विज्ञापन

आग फेंकेगा आसमान... 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, UP-दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट

IMD ने 23 अप्रैल को देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है. दिल्ली-एनसीआर में तापमान 41-43°C तक रहने का अनुमान है. लू का येलो अलर्ट जारी किया गया. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में लू का प्रकोप, कुछ जगह तापमान 45°C तक पहुंचने के आसार हैं.

आग फेंकेगा आसमान... 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, UP-दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट
नई दिल्ली:

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 23 अप्रैल के लिए देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है. राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आसमान साफ रहने और तेज धूप खिली रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. भीषण गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली में बढ़ेगी उमस

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं , लेकिन इससे गर्मी से खास राहत नहीं मिलेगी. अगले दो दिन तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है और शुक्रवार तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और कोंकण-गोवा के कई इलाकों में रातें भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

बंगाल में चलेगी लू

IMD के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में उष्ण लहर का दौर जारी रह सकता है. चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में 23 से 25 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है. दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा, जबकि उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

UP में 45 तक पारा पहुंचने का अनुमान

उत्तर प्रदेश में भी हालात गंभीर बने हुए हैं. IMD के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और कई जिलों में लू चल सकती है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा, अलीगढ़ और मेरठ मंडलों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. बुंदेलखंड और पूर्वांचल के बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया जैसे जिलों में तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने के आसार हैं.

यह भी पढ़ें- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे ही नहीं, भारत की इन 'वर्ल्ड क्लास' सड़कों पर भी गरज सकते हैं फाइटर जेट, जानें कहां-कहां हैं

पटना में 45 पार जाएगा तापमान

बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है. पटना में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. राजस्थान में कई स्थानों पर पारा 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है, जबकि हरियाणा और पंजाब में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है.

हालांकि, पहाड़ी इलाकों के लिए राहत की खबर है. IMD के अनुसार गुरुवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे मौसम सुहावना रह सकता है.

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हीटवेव से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com