विज्ञापन

तंग दरवाजे, सेफ्टी का इंतजाम नहीं...कोलकाता के होटल में आग का डरावना मंजर, 9 की मौत

कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल शिखा इन में लगी आग में 9 लोगों की मौत हो गई. शुरुआती जांच में फायर सेफ्टी की कमी, संकरे रास्ते और धुएं को हादसे की बड़ी वजह माना गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर होटल मालिक और कर्मचारियों की तलाश शुरू कर दी है.

कोलकाता होटल अग्निकांड: 9 की मौत के बाद बड़ा खुलासा, होटल में नहीं थे पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार तड़के एक होटल में लगी भीषण आग ने नौ लोगों की जान ले ली, जबकि करीब 60 लोगों को बचा लिया गया. मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल शिखा इन में रात करीब दो बजे आग लगी, जिसके बाद पूरे भवन में घना काला धुआं भर गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मौतें आग से झुलसने के बजाय दम घुटने से हुईं. अधिकारियों ने भवन में अग्नि सुरक्षा की कमी, बेहद संकरे रास्तों और निकासी व्यवस्था में खामियों को हादसे की बड़ी वजह माना है. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर होटल मालिक और कर्मचारियों की तलाश शुरू कर दी है.

उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से हुई मौतों पर दुख जताया है. उन्होंने घायलों के भी जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा, "कोलकाता में आग लगने की दुखद घटना में हुई मौतों से मुझे गहरा दुख हुआ है. दुख की इस घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं." वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कोलकाता में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ. इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं. घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है."

तड़के 2 बजे लगी आग, मच गई अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित फ्लोरेंस मेंशन भवन में संचालित होटल शिखा इन में मंगलवार तड़के करीब 2 बजे आग लग गई. यह इलाका न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तीसरी मंजिल पर शुरू हुई और कुछ ही देर में पूरे भवन में घना धुआं फैल गया. होटल में ठहरे लोग घबराकर बाहर निकलने का रास्ता तलाशने लगे. फायर सर्विस को घटना की सूचना रात 2:07 बजे मिली, जिसके बाद दमकल, कोलकाता पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: (Photo: PTI)

दम घुटने से हुई मौतें

न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद राज्य अग्निशमन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों के शरीर पर गंभीर जलने के निशान नहीं मिले. अधिकारी ने कहा कि: "जब नौ शव बाहर निकाले गए तो उनके शरीर पर अधिक जलने के निशान नहीं थे. होटल के अन्य लोगों ने भी बताया कि आग की तीव्रता बहुत ज्यादा नहीं थी, लेकिन पूरा भवन काले धुएं से भर गया था, जिसके कारण सांस लेने में गंभीर दिक्कत हुई." अधिकारियों का मानना है कि अधिकांश लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई.

संकरे रास्तों ने बढ़ाई मुश्किल

प्रारंभिक जांच में भवन की संरचना पर भी सवाल उठे हैं. अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार भवन के प्रवेश और निकास मार्ग बेहद संकरे थे. जब पूरा परिसर धुएं से भर गया तो लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता पहचानना मुश्किल हो गया. एक अधिकारी ने बताया, "घने धुएं के कारण लोग पहले ही सांस लेने में परेशानी झेल रहे थे. संकरे रास्तों की वजह से उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि बाहर किस दिशा से निकला जाए."

Latest and Breaking News on NDTV

एक ही बिल्डिंग में चल रहे थे कई होटल

कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में जांचकर्ताओं को लगा था कि भवन में केवल एक होटल संचालित हो रहा है. बाद में पता चला कि भवन की अलग-अलग मंजिलों पर कई होटल और गेस्ट हाउस चल रहे थे. अधिकारी के मुताबिक, "हर मंजिल पर एक होटल या गेस्ट हाउस संचालित था. कमरे छोटे थे और गलियारे बेहद संकरे थे. आग तीसरी मंजिल के एक होटल में लगी थी. आग बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन धुआं तेजी से फैल गया और लोगों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला."

60 लोगों को बचाया गया

कोलकाता पुलिस के अनुसार फायर ब्रिगेड और पुलिस ने घंटों तक चले बचाव अभियान में लगभग 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. कोलकाता पुलिस ने अपने बयान में कहा, "राहत एवं बचाव अभियान के दौरान लगभग 60 लोगों को सुरक्षित निकाला गया. नौ लोग, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल थे, बेहोशी की हालत में मिले. उन्हें मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया." दमकल अभियान सुबह करीब 4:30 बजे पूरा हुआ.

मृतकों की पहचान की जा रही

पुलिस के अनुसार मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक व्यक्ति झारखंड का निवासी था. अन्य लोगों की पहचान और उनके निवास स्थान की पुष्टि की जा रही है. ANI के अनुसार, अग्निशमन विभाग ने कहा है कि मृतकों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल थे, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे.

होटल मालिक और कर्मचारी फरार

हादसे के बाद कोलकाता पुलिस ने न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज कर लिया है. जांच एजेंसियों के अनुसार होटल मालिक और कई कर्मचारी मौके से फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है. साथ ही घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराने की भी तैयारी की गई है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें : कोलकाता के होटल में भीषण आग से 9 बांग्लादेशी नागरिकों की जलकर मौत, कराने आए थे इलाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kolkata Hotel Fire, Kolkata Hotel Fire Safety Lapses, Kolkata Hotel Fire News, Kolkata, West Bengal News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com