विज्ञापन

Exclusive: भारत में बड़ा हमला करने की फिराक में खालिस्तानी आतंकी, पंजाब, हरियाणा समेत ये राज्य निशाने पर

Khalistan Movement: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले खालिस्तानी नेशनल आर्मी फिर एक्टिव नजर आ रही है. जो किसी बड़े आतंकी हमले की फिराक में हैं. जिसके बाद भारतीय खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं.

Exclusive: भारत में बड़ा हमला करने की फिराक में खालिस्तानी आतंकी, पंजाब, हरियाणा समेत ये राज्य निशाने पर
अलर्ट पर भारतीय एजेंसियां
नई दिल्ली:

पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं. क्योंकि खालिस्तानी आतंकी भारत में बड़ा हमला करने की फिराक में हैं. इंटेलिजेंस एजेंसी को मिली जानकारी के मुताबिक खालिस्तानी नेशनल आर्मी एक बार फिर एक्टिव नजर आ रही है. यह पंजाब चुनाव से पहले गड़बड़ी फैलाने की तैयारी लग रही है. इसमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (ISI) और आतंकी शहजाद भट्टी की बड़ी साजिश हो सकती है. जिनके निशाने पर पंजाब समेत कई बड़े राज्य हैं. ऐसे में भारतीय खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं. 

पंजाब-हरियाणा-दिल्ली-गुजरात पर नजर 

खालिस्तानियों के निशाने पर पंजाब हरियाणा, गुजरात, दिल्ली समेत कई राज्य हैं. जिनके तार पाकिस्तान, कनाडा और अजरबैजान में मौजूद खालिस्तानियों से जुड़ रहे हैं.  इंटेलिजेंस एजेंसी ने ISI की पूरी साजिश डीकोड की है. ये लोग भारत के कम उम्र के लड़कों की एक ऐसी आर्मी तैयार कर रहे हैं. जिनको सुरक्षा एजेंसियों ने फुट सोल्जर का नाम दिया है. 17 से 25 साल उम्र के ऐसे लड़के हैं, जिनमें से ज्यादातर लोगों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होता है. कई साल बाद आतंकी संगठन ख़ालिस्तान नेशनल आर्मी एक्टिव होकर इसी काम में लगा हुआ है. हाल ही में इस संगठन की तरफ से अलग-अलग राज्यों को भेजे गए तीन ईमेल्स ने सुरक्षा एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया है. 

ईमेल में धार्मिक स्थलों का था जिक्र 

एक ईमेल 4 जून को हरियाणा के पंचकुला में बने सचिवालय के मेयर समेत पंजाब को आया था. जिसमे 4 जून को पंजाब सचिवालय में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से 3 बजकर 11 मिनट के  बीच बम धमाके की चेतावनी दी गई थी. धमकी भरे ईमेल में पंजाब, चंडीगढ़ और अंबाला-दिल्ली मार्ग पर यात्रा न करने की बात कही गई है. साथ ही कई धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है. ई-मेल में अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के मैसर मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर का नाम भी लिया गया है. ईमेल में दावा किया गया था कि तुम्हारे हिंदू मंदिर निशाने पर हैं. दिल्ली और हरियाणा के लोगों को तुमने 6 जून, 1984 को भिंडरांवाले की मौत पर मिठाइयां बांटी थीं. अब हम इसका बदला तुम्हारे मंदिरों में ब्लास्ट करके लेंगे. इसलिए अपने बच्चों को बचाओं और 5-6 जून को कोई सफर न करो.'

ये भी पढ़ेंः ब्रिटिश सेना के ऑपरेशन के बाद भारतीय कैप्टन गिरफ्तार, जहाज से रूस का 'अवैध' तेल ले जाने का आरोप

महाराष्ट्र में भी आया था ई-मेल

इसके अलावा 10 जून को खालिस्तानी संगठन के नाम पर महाराष्ट्र में भी उस समय हड़कंप मच गया जब पुणे नगर निगम के मेयर कार्यालय, मुंबई स्थित विधान भवन और नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ई-मेल मिला था. यह धमकी भी कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजी गई थी. 12 जून को खालिस्तान नेशनल आर्मी ने ईमेल के ज़रिए इसी तरह की धमकी गुजरात CMO को भी भेजी थी. सुरक्षा एजेंसियां इन ईमेल को बिल्कुल भी हल्के में नहीं ले रही हैं. क्योंकि एजेंसियो का मानना है कि कुछ कट्टरपंथी संगठन जानबूझकर लगातार झूठी धमकी भरे मेल करते हैं. लेकिन जैसे ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसी थोड़ी लापरवाह हो जाती है . ये लोग अपने नापाक मंसूबो को हकीकत में बदलने में देर नहीं लगाते. 

पाकिस्तानी कनेक्शन हो सकता है 

तलाशी के बाद भले ही धमकी भरे ईमेल को हॉक्स करार दे दिया गया है. लेकिन जिस तरह की बातों का ज़िक्र ईमेल में किया गया था, उसके बाद देश भर की एंटी ट्रेरर यूनिट की एक मीटिंग हुई थी. जिसमें आने वाले समय में भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा सोशल मीडिया के ज़रिए तैयार फुट सोल्जरों की एक ऐसी आर्मी को माना था. जिसको पाकिस्तानी ISI ने शहज़ाद भट्टी के साथ मिलकर तैयार किया है. सूत्रों के मुताबिक देश भर में ऐसे फुट सोल्जरों की संख्या करीब 1500 तक पहुंच गई थी. जिसके बाद देश की खुफिया विभाग ने NIA, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, यूपी ATS, महाराष्ट्र ATS, गुजरात ATS, हरियाणा STF, राजस्थान ATS समेत देश भर की एंटी टेरर यूनिट की मीटिंग हुई है.

'ऑपेरशन बाउंड डाउन' चलाया गया

मीटिंग के बाद देशभर के कई राज्यों में एक साथ 'ऑपेरशन बाउंड डाउन' चलाया गया. जिसके तहत अलग-अलग राज्यों से 1000 से ज्यादा लड़कों को पकड़ा गया और उनकी देश विरोधी गतिविधियो के बारे में उनके परिवार को बताया गया. इनको एक अंडरटेकिंग लेकर छोड़ दिया गया. सुरक्षा एजेंसियां फुट सोल्जर के इस नेटवर्क को गैंगस्टर-टेरेरिस्ट नेक्सस से जोड़कर देख रही हैं. जिसकी जांच कर रही NIA नें अपनी इन्वेस्टिगेशन में पाया कि खालिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर मिलकर पंजाब हरियाणा समेत दिल्ली में भारी तबाही मचाने की योजना पर काम कर रहे है. 

निशाने पर हो सकते हैं मंदिर

सूत्रों के मुताबिक टेरेरिस्ट- गैंगस्टर नेक्सस के निशाने पर पुलिस वालों की टारगेट किलिंग के अलावा कई हिंदू मंदिर हैं, जिसमें अयोध्या का राम मंदिर, दिल्ली का अक्षरधाम मंदिर, दिल्ली का कालकाजी मंदिर, लोटस टेंपल समेत नागपुर और दिल्ली का RSS दफ्तर भी निशाने पर है. सूत्रों के मुताबिक आतंकियों के इस गठजोड़ के निशाने पर पवार हाउस, रेलवे स्टेशन समेत कुछ महत्वपूर्ण बिल्डिंग भी हो सकते हैं. सुरक्षा एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक खालिस्तानी समर्थकों ने अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए खालिस्तानी नेशनल आर्मी को दोबारा एक्टिव किया है. एजेंसियों को शक है कि जिस तरह पंजाब में पुलिस वालों की हत्या और थानों पर हैंडग्रेनेड से हमले किए जा रहे हैं, उनका सीधा संबंध खालिस्तानी आतंकियों से है. 

ये भी पढ़ेंः दिल्ली से नाराज होकर वापस लौटे बांग्लादेशी PM के सलाहकार, ढाका में भारतीय राजनयिक तलब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Khalistani, India Security Agencies, Khalistani Movement, Punjab, Khalistani Activities
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com