विज्ञापन
This Article is From May 03, 2020

नौसेना और तटरक्षक बल ने कोरोना से लड़ाई लड़ रहे योद्धाओं को इस अंदाज में किया सलाम...

कोरोना से लड़ाई लड़ रहे योद्धाओं को भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने अलग अंदाज में सलाम किया.

नौसेना और तटरक्षक बल ने कोरोना से लड़ाई लड़ रहे योद्धाओं को इस अंदाज में किया सलाम...
भारतीय नौसेना ने अलग अंदाज में दी कोरोना वॉरियर्स को सलामी.

कोरोना से लड़ाई लड़ रहे योद्धाओं को भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने अलग अंदाज में सलाम किया. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में तैनात भारतीय तटरक्षक बल के जहाज ने चिकित्सा पेशेवरों और कोरोनोवायरस महामारी से लड़ने में शामिल अन्य लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए आज शाम अपने जहाजों पर स्थापित सेरेमोनियल लाइट्स को जलाकार कोरोना वॉरियर्स के हौसले को सलाम किया. इससे पहले दिन में भारतीय वायुसेना और नौसेना के विमानों ने अस्पतालों और राष्ट्रीय महत्व के स्थानों पर फूलों की बारिश की थी.

 
दक्षिणी नौसेना कमान के जहाजों को केरल में एर्नाकुलम चैनल में भी सेरेमोनियल लाइट्स जलाकार कोरोना वॉरियर्स के हौसले को सलाम करते देखा गया. उधर, भारत के विमानवाहक पोत INS विक्रमादित्य के डेक पर हरे रंग का बॉक्सिंग दस्ताने का प्रतीक लाल रोशनी के एक घेरे पर मुक्का मारता हुआ दिखाई देता है, जिसे कोरोनावायरस की तरह बनाया गया है. भारतीय नौसेना ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.

नौसेना के युद्धपोतों से रविवार शाम को कोरोना योद्धाओं के सम्‍मान में आतिशबाजी का अभूतपूर्व नजारा भी देखने को मिला.


 बता दें कि इससे पहले दिन में कोरोनावायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ जंग लड़ रहे लाखों चिकित्सकों, पराचिकित्सकों, सफाईकर्मी और अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने की राष्ट्रव्यापी कवायद के तहत भारतीय वायुसेना के विमानों ने देश के बड़े शहरों और नगरों के ऊपर भव्य फ्लाई पास्ट किया. वहीं, सैन्य हेलीकॉप्टरों ने देशभर के प्रमुख अस्पतालों पर आकाश से पुष्प-वर्षा की. सैन्य विमानों के एक बेड़े में शामिल सुखोई-30 एमकेआई, मिग-29 और जगुआर ने दिल्ली के राजपथ के ऊपर उड़ान भरी और फिर सुबह करीब 11 बजे से अगले 30 मिनट तक शहर के ऊपर चक्कर लगाया.

मुख्य परिवहन विमान सी-130 ने भी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अलग से फ्लाई पास्ट किया. हवाई सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विमान ने करीब 500 से 1,000 मीटर तक की ऊंचाई पर ही उड़ान भरी. अधिकारियों ने कहा कि धन्यवाद ज्ञापित करने की गतिविधियां राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लागू कराने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के सम्मान में दिल्ली में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पुष्पांजलि के साथ शुरू की गईं. सेना के एक हेलीकॉप्टर ने स्मारक पर फूलों की पंखुड़ियां भी बरसाईं.

उन्होंने बताया कि दिल्ली के अलावा, भारतीय वायुसेना ने मुंबई, जयपुर, अहमदाबाद, गुवाहाटी, पटना, लखनऊ, श्रीनगर, चंडीगढ़, भोपाल, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोयंबटूर और तिरुवनंतपुरम समेत कई अन्य शहरों के ऊपर भी फ्लाई पास्ट किया.
भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसेना के कई हेलीकॉप्टरों ने दिल्ली, शिलांग, गुवाहाटी और मुंबई समेत देश के अन्य हिस्सों में कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज कर रहे अस्पतालों के ऊपर उड़ान भरी और कोरोना योद्धाओं को श्रद्धांजलि देने के लिए पुष्प बरसाए. थलसेना के बैंडों ने भी प्रमुख अस्पतालों के बाहर प्रस्तुति दी.

बता दें सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि सेना के तीनों अंग 'कोरोना योद्धाओं' का धन्यवाद करने के लिए कई गतिविधियों को अंजाम देंगे. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Navy, Coast Guard, Ceremonial Lights, Corona Voriours, Coronavirus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com