- राहुल गांधी DU के गार्गी कॉलेज पहुंचकर छात्राओं से कई मुद्दों पर बातचीत की
- एक छात्रा ने कांग्रेस जॉइन करना सबसे रिस्की काम बताया, जिससे राहुल गांधी और छात्राओं के बीच माहौल हल्का हो गया
- उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने का समर्थन किया और मायावती तथा जे जयललिता की नेतृत्व भूमिका की प्रशंसा की
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में वो दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्राओं से बातचीत कर रहे हैं. इस बातचीत में एक हल्का फुल्का वाकया भी हुआ, जब राहुल गांधी को एक छात्रा ने बेहद मजेदार जवाब दे दिया. राहुल गांधी ने छात्रा से पूछा था कि उसने अपनी जिंदगी में सबसे रिस्की काम क्या किया है. इसके जवाब में छात्रा बोली- कांग्रेस जॉइन करना. यह सुनकर राहुल गांधी भी मुस्कुरा गए.
छात्रा के जवाब सुनकर मुस्कुरा गए राहुल
दरअसल राहुल गांधी दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज पहुंचे थे. यहां उन्होंने कॉलेज की छात्राओं से संवाद किया. राहुल गांधी ने स्टूडेंट से गंभीर सवाल पूछा था कि उसने लाइफ में सबसे रिस्की क्या किया है. इस पर छात्रा के 'कांग्रेस जॉइन करने' वाला मजेदार जवाब सुनकर हॉल में ठहाके गूंज उठे और माहौल अचानक हल्का हो गया.
Really enjoyed meeting the young women from Gargi College and Delhi University.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 26, 2026
Two things are clear:
1.The magician has run out of tricks. Young India can see right through him.
2.Gen Z is our future - and Gen Z women will lead the way. It is our duty to open every door for… pic.twitter.com/DILa1cpfvO
राहुल गांधी ने भी छात्रा के जवाब पर रिएक्शन दिया. वो भी मुस्कुरा गए और बोले- 'ओके, यह रिस्की है. यह वाकई रिस्की है.' इस जवाब को सुनकर वहां मौजूद छात्राएं और सहज हो गईं और बातचीत जारी रही. इस बातचीत का वीडियो राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो अब काफी वायरल हो रहा है.
'Gen-Z महिलाएं करेंगी देश का नेतृत्व'
इस दौरान राहुल गांधी ने छात्राओं के कई सवालों के जवाब दिए. उन्होंने कहा कि ‘Gen-Z' महिलाएं देश का नेतृत्व करेंगी और उनके लिए हर दरवाजा खोलना सभी का कर्तव्य है. हमारे देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है.
कांग्रेस नेता ने महिलाओं को सशक्त बनाने के पक्ष में अपना झुकाव व्यक्त करते हुए कहा कि वे पुरुषों से अधिक प्रभावी होती हैं. उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की उनके संबंधित राज्यों में निभाई गई भूमिका की सराहना की. महिला आरक्षण संशोधन संबंधी विधेयक पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा इसके जरिए परिसीमन कराना चाहती है, जिससे ‘दक्षिण और उत्तर के बीच युद्ध' छिड़ सकता है.
जब राहुल गांधी से पूछा गया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह क्या करेंगे, तो गांधी ने कहा, 'राजनीतिक भागीदारी, कॉर्पोरेट जगत में भागीदारी, भारत की संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी. इन सभी संरचनाओं में महिलाओं को अनिवार्य रूप से शामिल करना.' जब उनसे पूछा गया कि राजनीतिक दल महिलाओं को सशक्त बनाने को प्रतीकात्मक क्यों मानते हैं, तो उन्होंने कहा, ‘यह सच है, लेकिन हमारी पार्टी ऐसा कम करती है.
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव में क्यों बदले ममता बनर्ती को लेकर राहुल गांधी के सुर, क्या है कांग्रेस की रणनीति?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं