विज्ञापन
This Article is From Jan 04, 2025

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 4 सैनिकों की मौत, दो घायल

जम्‍मू कश्‍मीर के बांदीपोरा जिले में सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिर गया. हादसे में चार सैनिकों की मौत हो गई और दो सैनिक घायल बताए जा रहे हैं.

जम्‍मू-कश्‍मीर के बांदीपोरा में सेना के वाहन के खाई में गिरने से चार सैनिकों की मौत हो गई.
बांदीपोरा:

जम्‍मू-कश्‍मीर (Jammu-Kashmir) के बांदीपोरा जिले में एक सड़क दुर्घटना में सेना के चार जवानों की मौत हो गई. साथ ही इस हादसे में दो सैनिक घायल भी हुए हैं. यह दुर्घटना शनिवार को एसके पाईन इलाके में वूलर व्‍यू प्‍वाइंट के नजदीक हुई. सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा. दुर्घटना के बाद घायलों को तुरंत स्‍थानीय अस्‍पताल ले जाया गया और बाद में श्रीनगर रैफर कर दिया गया. हादसे में घायल जवानों की हालत भी गंभीर बनी हुई है. सेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बांदीपोरा जिले में ड्यूटी करते समय भारतीय सेना का एक वाहन खराब मौसम और खराब दृश्यता के कारण फिसलकर खाई में गिर गया. 

जम्‍मू-कश्‍मीर में जगह-जगह पर बर्फबारी के कारण रास्‍ते काफी फिसलन भरे हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक, सेना का वाहन फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा. इस वाहन में कुल छह सैनिक सवार थे. इनमें से चार की मौत हो गई है. वहीं दो की हालत भी गंभीर बताई जा रही है. 

शोक संतप्‍त परिवारों के प्रति व्‍यक्‍त की संवेदना

सेना की चिनार कोर ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि बांदीपोरा जिले में दायित्व निर्वहन के समय खराब मौसम और कम दृश्यता की स्थिति के कारण भारतीय सेना का एक वाहन फिसलकर खाई में गिर गया. 

साथ ही कहा, ‘‘घायल सैनिकों को स्थानीय कश्मीरी लोगों की सहायता से चिकित्सा देखभाल के लिए तुरंत बाहर निकाला गया. हम तत्काल सहायता प्रदान करने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं.'' साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों के शोक संतप्‍त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्‍यक्‍त की है. 

सेना की ओर से दुर्घटना में पहले तीन सैनिकों की मौत की पुष्टि की गई थी. हालांकि इसके कुछ वक्‍त सेना ने एक और सैनिक के जान गंवाने की पुष्टि की. 

घायलों को श्रीनगर किया रैफर

बांदीपोरा जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक मसर्रत इकबाल वानी ने दुर्घटना के बाद बताया कि घायलों को उपचार के लिए श्रीनगर रैफर किया गया है. उन्‍होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर एम्‍बुलेंस भेजी गई. 

हादसे के बाद घायल सैनिकों को तुरंत एक स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया और बाद में बेहतर चिकित्सा उपचार के लिए श्रीनगर स्थित अस्‍पताल में रैफर किया गया. 

दो घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल दो सैनिकों की हालत भी गंभीर बनी हुई है. खाई में गिरने के कारण सेना का वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो गया. 

घटना की सूचना मिलने के बाद सेना और पुलिस मौके पर पहुंची. तुरंत मौके पर रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन शुरू किया गया. स्‍थानीय कश्‍मीरियों के सहयोग से घायल जवानों को खाई से बाहर निकाला गया और एम्‍बुलेंस के जरिए स्‍थानीय अस्‍पताल पहुंचाया गया. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu-Kashmir, Bandipora Accident, Army Vehicle Plunges Into Deep Gorge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com