- दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की महारैली के लिए भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हैं
- रामलीला मैदान के आसपास के बड़े बाजारों में राजनीतिक रैली के कारण रविवार को कारोबार लगभग ठप हो गया है
- कश्मीरी गेट के कार एसेसरीज बाजार में रैली के चलते व्यापार में पच्चीस प्रतिशत से अधिक गिरावट आई है
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज इंडिया ब्लॉक की वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली का शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है. रैली के लिए बीती रात से ही हजारों कार्यकर्ता जुटने लगे हैं और सुबह होते-होते भीड़ बढ़ती जा रही है. लेकिन इस सियासी हलचल का सीधा असर रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले बड़े बाजारों पर पड़ा है. रामलीला मैदान के आसपास कश्मीरी गेट, मोरी गेट, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, अजमेरी गेट, दरियागंज, पहाड़गंज, कमला मार्केट, जामा मस्जिद, भागीरथ पैलेस, लाजपत राय मार्केट, किनारी बाजार, दरीबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, गफ्फार मार्केट जैसे बाजार आते हैं. इन बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानें हैं और आज रविवार का दिन होने से यहां सामान्य तौर पर बड़ी ट्रेड होती है, लेकिन रैली की वजह से कारोबार ठप जैसा है.
एशिया के सबसे बड़े कार एक्सेसरीज बाजार में 25% गिरावट
ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक कश्मीरी गेट इलाके में एशिया के सबसे बड़े कार एसेसरीज और बॉडी पार्ट्स बाजार में बिजनेस घट गया है. दुकानदारों का कहना है कि ITO से कश्मीरी गेट आने वाली सड़क इंडिया ब्लॉक की रैली की वजह से प्रभावित हुई है. इससे पहले भी राजनीतिक प्रदर्शनों के दौरान आसपास के मेट्रो स्टेशन बंद किए गए और पुलिस ने बैरिकेडिंग की. इसकी वजह से दिल्ली और बाहरी इलाकों से जो छोटे खरीदार इस बाजार में आते थे, वह अब 25% से ज्यादा कम आ रहे हैं. धनतेरस आने वाला है और इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग नई गाड़ियां खरीदते हैं, लेकिन इस बार राजनीतिक प्रदर्शनों का साया बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है. कई दुकानदारों ने आज दुकान नहीं खोली है. यहां काम करने वाले वर्करों का कहना है कि उनकी कमाई 1000-1200 रुपये से घटकर 200-300 रुपये रह गई है क्योंकि बिजनेस का वॉल्यूम घट गया है.
दरियागंज में फुटपाथ की किताबों के बाजार में सन्नाटा
आईटीओ से रामलीला मैदान जाने वाली एक महत्वपूर्ण सड़क को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया है. इसकी वजह से आसपास की दुकानों में व्यापारियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है. दरियागंज मार्केट में हर रविवार को फुटपाथ पर किताबों का बड़ा बाजार लगता है, जहां हजारों लोग पहुंचते हैं, लेकिन आज फुटपाथ पर भीड़ नहीं दिखाई दे रही है. कई दुकानदारों ने आज दुकान नहीं खोली है. दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों से सेंट्रल दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों की वजह से उनका बिजनेस लगातार प्रभावित हो रहा है.
ये भी पढ़ें:- रैली से पैनिक, ढाई लाख दुकानें ही बंद तो कोई खरीदारी कैसे करेगा, CTI का राहुल गांधी को नया लेटर
रैली में कौन-कौन बोलेगा?
इंडिया गठबंधन के वक्ताओं की लिस्ट सामने आ गई है. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे मुख्य वक्ता होंगे. इनके अलावा हेमंत सोरेन, उमर अब्दुल्ला, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, महबूबा मुफ्ती, तेजस्वी यादव भी बोलेंगे. कांग्रेस से राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, TMC से ममता बनर्जी, JMM से हेमंत सोरेन, नेशनल कॉन्फ्रेंस से उमर अब्दुल्ला, सपा से अखिलेश यादव, राजद से तेजस्वी यादव, CPI से डी राजा, CPM से एम ए बेबी, CPI-ML से दीपांकर भट्टाचार्य, NCP-SP से सुप्रिया सुले जो कल जन महाभियोग में नहीं थीं, आज मंच पर रहेंगी. करीब 20 पार्टियों का रिप्रेजेंटेशन होगा.
ये भी पढ़ें:- 'प्रोटेस्ट कीजिए, साथ में शॉपिंग भी', व्यापारियों के विरोध के बीच राहुल गांधी की रैली में आने वालों से अपील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं