कानपुर के सैन्य क्षेत्र में स्थित सिविल एरोड्रम एयरपोर्ट (चकेरी एयरपोर्ट) पर एक बड़ा विमान हुआ. 'गर्ग एविएशन' द्वारा संचालित फ्लाइंग क्लब में नाइट फ्लाइंग (रात्रि उड़ान) के प्रशिक्षण के दौरान एक महिला प्रशिक्षु रिया विमान के चलते हुए प्रोपेलर (पंखे) की चपेट में आ गईं. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशिक्षु रिया अस्पताल में इलाज चल रहा है, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. हैरानी की बात यह कि 26 जून 2026 की रात 9 बजे हुई इस घटना को एयरपोर्ट के अधिकारी दबाए रहे. रिववार 28 जून को मामले की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम कानपुर पहुंची तो इस मामले का खुलासा हुआ.
प्रशिक्षु कैडेट रिया की पीठ पर लगी चोट
जानकारी के अनुसार, चकेरी एयरपोर्ट पर गार्ग एविएशन (FTO) का ट्विन-इंजन टेक्नाम P2006T एयरक्राफ्ट (VT-NBV) रात में ट्रेनिंग वाली उड़ान (नाइट इंस्ट्रक्शनल फ्लाइंग) भर रहा था. एयरक्राफ्ट में एक फ़्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक कैडेट सवार थे. विमान में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर (प्रशिक्षक) और एक प्रशिक्षु कैडेट सवार थे. लैंडिंग के बाद विमान का इंजन चालू था, इसी दौरान महिला कैडेट रिया विमान से नीचे उतर गईं. कुछ ही सेकंड में वह प्रोपेलर (पंखे) की चपेट में आ गई, जिससे रिया की पीठ पर गंभीर चोटें आईं. घायल कैडेट को तत्काल कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है.

DGCA ने उड़ान पर रोक लगाई, फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को हटाया
चकेरी एयरपोर्ट पर हुई इस घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने तुरंत कड़े कदम उठाए. दुर्घटना से संबंधित विमान की उड़ान पर रोक लगा दी गई. संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है. हादसे की जांच के लिए डीजीसीए की एक विशेष टीम कानपुर पहुंची है जो मामले की जांच कर रही है.
30 साल से चल रहा गर्ग फ्लाइंग क्लब
गर्ग फ्लाइंग क्लब संचालित करने वाले ऋषभ गर्ग ने NDTV से बात करते हुए कहा- 'पिछले 30 साल से फ्लाइंग क्लब का संचालन कर रहे हैं. हादसा दुखद है, डीजीसीए की टीम मामले की जांच कर रही है. ऐसे में कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा'. कानपुर एसीपी कैंट प्रियंका बाजपेई ने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम आई है. जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि हादसे के पीछे क्या लापरवाही रही.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं