- महाराष्ट्र में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है जिससे 7 लोगों की मौत हो चुकी है
- दिल्ली में पारा 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है और मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है
- महाराष्ट्र के कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग कम की गई है, अस्पतालों में हीटस्ट्रोक वॉर्ड तैयार किए जा रहे हैं
आसमान अब आग उगलने लगा है. तापमान इतना बढ़ गया है कि अब एसी और कूलर से भी राहत नहीं मिल पा रही है. महाराष्ट्र के विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. आलम यह है कि यहां 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 31 लोग बीमार हैं. हीटस्ट्रोक को इसकी वजह माना जा रहा है. प्रशासन ने हीट एक्शन प्लान लागू कर दिया है.
सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश के बाकी हिस्सों में भी यही हाल है. दिल्ली में पारा 44 डिग्री के पार जाने का अनुमान है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी कर दिया है. ओडिशा में भी 14 जगह पारा 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया.
बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग बदली जा रही है. अस्पतालों में स्पेशल वॉर्ड तैयार किए जा रहे हैं.
महाराष्ट्र में 7 संदिग्ध मौतें
- वाशिम : डोंगरकीन्ही गांव के 25 वर्षीय युवक गोपाल ठाकरे की शनिवार को मौत हो गई. गोपाल 43 डिग्री तापमान में अपने खेत में हल्दी प्रोसेसिंग का काम कर रहे थे, तभी उमस और लू के कारण वे खेत में ही गिर पड़े. अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
- लातूर : औराद शहाजानी के 60 वर्षीय किसान लक्ष्मण भंडारे सोमवार दोपहर खेत में काम करते समय चक्कर आने से गिर पड़े. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं. उनके पीछे पत्नी और छह बच्चों का परिवार है.
- अहिल्यानगर : पारनेर के मालवाड़ी में 45 वर्षीय महिला किसान हर्षदा चौधरी की खेत में चारा काटते समय लू लगने से मौत हो गई. धूप का असर इतना घातक था कि उन्हें डॉक्टरी मदद मिलने का समय भी नहीं मिला. इसी जिले के श्रीगोंदा में एक अन्य 45 वर्षीय किसान की भी मौत हुई है.
- अकोला : अकोला के पुराने शहर थाना क्षेत्र में एक ऑटो ड्राइवर अपने वाहन में ही मृत अवस्था में पाया गया. प्राथमिक अंदेशा यही है कि भीषण लू के कारण उसकी जान गई है.
- जलगांव : पालधी के 38 वर्षीय जितेंद्र पाटिल की काम के दौरान तबीयत बिगड़ी, सिरदर्द और चक्कर आने के बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
- सोलापुर: मोहोल में 67 वर्षीय किसान की खेत में काम करते समय पसीना और घबराहट की शिकायत के बाद मौत हो गई.
यह भी पढ़ेंः हर 4 में से 3 भारतीय पर भयंकर गर्मी का खतरा, हर साल सैकड़ों मौतें... 'साइलेंट किलर' बन रहा बढ़ता तापमान?

महाराष्ट्र के 15 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
महाराष्ट्र के लगभग 15 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है. अकोला देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है, जहां तापमान 45 डिग्री को पार कर गया है. अमरावती में तापमान 43.4 डिग्री तक पहुंच चुका है. जलगांव, नागपुर और परभणी में पारा 42 डिग्री से 44 डिग्री के बीच झुलसा रहा है. मुंबई और कोंकण में भी तापमान के साथ भारी उमस ने हालात बिगाड़ दिए हैं.
बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य के अलग अलग जिला प्रशासन ने कड़े आदेश जारी किए हैं. अमरावती में 21 से 30 अप्रैल तक स्कूल और आंगनवाड़ी केवल सुबह 7 से 10 बजे तक ही खुलेंगे. नागपुर में स्कूल केवल सुबह 10:30 बजे तक चलेंगे. अभिभावकों की चिंता है कि 11 बजे तक घर पहुंचने में भी बच्चों को लू लग सकती है. अकोला में कोचिंग क्लास और कॉलेज 11 बजे के बाद बंद रखने के आदेश हैं. विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में ठंडे पानी और पंखों की अनिवार्य व्यवस्था करने को कहा गया है.

बढ़ते तापमान के बीच अब सरकार ने भी तैयारी शुरू कर दी है. अकोला जिला अस्पताल में 14 बेड का स्पेशल हीटस्ट्रोक रूम तैयार है. जलगांव और परभणी के ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में भी हीटस्ट्रोक वॉर्ड शुरू किए गए हैं. अकोला में दोपहर 12 से 5 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने की विनती की गई है ताकि लोग धूप में न फंसे रहें.
पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हीटस्ट्रोक को प्राकृतिक आपदा यानी नेचुरल कैलामिटी की श्रेणी में शामिल करने की मांग की है. उन्होंने जोर दिया है कि सरकार अपने विशेष कोष से मृतकों के परिजनों को तत्काल 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करे.
यह भी पढ़ेंः गर्मी में पानी पीकर भी नहीं बुझती प्यास? ये Hidden Reason कर रहा है आपकी Body को कंफ्यूज
कहां-कहां पर हीटवेव का अलर्ट?
मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब के कुछ इलाकों में 21 से 24 अप्रैल तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 से 25 अप्रैल तक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और सिक्किम 21 से 25 अप्रैल तक, ओडिशा और झारखंड में 23 से 25 अप्रैल तक, गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल और बिहार में 21 और 22 अप्रैल तक तथा विदर्भ में 24 से 26 अप्रैल तक हीटवेव चलने की संभावना है.
गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल में 21 से 26 अप्रैल, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यमन में 21 से 25 अप्रैल, कोंकण और गोवा में 23 और 24 अप्रैल, गुजरात के तटीय क्षेत्रों में 24 और 25 अप्रैल को, और केरल और माहे में 21 से 24 अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने के आसार हैं.

दिल्ली में बुधवार से शुक्रवार तक लू चलने की संभावना है. इसके साथ ही दिल्ली के कई हिस्सों में पारा बढ़कर लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है. इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है. आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, ऐसे में लोगों को इस मौसम में लू की पहली लहर का सामना करना पड़ सकता है.
राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी है और ज्यादातर जगह अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा. 23 अप्रैल से राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, भरतपुर व धौलपुर सहित कई जिलों में हीटवेव चलने का 'येलो अलर्ट' है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं