झारखंड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में रामनवमी के पवित्र जुलूस पर अचानक पथराव हो गया. हमले में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.जानकारी के अनुसार. बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में निकले अखाड़ा जुलूस पर अचानक पथराव शुरू हो गया. महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए. घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है.प्रशासन ने तुरंत सख्त एक्शन लिया.
उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा- एएसपी
भिखराजपुर इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है और धारा 163 CrPC लागू कर दी गई है, जो आगे के आदेश तक प्रभावी रहेगी. सिटी SP ऋत्विक श्रीवास्तव मौके पर हैं और SSP प्रभात कुमार ने साफ चेतावनी दी कि उपद्रवियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
क्या गौमांस कांड का कनेक्शन?
धनबाद सांसद ने कहा कि पांच दिन पहले सिंदरी विधानसभा के पूर्व विधायक इंदरजीत महतो के रिलेटिव के बागान में गौमांस मिलने की घटना के बाद इलाके का माहौल पहले से बिगड़ा हुआ था. पुलिस ने तब मामला शांत कर दिया था, लेकिन रामनवमी जुलूस पर अचानक हमला हो गया. पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है. कई उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है.
फिलहाल स्थिति काबू में
अब तक 50 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. महिलाओं ने भी पथराव किया था. डीसी और SSP समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है. पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शांति बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली मेट्रो में लगेगा 5000 रुपये तक जुर्माना, फर्श पर बैठने से लेकर कोच में घुसने तक होगा सख्त एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं