे. हम अभी इसी प्रक्रिया में हैं. बड़े पैमाने पर लोगों को हिरासत में लिए जाने जैसी खबरें आ रही हैं."
- प्रोटेस्ट साइट जंतर-मंतर पर हंगर स्ट्राइक पर बैठे छात्रों नेहा, मनीष और आमीन ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है.
- सांसद मनोज झा, राजाराम सिंह, अमरा राम, डॉ. योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण, प्रोफेसर अतुल सूद और अभिनेता प्रकाश राज के नेतृत्व वाले डेलिगेशन की अपील पर तीनों छात्रों ने भूख हड़ताल खत्म की.
- 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के कहने पर अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म कर दी है. वांगचुक अभी सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं.
- दिपके ने यह भूख हड़ताल तब शुरू की थी जब 18 जुलाई को वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, क्योंकि उनकी अपनी 21 दिन की भूख हड़ताल के कारण उन्हें मेडिकल मदद की ज़रूरत पड़ गई थी।
- सीजेपी ने अपने समर्थकों से 'शांत रहने' को कहा है. पार्टी ने कहा, "भले ही आपको कुछ जगहों पर रोका गया हो, शांत रहें और शांति बनाए रखें. हम इसे सिर्फ शांति और प्यार से ही जीतेंगे."
- भूख हड़ताल की हालत में सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती सोनम वांगचुक ने अधिकारियों से गुजारिश की है कि उन्हें कुछ वक्त के लिए ही सही, लेकिन आज सीजेपी के पार्लियामेंट प्रोटेस्ट मार्च में शामिल होने के लिए छुट्टी दे दें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं