कोलकाता में प्रेम प्रसंग के आरोप में 17 साल के लड़के, उसके पिता और उसके दोस्त को कथित तौर पर नग्न कर इलाके में घुमाया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़की के पिता, मामा और बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के अगले ही दिन पुलिस ने तीनों आरोपियों को भी अर्धनग्न हालत में घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटना का सीन रिक्रिएट कराया.
पुलिस के अनुसार यह घटना सरसुना थाना क्षेत्र की है. रविवार शाम 17 वर्षीय लड़का अपनी 13 साल की दोस्त के साथ था. इसी दौरान लड़की के परिजनों ने दोनों को कथित तौर पर साथ देख लिया. आरोप है कि इसके बाद लड़की के पिता, मामा और अन्य रिश्तेदारों ने लड़के और उसके दोस्त को एक कमरे में बंद कर पीटा. बाद में लड़के को अपने पिता को मौके पर बुलाने के लिए मजबूर किया गया.
पीड़ित का क्या कहना है?
पीड़ित लड़के के पिता ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें भी कई लोगों ने पीटा. उनका दावा है कि लड़की के मामा ने उन्हें एक बंदूक थमा दी और कहा कि उनके पास दो विकल्प हैं या तो अपने बेटे को गोली मार दें या फिर बेटे के साथ नग्न होकर इलाके में घूमें. इसके बाद उन्हें, उनके बेटे और उसके दोस्त को कपड़े उतारकर इलाके में घुमाया गया. इस दौरान लोगों ने वीडियो भी बनाए.
पुलिस ने बिना शर्ट, कमर में रस्सी बांध आरोपियों के पकड़ा
पुलिस ने लड़की के पिता, बड़े भाई और मामा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. पीड़ित परिवार की ओर से बंदूक दिखाने के आरोप की भी जांच हो रही है. कुछ आरोपी पुलिस पहुंचने पहले फरार हो गए थे, लेकिन लड़की के मामा को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
मंगलवार को पुलिस गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को उसी इलाके में लेकर पहुंची, जहां कथित घटना हुई थी. पुलिस ने उन्हें शर्ट के बिना, शॉर्ट्स में और कमर में रस्सी बांधकर पैदल चलवाया.
यह भी पढ़ें: "कंप्यूटर जातिवादी नहीं होते..." वाले पोस्ट पर घिरे यूपी के CEO, आपत्तिजनक भाषा के लिए मांगी माफी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं