- केरल में दस साल बाद यूडीएफ सत्ता में आई और कांग्रेस ने वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था
- वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेता शामिल नहीं हुए
- कांग्रेस ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को न्योता दिया था लेकिन उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था
केरल में दस साल के बाद यूडीएफ सत्ता में आई और इसे कांग्रेस की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा गया. करीब दस दिनों की जद्दोजहद के बाद कांग्रेस ने वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया. उसके बाद सबकी निगाहें टिकीं थीं कि तिरूवनंतपुरम में एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा क्योंकि इससे पहले बीजेपी पश्चिम बंगाल और असम में अपने सभी मुख्यमंत्रियों और घटक दलों के साथ शपथ ग्रहण का भव्य आयोजन कर चुकी थी. मगर केरल में जब वीडी सतीशन और उनके मंत्रियों ने शपथ ली तो उसमें से इंडिया गठबंधन के प्रमुख चेहरे गायब थे.
इसका जवाब ढूंढने के लिए मैंने कांग्रेस के कई नेताओं से बातचीत की. कांग्रेस के नेताओं की मानें तो केरल की परंपरा के अनुसार वहां पर कांग्रेस के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजीव चंद्रशेखर शामिल हुए. साथ ही सीपीआई के विनोए विश्वम भी मौजूद थे. सबसे दिलचस्प बात है कि कि ये सभी नेता मंच पर ही मौजूद थे.
ऐसा दृश्य हाल के दिनों में किसी भी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में देखने को नहीं मिला है, जहां विपक्ष के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य नेता इतनी सहजता से एक ही मंच साझा कर रहे हैं. इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और सभी बड़े नेता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ेंः केरल में वीडी सतीशन सरकार का पहला फैसला, महिलाओं को दिया यह तोहफा
लेकिन इंडिया गठबंधन कहां था?
मगर सबसे बड़ा सवाल है कि यदि केरल में दस साल बाद यूडीएफ की सरकार बन रही थी और कांग्रेस के मुख्यमंत्री शपथ लेने वाले थे तो इंडिया गठबंधन के बाकी नेता कहां थे?
कांग्रेस की सूत्रों की माने तो कांग्रेस ने केवल तमिलनाडु के नवनिवार्चित मुख्यमंत्री विजय को जरूर न्योता दिया था मगर अंत समय में यह तय हुआ कि एक्टर विजय के आने से कई असुविधाएं हो सकती हैं, जिससे कार्यक्रम पर असर पड़ सकता था. विजय की केरल में भी जबरदस्त फैन फॉलोइिंग है जिससे भीड़ को संभालना मुश्किल हो सकता था. इसी वजह से विजय ने तिरूवनंतपुरम आना कैंसिल कर दिया.

इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं को नहीं बुलाने पर तो कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि केरल कांग्रेस के नेता किसी भी बड़े तमाशे से बचना चाहते थे और इस समारोह को केरल केंद्रित रखना चाहते थे. यही वजह है कि केरल में जितनी भी पार्टियां हैं चाहे वो सत्ता पक्ष के थे या विपक्षी गठबंधन के हमने सबको बुलाया. हम बेवजह के वीआईपी मूवमेंट से भी बचना चाहते थे.
कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि हमारे सबसे पुराने और पक्के साथी आरजेडी केरल में लेफ्ट फ्रंट का हिस्सा थे. तेजस्वी यादव का एक विधायक भी यहां जीता है. उन्होंने हमारे खिलाफ प्रचार भी किया था. जहां तक डीएमके की बात है तो तमिलनाडु चुनाव के बाद कांग्रेस का एक्टर विजय को समर्थन देने बाद वैसे ही उनके रिश्ते खराब हो चुके हैं और डीएमके ने लोकसभा अध्यक्ष को सदन में कांग्रेस से अलग सीट देने के लिए चिट्ठी भी दी है.
यह भी पढ़ेंः सोनिया गांधी का एक फोन कॉल और कट गया केसी वेणुगोपाल का पत्ता, वीडी सतीशन को मिल गई सत्ता
सपा और टीएमसी का क्या?
अब बात आती है कि समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस को केरल के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलाया गया था या नहीं? इस खबर की पुष्टि कांग्रेस और इन दलों के कोई भी नेता करने से इंकार कर रहे हैं. कांग्रेस ने एक नेता ने इतना जरूर कहा है कि यह केरल कांग्रेस का फैसला था कि किसे बुलाना है और किसे नहीं. इसको इंडिया गठबंधन से जोड़कर नहीं देखना चाहिए.

इंडिया गठबंधन के घटक दल राज्यों में आपस में चुनाव लड़ते हैं जैसे केरल में मुकाबला लेफ्ट बनाम कांग्रेस का था मगर दिल्ली में संसद में जब इंडिया गठबंधन की बैठक होती है तो लेफ्ट के नेता शामिल होते हैं और आगे भी होंगे. वही स्थिति तृणमूल कांग्रेस के साथ भी है. कांग्रेस का कहना है कि संसद में इंडिया गठबंधन की एकजुटता बनी रहेगी क्योंकि राज्यों में भले एक दूसरे के खिलाफ जरूर है मगर केंद्र में हम सब बीजेपी के खिलाफ हैं.
शपथ ग्रहण में शशि थरूर भी नहीं पहुंचे
ये तो बात हुई इंडिया गठबंधन की मगर वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह से केरल कांग्रेस का एक बड़ा नाम भी गायब था और वो थे शशि थरूर. शशि थरूर ने पहले ही इसके लिए सफाई दे दी थी कि उनका अमेरिका की टफ्ट्स यूनिवर्सिटी जो कि मैसाचुसेट्स में है वहां पहले से तय कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे है इसलिए शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आ सकते.
यह भी पढ़ेंः वीडी सतीशन को केरलम का CM चुनकर फंस गई कांग्रेस? क्यों पड़ रहे 'मुस्लिम लीग' के ताने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं