- कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में रात का खाना खाने के बाद 50 छात्रों की तबियत बिगड़ी.
- कलबुर्गी जिले के डीसी और डीएचओ शरणबसप्पा निरीक्षण किया है.
- छात्रों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है.
कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में आने वाले दंदोती गांव के हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद 50 छात्र बीमार हो गए. यहां के मुरारजी देसाई हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद छात्रों को अचानक से पेट दर्द की शिकायत हुई थी. जिसके बाद 50 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से 31 छात्रों को चित्तापुर अस्पताल, 10 को गुंडगुर्ती अस्पताल, 5 को मल्खेड अस्पताल और 1 छात्र को डंडोती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही कलबुर्गी जिले के डीसी इकरामउल्ला शरीफ और डीएचओ शरणबसप्पा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है.
अचानक बिगड़ी तबियत
जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत छात्रों द्वारा हॉस्टल के मेस में रात का खाना खाने के बाद हुई. भोजन में छात्रों को चावल और सांभर परोसा गया था. खाना खाने के कुछ ही घंटों बाद, कक्षा 6 से 10 के छात्रों को पेट में तेज दर्द, मरोड़ और लगातार उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते कई बच्चों की हालत बिगड़ने लगी और हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित किया. इसके बाद बीमार छात्रों को फौरन नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जेवर्गी तालुक अस्पताल ले जाया गया.
छात्रों की हालत स्थिर
अस्पताल के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत बच्चों का इलाज शुरू किया. राहत की बात यह है कि सभी बच्चे डॉक्टरों की चौबीसों घंटे निगरानी में हैं और उनकी स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है.
ये भी पढे़ंः 12 फीसदी से अधिक अल्कोहल वाली दवाएं अब बिना पर्चे के नहीं मिलेगी, सरकार ने बदला नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं