उत्तर प्रदेश के गोंडा में पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने अयोध्या के राम मंदिर दान पात्र में कथित घपले पर हैरान कर देने वाला बयान दिया है. बृजभूषण सिंह ने कहा कि अगर उन्होंने इस मुद्दे पर सच बोले दिया, तो वह बहुत बड़ी परेशानी में फंस जाएंगे. इस मुद्दे से बहुत बड़े-बड़े लोग जुड़े हुए हैं. बता दें कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में करोड़ों रुपये के गबन के आरोप लगाया है. हालांकि, केंद्र सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
मुझ में सत्य बोलने की हिम्मत नहीं: बृजभूषण सिंह
बृजभूषण सिंह ने राम मंदिर दान पात्र में कथित घपले पर कहा, 'मैं बहुत कमजोर आदमी हूं. इस मुद्दे पर मैं सत्य बोल दूंगा, तो बहुत परेशानी में आ जाऊंगा. वे बहुत बड़े लोग हैं... फिलहाल इस मुद्दे पर सत्य बोलने की हिम्मत मेरे अंदर नहीं है. लेकिन जब समय आएगा, तो इस मुद्दे पर जरूर बोलूंगा.'
बृजभूषण शरण सिंह उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से बीजेपी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष हैं. छह बार सांसद रहे बृजभूषण सिंह का ये बयान काफी हैरान करने वाला है.
CBI करे मामले की जांच: BJP प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह
अयोध्या के राम मंदिर दान पात्र में घपले पर अब कुछ बीजेपी नेता भी जांच कराए जाने की मांग कर रहे हैं. बीजेपी नेता और पार्टी प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह ने मंगलवार को राम जन्मभूमि मंदिर को मिले दान में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष, उच्च-स्तरीय केंद्रीय जांच की मांग की. सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजे पत्र में मांग की कि इस मामले की जांच सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय या किसी अन्य सक्षम केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए. उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जांच के नतीजों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि मंदिर ट्रस्ट में श्रद्धालुओं का भरोसा बना रहे.
अगर दान के पैसे के गलत इस्तेमाल हुआ, तो...
रजनीश सिंह ने कहा, 'राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था, भक्ति और विश्वास का केंद्र है। देश-विदेश से श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार दान देते हैं. अगर दान के पैसे के गलत इस्तेमाल, हेराफेरी या वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल एक आर्थिक अपराध होगा, बल्कि लाखों राम भक्तों की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी चोट पहुंचाएगा. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बहुत ज़रूरी है.'
इसे भी पढ़ें :- जानें अयोध्या राम मंदिर में कितना आता है चढ़ावा, जिस पर अखिलेश के आरोप के बाद हो रहा है बवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं