पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ा खुलासा किया है. जांच एजेंसी ने इस मामले में दो अहम आरोपियों सागर सोनकर और साहिब सोनकर को गिरफ्तार किया है. दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं और पहले चंद्रनाथ रथ के साथ काम कर चुके हैं.
सीबीआई के अनुसार जांच के दौरान ऐसे संकेत मिले हैं जिनसे इस साजिश के तार एक राजनीतिक दल के कुछ लोगों तक पहुंच सकते हैं. फिलहाल एजेंसी इस संभावित राजनीतिक लिंक की गहराई से पड़ताल कर रही है. हालांकि अभी किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.
कॉल रिकॉर्ड से मिले अहम सुराग
जांच एजेंसी का दावा है कि सागर सोनकर अपने नौकरी के दिनों में एक राजनीतिक दल से जुड़े लोगों के लगातार संपर्क में था. जांच में यह भी सामने आया है कि वह मोबाइल फोन की बजाय लैंडलाइन के माध्यम से पार्टी कार्यालय में नियमित बातचीत करता था. सीबीआई को कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) में ऐसे कई संपर्कों के प्रमाण मिले हैं.
अब एजेंसी रिमांड के दौरान यह जानने की कोशिश कर रही है कि सागर की बातचीत पार्टी कार्यालय में किस व्यक्ति से होती थी और उन बातचीतों का उद्देश्य क्या था.
साजिश की तैयारी महीनों पहले शुरू हुई थी
सीबीआई की जांच में यह भी सामने आया है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की कथित साजिश दिसंबर 2025 में ही तैयार कर ली गई थी. हालांकि किसी वजह से इस योजना को कई बार टाल दिया गया. अब एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश को बार-बार क्यों रोका गया और आखिर इसे अंजाम देने की तैयारी किस स्तर तक पहुंच चुकी थी.
इस मामले में अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें छह कथित शूटर मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और नवीन कुमार सिंह शामिल हैं. इसके अलावा विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा पर कथित तौर पर सुपारी लेने और साजिश को अंजाम देने की व्यवस्था करने का आरोप है.
सीबीआई का दावा है कि सागर सोनकर और कथित शूटरों के बीच संबंधों के भी अहम सबूत मिले हैं. एजेंसी के मुताबिक सागर ने ही कथित तौर पर शूटरों को सुपारी दी और इसके लिए धन उपलब्ध कराया. फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में माओवादी तो खत्म हो गए, ईसाई धन सिंह पोटाई कब लौट पाएंगे अपने गांव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं